COVID-19 का कोहराम भारत समेत पूरी दुनिया में अभी जारी है। भारत में कोरोनावायरस के मामले एक लाख को पार कर गए। भारत में अब तक कोरोनावायरस के कारण संक्रमितों की संख्या 100161 पहुंच गई और 3,000 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। कोरोना संकट (Coronavirus) को लेकर देश में 55 दिन जारी लॉकडाउन (Lockdown) के बावजूद संक्रमितों का आंकड़ा थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस तरह से एक लाख केस पार करने वाला भारत विश्व का 11वां देश बन गया है। गौरतलब है कि केंद्र द्वारा 31 मई तक बढ़ाए जाने के बाद, कई राज्यों ने लॉकडाउन दिशानिर्देशों में ढील देने की घोषणा की और चिंता कि बात ये है कि कल ही 24 घंटे में अब तक के रिकॉर्ड मामले बढ़े।
WHO कोरोना वायरस के संबंध में स्वतंत्र मूल्यांकन के लिए तैयार
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) कोरोना वायरस के संबंध में स्वतंत्र मूल्यांकन शुरू करने के अधिकतर सदस्य देशों के आह्वान पर राजी हो गया है। बता दें कि इस महामारी को लेकर अमेरिका और चीन के बीच तनाव है, जो अब तक तीन लाख से अधिक लोगों की जान ले चुकी है और वैश्विक अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर चुकी है। अब जब विश्व स्वास्थ्य संगठन इसके लिए मान गया तो इस वायरस के फैलने की स्वतंत्र जांच हो पाएगी।
इसे भी पढ़ें : Covid-19 Pandemic: खान-पान को लेकर यूनिसेफ ने जारी की जरूरी गाइडलाइन्स, जानें क्या खाएं और कैसे खाएं
विश्व स्वास्थ्य सभा को स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने भी किया संबोधित
भारत ने सोमवार सुबह 5,242 नए कोरोनोवायरस मामलों की सबसे बड़ी बढ़त दर्ज की। वहीं 73 वें विश्व स्वास्थ्य सभा को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग द्वारा संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने अपने संबोधन में कहा कि भारत ने महामारी से लड़ने के लिए समय पर सभी आवश्यक कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि इस बीमारी से लड़ने के लिए वैश्विक सहयोग सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि भारत ने कोरोनावायरस को राजनीतिक प्रतिबद्धता के उच्चतम स्तर के साथ चुनौती दी है। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि इस बीमारी से पार पाने के लिए पूरी दुनिया को मिलकर इसका चिकित्सीय निदान और टीका बनाना ही होगा क्योंकि यही इस बीमारी से बचने का एकमात्र तरीका है। बता दें कि भारत सोमवार को विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के 120 देशों में शामिल होने के बाद कोरोनोवायरस संकट में वैश्विक प्रतिक्रिया के निष्पक्ष और व्यापक मूल्यांकन के साथ-साथ घातक संक्रमण की उत्पत्ति की जांच करने में लगा हुआ है।
भारत मे एक लाख की आबादी पर कोरोना के 7.1 मामले हैं जबकि विश्व स्तर पर प्रति लाख जनसंख्या पर भारत से लगभग आठ गुना कोरोना के मामले सामने आए हैं। विश्व स्तर पर प्रति लाख आबादी पर कोरोना के 60 मामले हैं जबकि भारत मे प्रति एक लाख आबादी के पीछे 7.1 मामले सामने आए हैं। सोमवार को शुरू हुए इस सत्र में विभिन्न देशों के सरकार प्रमुख, राष्ट्र प्रमुख और स्वास्थ्य मंत्री शामिल हो रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के महानिदेशक टेड्रोस ऐडरेनॉम गैबरेयेसस ने कहा कि कोरोना वायरस महामारी को लेकर सामने आई संयुक्त राष्ट्र स्वास्थ्य एजेंसी की प्रतिक्रिया के मद्देनजर वह एक स्वतंत्र आकलन शुरू करेंगे।
कोरोना वायरस के बारे में कितना जानते हैं आप? खेलें ये क्विज:
इसे भी पढ़ें :आधे से ज्यादा लोगों को नहीं पता कब और कहां पहनने चाहिए ग्लव्स! जानें कब , कहां और कहां नहीं पहनने चाहिए ग्लव्स
अन्य देशों का हाल
दुनिया में कोरोना के कुल मामले 50 लाख के करीब पहुंच चुके हैं। इनमें से 317792 लोगों की मौत हो चुकी है। दुनिया में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित देशों की सूची में अमेरिका पहले नंबर पर है। वहां कुल 15 लाख से अधिक लोग इसकी चपेट में आए हैं जिनमें से 91 हजार से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है। इस सूची में अब रूस दूसरे स्थान पर है। वहां 2 लाख 90 हजार से अधिक लोग कोरोना की चपेट में आए हैं जिनमें से 2722 की मौत हो चुकी है।
Read more articles on Health-News in Hindi