Fennel Seeds And Cardamom Tea Benefits In Hindi: सौंफ और इलाइची भारतीय किचन का एक अहम हिस्सा हैं। ये दोनों ही चीजें सेहत के लिए भी बहुत फायदेमंद होती हैं। सौंफ और इलाइची, दोनों ही औषधीय गुणों से भरपूर होते हैं। सौंफ में विटामिन-ए, विटामिन-सी, कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस और पोटैशियम आदि पोषक तत्व पाए जाते हैं। वहीं, इलाइची में विटामिन-सी, आयरन, मैंगनीज, कैल्शियम, राइबोफ्लेविन, नियासिन, पोटैशियम और मैग्नीशियम जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। साथ ही, इसमें एंटी-बैक्टीरियल, एंटीऑक्सीडेंट, एंटीसेप्टिक और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भी पाए जाते हैं। वैसे तो इन दोनों का सेवन लोग कई तरीकों से करते हैं। लेकिन सौंफ और इलाइची की चाय पीना सेहत के लिए काफी लाभकारी हो सकता है। सुबह खाली पेट इसका सेवन करने से सेहत से जुड़ी कई समस्याएं दूर हो सकती हैं। यह चाय पाचन तंत्र को दुरुस्त करने से लेकर वजन घटाने तक में फायदेमंद साबित हो सकती है। तो आइए, इस लेख में मायहेल्थबडी की डाइटीशियन अंतरा देबनाथ से जानते हैं सुबह खाली पेट सौंफ और इलाइची की चाय पीने के फायदों (Saunf Elaichi Ki Chai Peene Ke Fayde) के बारे में -
खाली पेट सौंफ और इलाइची की चाय पीने के फायदे - Fennel Seeds And Cardamom Tea Benefits On Empty Stomach In Hindi
इम्यूनिटी मजबूत होती है
सुबह खाली पेट सौंफ और इलाइची की चाय पीने से इम्यूनिटी बूस्ट हो सकती है। दरअसल, इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करते हैं। नियमित रूप से इसका सेवन करने से आप कई तरह की मौसमी बीमारियों और संक्रमण की चपेट में आने से बच सकते हैं।
वजन घटाने में मददगार
अगर आप मोटापे से परेशान हैं और वजन घटाना चाहते हैं, तो सुबह खाली पेट सौंफ और इलाइची की चाय का सेवन कर सकते हैं। इसमें फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं, जो शरीर में जमा एक्स्ट्रा फैट को कम करने में मदद करते हैं। इसके नियमित सेवन से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है, जिससे वजन कंट्रोल करने में लाभ होता है।
पाचन क्रिया को बेहतर बनाए
सौंफ और इलाइची की चाय पीने से पाचन-तंत्र स्वस्थ रहता है और पेट से जुड़ी बीमारियों से बचाव हो सकता है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करता है। इसको पीने से बॉवेल मूवमेंट में भी सुधार होता है। रोज सुबह खाली पेट इस चाय को पीने से कब्ज, एसिडिटी और अपच जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: काली मिर्च की चाय पीने से सेहत को मिलेंगे ये 5 फायदे, जानें बनाने का तरीका
सूजन को कम करे
सौंफ और इलायची की चाय पीने से शरीर में सूजन की समस्या दूर हो सकती है। दरअसल, इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर में किसी भी प्रकार की सूजन को कम करने में मदद करते हैं। नियमित रूप से सुबह खाली पेट इस चाय का सेवन करने से अर्थराइटिस और जोड़ों में दर्द और सूजन की समस्या से राहत मिल सकती है।
अनियमित पीरियड्स की समस्या में फायदेमंद
सौंफ और इलायची की चाय का सेवन करने से महिलाओं में अनियमित पीरियड्स की समस्या को ठीक करने में मदद मिल सकती है। इसमें विटामिन, आयरन और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द को कम करने में सहायता करते हैं।
सौंफ और इलाइची की चाय कैसे बनाएं - Fennel Seeds And Cardamom Tea Recipe
सबसे पहले एक पैन में एक गिलास पानी डालकर गैस पर गर्म होने के लिए रख दें। अब इसमें 1 चम्मच सौंफ और 2-3 इलाइची डालकर उबाल लें। जब पानी उबल जाए, तो इसे कप में छान लें। अब आप इस चाय का सेवन कर सकते हैं। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद भी मिला सकते हैं। रोजाना सुबह खाली पेट इस चाय का सेवन करने से आपके शरीर को कई लाभ मिल सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: सौंफ और शहद को एक साथ खाने से दूर हो सकती हैं ये 5 समस्याएं, जानें सेवन का तरीका
सौंफ और इलाइची की चाय पीने से सेहत को कई लाभ मिल सकते हैं। हालांकि, अगर आप किसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।