Ayurvedic Remedies For Muscle Cramps In Hindi: मांसपेशियों में ऐंठन या मसल्स क्रैम्प एक सामान्य समस्या है। अक्सर बैठे-बैठे या रात में सोते समय पैरों और कमर की मांसपेशियों में ऐंठन आ जाती है। कुछ लोगों को पेट के निचले हिस्से, हाथ और पैरों के पंजों में भी क्रैम्प की समस्या हो जाती है। दरअसल, जब एक से अधिक मांसपेशियां आपस में अचानक से सिकुड़कर कठोर हो जाती हैं, तब मसल्स क्रैम्प की समस्या होती है। इस स्थिति में प्रभावित हिस्सा सख्त हो जाता है और तेज दर्द होने लगता है। आमतौर पर कुछ देर में यह दर्द अपने आप ठीक हो जाता है। लेकिन कई बार यह दर्द काफी समय के लिए रह सकता है। इसकी वजह से व्यक्ति को चलने-फिरने में भी दिक्क्त का सामना करना पड़ सकता है। आयुर्वेदिक चिकित्स्क डॉ रितु चड्ढा की मानें तो गलत पॉश्चर, अधिक देर तक एक्सरसाइज करने, नसों में दबाव या शरीर में पानी और पोषक तत्वों की कमी से भी यह समस्या हो सकती है। आयुर्वेद में मांसपेशियों की ऐंठन से राहत पाने के कई उपाय बताए गए हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही 5 उपायों के बारे में बता रहे हैं -
मांसपेशियों में ऐंठन को दूर करने के आयुर्वेदिक उपाय - Ayurvedic Remedies For Muscle Cramps In Hindi
तिल का तेल
मांसपेशियों की ऐंठन से राहत पाने के लिए तिल के तेल से प्रभावित हिस्से की मसाज करें। इससे ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है और मसल्स को आराम मिलता है। इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण क्रैम्प्स को कम करने में मदद करते हैं। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा सेंधा नमक या एसेंशियल ऑयल भी मिला सकते हैं।
पोटली मसाज
पोटली मसाज करने से मसल्स क्रैम्प्स से तुरंत राहत मिल सकती है। इसके लिए एक चम्मच काला जीरा, एक चम्मच अजवायन और एक चम्मच नमक को सूती कपड़े में डालकर पोटली बना लें। इसे तवे पर गर्म करके प्रभावित हिस्से पर रखें। जब यह थोड़ी ठंडी हो जाए, तो इसे फिर से गर्म करें। इसे 10 मिनट के लिए लगाए रखें। इस प्रक्रिया को रोजाना दिन में दो बार दोहराएं।
अदरक
अदरक में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटीऑक्सीडेंट गुण भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह मांसपेशियों की ऐंठन और दर्द को दूर करने में मददगार साबित हो सकता है। इसके लिए आप गिलास पानी में अदरक का छोटा टुकड़ा डालकर उबाल लें। फिर छान लें और इसमें थोड़ा सा शहद मिलाकर पिएं। इसके सेवन से आपको मांसपेशियों में ऐंठन से तुरंत राहत मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: मांसपेशियों में ऐंठन से राहत दिला सकते हैं ये 5 विटामिन्स, जानें कैसे करें डाइट में शामिल
लौंग का तेल
मांसपेशियों की ऐंठन से छुटकारा पाने के लिए लौंग का तेल बहुत फायदेमंद माना जाता है। इसमें एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो दर्द और क्रैम्प्स को दूर करने में मदद करते हैं। इसके लिए लौंग के तेल को गुनगुना करके प्रभावित जगह पर लगाएं। हल्के हाथों से कुछ मिनट मालिश करें। इससे आपको जल्द राहत मिलेगी।
हल्दी
आयुर्वेद में हल्दी का प्रयोग एक शक्तिशाली औषधि के रूप में किया जाता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मांसपेशियों की ऐंठन को दूर करने में मदद कर सकते हैं। इसके लिए रात में सोने से पहले एक गिलास गर्म दूध में आधा चम्मच हल्दी डालकर पिएं। इसके नियमित सेवन से मसल्स क्रैम्प्स की समस्या से काफी आराम मिलेगा।
इसे भी पढ़ें: चोट के कारण मांसपेशियां अंदर से फट जाने पर दिखते हैं ये लक्षण, जानें क्या है इसका इलाज
मांसपेशियों की ऐंठन से राहत पाने के लिए आप इन आयुर्वेदिक उपायों को आजमा सकते हैं। लेकिन अगर फिर भी आराम न मिले, तो डॉक्टर से परामर्श लें।