Can High Blood Pressure Cause Blurry Vision: समय के साथ लोगों की दिनचर्या में कई तरह के बदलाव देखने को मिले हैं। आज के समय में ज्यादातर काम कंप्यूटर से चुटकियों में हो जाता है। हर रोज लाइफ को आसान बनाने वाली चीजें बाजार में आ रही हैं। इससे हमारा समय तो काफी बच रहा है, लेकिन दूसरी ओर हम धीरे-धीरे आलसी भी बनते जा रहे हैं। यही कारण है कि आज शहर हो या गांव डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर के मरीजों की संख्या में तेजी से इजाफा हो रहा है। डॉक्टर्स की मानें तो हाई ब्लड प्रेशर की वजह से लोगों को कई अन्य स्वास्थ्य समस्याएं होने का जोखिम अधिक रहता है। हाई ब्लड प्रेशर में व्यक्ति को हार्ट बीट तेज होना, जी मिचलाना, घबराहट और चक्कर आने की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। इस लेख में आगे नारायणा अस्पताल के इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर गौरव जैन से जानते हैं कि क्या हाई ब्लड प्रेशर धुंधला दिखाई देने की वजह बन सकता है।
हाई ब्लड प्रेशर और धुंधला दिखाई देने के बीच क्या संबंध होता है? - Connection Between High Blood Pressure And Blurry Vision In Hindi
हाई ब्लड प्रेशर का असर केवल आपके हृदय पर ही नहीं होता, बल्कि यह आपकी आंखों की छोटी-छोटी नसों (रक्त वाहिकाओं) को भी प्रभावित कर सकता है। हाई ब्लड प्रेशर में आंखों में ब्लड सर्कुलेशन को नियंत्रित करने वाली नसें अत्यधिक दबाव के कारण डैमेज हो सकती हैं, जिससे आपका विजन खराब हो सकता है। साथ ही, आपको धुंधला दिखाई दे सकता है। कई बार यह समस्या कुछ समय के लिए होती है। वहीं, जब ब्लड प्रेशर नॉर्मल आता है तो व्यक्ति को दिखाई देने में किसी तरह से परेशानी नहीं होती है। लंबे समय तक हाइपरटेंशन (हाई ब्लड प्रेशर) होने से आंखों की बनावट में गंभीर समस्याएं हो सकती हैं, जिससे धुंधला दिखाई देना, कम दिखाई देना, या कुछ लोगों को पूरी तरह से दिखाई न देने की समस्या हो सकती है। हाई ब्लड प्रेशर की वजह से रेटिना की नसें प्रभावित होती हैं। इससे रेटिना की परत में सूजन हो सकती है। ऐसे में व्यक्ति को धुंधला दिखाई देता है।
हाई ब्लड प्रेशर की वजह से आंखों में होने वाली समस्याएं - Other Eye Problems Due To High Problems In Hindi
हाइपरटेंसिव रेटिनोपैथी (Hypertensive Retinopathy)
हाइपरटेंसिव रेटिनोपैथी में हाई ब्लड प्रेशर के कारण आंखों की ब्लड वैसल्स को नुकसान होता है। इस स्थिति में, रेटिना के रक्त प्रवाह में रुकावट पैदा होती है।
ऑप्टिक न्यूरोपैथी (Optic Neuropathy)
हाई ब्लड प्रेशर ऑप्टिक नर्वस को भी प्रभावित कर सकता है, जिससे ऑप्टिक न्यूरोपैथी हो सकती है। यह स्थिति तब होती है जब आंखों को ब्रेन से जोड़ने वाली ऑप्टिक नर्वस को पर्याप्त मात्रा में रक्त नहीं मिलता।
रक्त वाहिकाओं का लिकेज करना (Blood Vessel Leakage)
आंखों की छोटी रक्त वाहिकाएं हाई ब्लड प्रेशर के कारण लिकेज कर सकती हैं, जिससे रेटिना में रक्तस्राव हो सकता है। यह स्थिति रेटिना पर दबाव डाल सकती है।
इसे भी पढ़ें : हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने के लिए अपनाएं ये टिप्स, तुरंत मिलेगा आराम
Can High Blood Pressure Cause Blurry Vision: इन समस्याओं से बचने के लिए व्यक्ति को लाइफस्टाइल और डाइट में कई जरूरी बदलाव करने चाहिए। आप डॉक्टर की सलाह पर ये बदलाव कर सकते हैं। ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने के लिए योगा को लाइफस्टाइल में शामिल करें। इसके अलावा, आंखों से जुड़ी समस्या को नजरअंदाज न करें और तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।