एक महिला के लिए प्रेग्नेंसी के दौरान के 9 महीने बेहद खुशी के होते हैं और इस दौरान महिला अपना सबसे ज्यादा ख्याल रखती है, जिससे कि बच्चे को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाएं आयरन और कैल्शियम के सप्लीमेंट्स भी लेती हैं, जिससे की भ्रूण का विकास अच्छा हो और महिला का स्वास्थ्य भी बेहतर रहे लेकिन जैसे ही नवजात का जन्म होता है तो ज्यादातर महिलाएं आयरन और कैल्शियम के सप्लीमेंट्स लेना बंद कर देती हैं। ये एक ऐसी गलती है जिसका बुरा असर महिला के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। दरअसल, न्यू मॉम्स के लिए बच्चे के जन्म के बाद का समय ज्यादा जरूरी होता है, इस दौरान न केवल नवजात शिशु की देखभाल महिला को करनी होती है, बल्कि उनके शरीर की रिकवरी भी हो रही होती है। ऐसे में आयरन और कैल्शियम के सप्लेमेंट्स लेना महिला के लिए जरूरी है। इस बारे में डॉ. प्रियंका सहरावत (एम्स दिल्ली, डीएम न्यूरोलॉजी) ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर महत्वपूर्ण जानकारी शेयर की है।
क्या डिलीवरी के बाद आयरन और कैल्शियम लेना जरूरी है?
डॉक्टर ने बताया कि अक्सर महिलाएं नवजात के जन्म के बाद आयरन और कैल्शियम के सप्लीमेंट्स लेना बंद कर देती हैं। महिलाओं को लगता है कि अगर वह नवजात को ब्रेस्टफीडिंग करवाती हैं तो आयरन और कैल्शियम के सप्लीमेंट्स का बच्चे पर बुरा असर हो सकता है। इस बात को गलत बताते हुए डॉक्टर ने कहा कि कुछ महिलाएं सोचती हैं कि प्रसव के बाद उन्हें सप्लीमेंट्स की जरूरत नहीं है, जबकि यह एक मिथक है। कैल्शियम और आयरन के सप्लीमेंट्स अगर मां लेती है तो इसका किसी भी तरह का बुरा असर नवजात पर नहीं होता है। ऐसे में महिलाओं को नवजात के जन्म के बाद भी लगातार कैल्शियम और आयरन के सप्लीमेंट्स का सेवन करते रहना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: ब्रेस्ट मिल्क प्रोडक्शन को कम करते हैं ये 11 फूड आइटम, न्यू मॉम आज ही बनाएं दूरी
डॉक्टर ने बताया कि जितना प्रेग्नेंसी के दौरान शरीर के लिए कैल्शियम और आयरन के सप्लीमेंट्स जरूरी होते हैं, उतने ही डिलीवरी के बाद भी जरूरी हैं। डॉक्टर ने सलाह दी है कि जो महिलाएं अपने बच्चे को ब्रेस्टफीडिंग करवाती हैं उन्हें लगातार इस दौरान कैल्शियम और आयरन के सप्लीमेंट्स लेते रहने चाहिए। डॉक्टर ने बताया अक्सर महिलाएं डिलीवरी के बाद पीठ में दर्द और साइटिका की शिकायत करती हैं तो ऐसी समस्याएं शरीर में आयरन और कैल्शियम के कारण ही होती है।
इसे भी पढ़ें: बिजी मॉम खुद को रिलैक्स करने के लिए घर पर ही करें ये 5 योगासन, रहेंगी फिट और हेल्दी
आयरन और कैल्शियम क्यों जरूरी हैं?
1. प्रसव के दौरान और बाद में खून की कमी को पूरा करने के लिए शरीर को आयरन की आवश्यकता होती है।
2. आयरन शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में सहायक होता है, जो ऑक्सीजन को संचारित करता है और ऊर्जा बढ़ाने में मदद करता है।
3. शरीर में आयरन की कमी से प्रतिरक्षा प्रणाली कमजोर हो जाती है, जिससे संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है।
4. कैल्शियम हड्डियों और दांतों को मजबूत बनाने में मदद करता है। खासकर प्रसव के बाद, शरीर को कैल्शियम की ज्यादा जरूरत होती है।
5. जो महिलाएं ब्रेस्ट फीडिंग करवाती हैं उन्हें कैल्शियम सप्लीमेंट्स जरूर लेने चाहिए, यह शिशु के लिए जरूरी हैं।
डिलीवरी के बाद आयरन और कैल्शियम सप्लीमेंट्स लेना न केवल आवश्यक है, बल्कि यह मां के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। अपनी और अपने बच्चे की देखभाल करने के लिए, न्यू मॉम्स को अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देनी चाहिए और सही पोषण युक्त भोजन करना चाहिए। अपने डॉक्टर से नियमित रूप से परामर्श करते रहें और आयरन और कैल्शियम सप्लीमेंट्स का सेवन जारी रखें।
View this post on Instagram
All Images Credit- Freepik