गर्मियों में बढ़ते तापमान से राहत पाने के लिए लोग घरों में एयर कंडीशनर (AC) और कूलर आदि का उपयोग करते हैं। लेकिन, कुछ लोगों को एयर कंडीशनर की हवा में लंबे समय तक रहने से हाथ पैरों में दर्द की समस्या होने लगती है। इस तरह से कई लोग एयर कंडीशनर वाले रूम में बैठने से कतराते हैं। ऐसे में कई लोगों के मन प्रश्न उठता है, कि क्या एयर कंडीशनर की हवा पहले से जोड़ों की समस्या से ग्रसित लोगों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ठंडी हवा के चलते ब्लड सर्कुलेशन प्रभावित हो सकता है, जो कई लोगों में परेशानी का कारण बन सकता है। इस लेख में यशोदा अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉक्टर एपी सिंह से जानेंगे कि क्या एसी की ठंडी हवा वाकई में गठिया के मरीजों के लिए दर्द को बढ़ा सकती है और इस स्थिति से बचाव के लिए क्या उपाय किए जा सकते हैं।
एसी की ठंडी हवा गठिया को कैसे प्रभावित करती है? - How Does AC Cold Air Affect Arthritis In Hindi
ठंड के मौसम में ज्यादातर लोगों को जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या हो सकती है। यह दर्द गर्मी के मौसम या ज्यादा टेम्परेचर में कम होता है। कई गठिया के मरीज ठंडी हवाओं के कारण जोड़ों में दर्द, अकड़न और सूजन की समस्या महसूस कर सकते हैं। वैसे, यह प्रतिक्रिया हर व्यक्ति में अलग-अलग हो सकती है, लेकिन ठंडी हवा का जोड़ों पर प्रभाव हो सकता है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि एयर कंडीशनर की हवा केवल सीमित क्षेत्र में ठंडक करता है, जिससे कमरे का तापमान बहुत कम हो सकता है। यह ठंडक गठिया के मरीज के लिए कई तरह से नुकसानदायक हो सकती है।
जोड़ों की अकड़न
ठंडी हवाओं और सर्दी भरे माहौल में मांसपेशियां और टिश्यूज में कॉन्ट्रैक्शन होता है। इससे हाथ पैरों के जोड़ सख्त हो जाते हैं और उनमें लचीलापन कम हो जाता है। इसके कारण अकड़न बढ़ जाती है, जो दर्द की वजह बन सकती हैं।
ब्लड सर्कुलेशन में कमी
एयर कंडीशनर की ठंडी हवा शरीर के ब्लड सर्कुलेशन को धीमा कर सकती है, जिससे जोड़ों तक पर्याप्त ऑक्सीजन और पोषण नहीं पहुंच पाता। इससे सूजन और दर्द बढ़ सकता है।
नर्व सेंसिटिविटी
ज्यादा समय तक ठंडक भरे माहौल में रहने से नसों में संवेदनशीलता बढ़ सकती है। जिससे गठिया का दर्द और अधिक हो सकता है और यह दर्द जोड़ों में सूजन की वजह बन सकती है।
हड्डियों और मांसपेशियों में जकड़न
निरंतर ठंड में रहने से मांसपेशियां कठोर हो जाती हैं और हड्डियों में खिंचाव महसूस होने लगता है, जो गठिया को और तकलीफदेह बना सकता है।
गठिया के मरीजों को एयर कंडीशनर के इस्तेमाल में क्या सावधानियां बरतनी चाहिए? - What Precautions Should Arthritis Patients Take While Using Air Conditioners?
गठिया और जोड़ों के दर्द से परेशान लोगों को एयर कंडीशनर का इस्तेमाल करते समय कुछ सावधानियां बरतने की आवश्यकता हो सकती है। आगे जानते हैं गठिया के मरीजों को क्या सावधानी बरतनी चाहिए।
- एयर कंडीशनर की हवा सीधे शरीर या जोड़ों पर न पड़े। अपने शरीर को कंबल या हल्के कपड़ों से ढंककर रखें।
- एयर कंडीशनर का तापमान बहुत कम न रखें। 24–26 डिग्री सेल्सियस तक सीमित तापमान बेहतर माना जाता है।
- सुबह उठने पर या लंबे समय तक बैठने के बाद हल्के हाथ-पैर की स्ट्रेचिंग करें, ताकि जोड़ गर्म और लचीले बने रहें।
- सरसों, नारियल या अन्य औषधीय तेलों से जोड़ों की नियमित मालिश करने से जकड़न और दर्द में राहत मिलती है।
- समय-समय पर हल्के गर्म पानी से सेंक लेने से जोड़ों में राहत मिलती है।
- एयर कंडीशनर चलने पर शरीर में नमी की कमी हो सकती है, जिससे जोड़ों का लुब्रिकेशन कम हो सकता है। अधिक पानी पीकर इस कमी को दूर किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: AC में रहने से आंखों की सेहत को होता है नुकसान, डॉक्टर से जानें इसके बारे में
एयर कंडीशनर की ठंडी हवा गठिया के मरीजों के हाथ-पैरों में दर्द की समस्या को बढ़ा सकती है। खासकर अगर लंबे समय तक ठंडे वातावरण में शरीर को बिना सुरक्षा के रखा जाए, तो जोड़ों की अकड़न, दर्द और सूजन जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। गठिया के मरीजों को एयर कंडीशनर का उपयोग करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतनी चाहिए। तापमान संतुलित रखना, जोड़ों को ढककर रखना और नियमित व्यायाम व घरेलू उपायों को अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।
FAQ
जोड़ों में दर्द किसकी वजह से होता है?
गठिया, चोट, संक्रमण, टेंडोनाइटिस, बर्साइटिस, और ऑटोइम्यूनिटी विकार की वजह से व्यक्ति को जोड़ों में दर्द की समस्या हो सकती है।गठिया से बचने के लिए क्या करना चाहिए?
चलना, तैरना, साइकिल चलाना और स्ट्रेचिंग या योग करना आपके जोड़ों को सपोर्ट करते हैं और यह आपके पूरे शरीर की मांसपेशियों को मजबूत करने के बेहतरीन तरीके हैं।जोड़ों के दर्द को कम करने के लिए आप किस तरह का आहार ले सकते हैं?
जोड़ों के दर्द को दूर करने के लिए आप डाइट को पौष्टिक आहार को शामिल करें। ओमेगा-3, कैल्शियम और विटामिन डी से भरपूर खाद्य पदार्थों का सेवन कर हड्डियों को मजबूत बनाया जा सकता है।