Bael Powder Benefits In Hindi: गर्मी के मौसम में बेल का सेवन काफी फायदेमंद माना जाता है। इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह शरीर को ठंडक और ताजगी प्रदान करता है। गर्मियों में तपती धूप से घर वापस आने के बाद ठंडा-ठंडा बेल का शर्बत पीना लोगों को काफी अच्छा लगता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बेल के शर्बत के अलावा इसके पाउडर यानी चूर्ण का सेवन भी किया जा सकता है। बेल का चूर्ण पोषक तत्वों से भरपूर होता है। इसमें विटामिन-सी, फाइबर, प्रोटीन, कैल्शियम, फॉस्फोरस, आयरन, टैनिन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो सेहत को कई लाभ पहुंचाते हैं। बेल का चूर्ण खाने से पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने से लेकर वजन घटाने तक में मदद मिलती है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और कई गंभीर बीमारियों से बचाव हो सकता है। आज इस लेख में आयुर्वेदिक डॉक्टर रितु चड्ढा (BAMS) से जानेंगे कि बेल का चूर्ण खाने से क्या फायदे होते हैं और इसे कैसे खाना चाहिए -
बेल का चूर्ण खाने के फायदे - Bael Powder Benefits In Hindi
इम्यूनिटी मजबूत बनाए
बेल के चूर्ण का सेवन करने से शरीर का इम्यून सिस्टम मजबूत हो सकता है। दरअसल, इसमें विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो इम्यूनिटी यानी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने में मदद करते हैं। इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण भी मौजूद होते हैं, जो शरीर को संक्रमण से लड़ने में मदद करते हैं। इसके नियमित से आप कई तरह की गंभीर बीमारियों और संक्रमण से बच सकते हैं।
पाचन-तंत्र को दुरुस्त रखे
बेल के चूर्ण का सेवन करने से पाचन-तंत्र स्वस्थ रहता है और पेट से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिलता है। इसमें फाइबर प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो पाचन क्रिया को बेहतर बनाने का काम करता है। इससे पेट अच्छी तरह से साफ होता है और कब्ज से छुटकारा मिलता है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से एसिडिटी, गैस और अपच जैसी सस्याओं से भी राहत मिल सकती है।
शरीर को डिटॉक्स करे
बेल का चूर्ण बॉडी को डिटॉक्स करने का काम करता है। इसमें फाइटोन्यूट्रिएंट्स मौजूद होते हैं, जो शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। यह आंत में अच्छे बैक्टीरिया को बनाए रखने में भी मदद करता है। इसके नियमित सेवन से आंत, लिवर और किडनी की सफाई होती है, जिससे बॉडी ठीक तरह से फंक्शन कर पाती है।
इसे भी पढ़ें: मुलेठी पाउडर खाने से महिलाओं को मिलते हैं ये 5 फायदे, जानें सेवन का तरीका
डायबिटीज में लाभकारी
डायबिटीज रोगियों के लिए बेल के चूर्ण का सेवन काफी फायदेमंद हो सकता है। इसमें फाइबर मौजूद होता है, जो शरीर में अचानक इंसुलिन स्पाइक को रोकने में मदद करता है। इसके सेवन से ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखने में मदद मिलती है। साथ ही, यह वजन घटाने में भी मददगार साबित हो सकता है। अगर आपको डायबिटीज है, तो आप डॉक्टर की सलाह से इसका सेवन कर सकते हैं।
मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करे
वजन घटाने के लिए भी बेल का चूर्ण काफी मददगार साबित हो सकता है। यह मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है, जिससे वजन कम करने में फायदा होता है। यह शरीर की अतिरिक्त कैलोरी और फैट को बर्न करने में मदद करता है। अगर आप मोटापे से परेशान हैं और वजन घटाना चाहते हैं, तो इसका सेवन कर सकते हैं।
बेल का चूर्ण बनाने की विधि - How To Make Bael Powder
बेल का चूर्ण बनाने के लिए सबसे पहले इसका गूदा निकाल लें और उसे धूप में सुखा लें। जब यह अच्छी तरह से सूख जाए और सख्त हो जाए, तो इसे बारीक पीसकर छान लें। आपका बेल का चूर्ण तैयार है। इसे एक एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करके रख दें।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज रोगी इस तरह करें मोरिंगा पाउडर का प्रयोग, ब्लड शुगर कंट्रोल करने में मिलेगी मदद
बेल का चूर्ण का सेवन कैसे करें? - How To Use Bael Powder
आप सुबह खाली बेल के चूर्ण का सेवन कर सकते हैं। रोज इस चूर्ण का आधा या एक चम्मच गुनगुने पानी के साथ लें। आप चाहें तो इस पाउडर को पानी में उबालकर चाय के रूप में भी सेवन कर सकते हैं।
बेल का चूर्ण खाने से शरीर को कई फायदे मिल सकते हैं। हालांकि, अगर आप किसी गंभीर स्वास्थ्य समस्या से एलर्जी से जूझ रहे हैं, तो डॉक्टर की सलाह पर ही इसका सेवन करें।