Exercise Before Bed: ज्यादातर लोग एक्सरसाइज के लिए सुबह का समय चुनते हैं। लेकिन मेरी तरह कई ऐसे भी लोग हैं जिन्हें अपनी सुबह की नींद प्यारी होती है और वह सुबह उठकर एक्सरसाइज नहीं करना चाहते। ऐसे में कुछ लोग अपनी सहूलियत के अनुसार शाम को या रात को एक्सरसाइज कर लेते हैं। आजकल की व्यस्त लाइफस्टाइल में लोगों के पास फिटनेस का ख्याल रखने का समय ही नहीं है। इसलिए शरीर बीमारियों का घर बनता जा रहा है। इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए अब कई जिम 12 घंटे खुले रहते हैं ताकि व्यक्ति किसी भी समय एक्सरसाइज कर सके। लेकिन ऐसा कहा जाता है कि रात को एक्सरसाइज करने से नींद प्रभावित होती है और अनिद्रा की समस्या होने लगती है। इस बात का पता लगाने के लिए हमने एक्सपर्ट से बात की और आपको जवाब आगे विस्तार से मिलेगा। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के रवींद्र योगा क्लीनिक की योगा एक्सपर्ट डॉ प्रिया श्रीवास्तव से बात की।
सोने से पहले एक्सरसाइज करने से नींद प्रभावित होती है?- Does Exercising At Night Affect Sleep
डॉ प्रिया श्रीवास्तव ने बताया कि सोने से ठीक पहले एक्सरसाइज करना अच्छी आदत नहीं है। ऐसा इसलिए क्योंकि एक्सरसाइज के बाद ब्रेन एक्टिव हो जाता है और उसे शांत करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर आप एक्सरसाइज के तुरंत बाद सोने की कोशिश करेंगे, तो नींद नहीं आएगी। एक्सरसाइज करने से शारीरिक कार्यक्षमता बढ़ती है, तनाव कम होता है और मानसिक स्थिति को सुधारने में मदद कर सकता है, जो नींद की गुणवत्ता को प्रभावित कर सकता है। आप सोने से 1 से 2 घंटे पहले वॉक कर सकते हैं। लेकिन रात को हाई इंटेंस वर्कआउट करने से बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- सुकून भरी नींद के लिए अपनाएं ये आयुर्वेदिक पद्धति, दिनभर रहेंगे फ्रेश और एक्टिव
एक्सरसाइज करने का सबसे अच्छा समय क्या है?- Best Time For Exercise
डॉ प्रिया श्रीवास्तव ने बताया कि एक्सरसाइज करने के लिए सबसे अच्छा समय क्या रहेगा, यह आपके शेड्यूल पर निर्भर करता है। अगर आप रात को देर से काम खत्म करके सोते हैं, तो आपके लिए सुबह एक्सरसाइज करना बिल्कुल सही नहीं है। नींद पूरी किए बगैर एक्सरसाइज करेंगे, तो थकान महसूस होगी और ज्यादा देर एक्सरसाइज नहीं कर पाएंगे। लेकिन एक्सरसाइज न करना, सेहत के लिए उससे भी ज्यादा हानिकारक साबित होगा। ऐसे में आप शाम को एक्सरसाइज कर सकते हैं। शाम को एक्सरसाइज करने से स्ट्रेस कम होता है और रात को अच्छी नींद आती है। लेकिन सोने से 4 से 5 घंटे पहले वर्कआउट खत्म कर लें।
सुबह एक्सरसाइज करने के फायदे- Morning Exercise Benefits
डॉ प्रिया श्रीवास्तव ने बताया कि अगर आप समय पर सोते हैं और नींद पूरी करके उठते हैं, तो एक्सरसाइज करने के लिए सुबह का समय बेस्ट है। सुबह एक्सरसाइज करने से मेटाबॉलिज्म मजबूत होता है और शरीर को पूरे दिन के लिए एनर्जी मिलती है। सुबह एक्सरसाइज करने से माइंड फ्रेश रहता है और आपको थकान या चिड़चिड़ापन महसूस नहीं होता। सुबह एक्सरसाइज करने से डाइजेशन को भी बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।