किशमिश का उपयोग भारतीय घरों में कई तरीकों से खानपान की चीजों में किया जाता है। किशमिश न केवल स्वाद में मीठी होती है, बल्कि इसमें कई जरूरी पोषक तत्व भी होते हैं जो हमारे शरीर को हेल्दी और एनर्जेटिक बनाए रखते हैं। आयुर्वेद में किशमिश का विशेष स्थान है और इसे पावर बढ़ाने वाली चीजों की लिस्ट में शुमार किया गया है। किशमिश का नियमित सेवन करने से अनेक लाभ मिलते हैं, जैसे पाचन में सुधार, एनर्जी, हेल्दी हार्ट और हड्डियों की मजबूती आदि। इस लेख में रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) आयुर्वेद के अनुसार किशमिश के गुण, तासीर और सेवन का सही तरीका बता रहे हैं।
किशमिश की तासीर क्या होती है?
आयुर्वेद में किशमिश की तासीर गर्म और ताकतवर बताई गई है, लेकिन अगर आप किशमिश का सेवन रातभर पानी में भिगोने के बाद करके हैं तो इसकी तासीर गर्म नहीं रहती है। भिगोई हुई किशमिश का सेवन किसी भी महीने में किया जा सकता है, इसका सेवन करने से शरीर में ठंडक और शांति का अनुभव होता है। रातभर भिगोई हुई किशमिश का सेवन सेहत के लिए एक टॉनिक की तरह काम करता है और भूख को बढ़ाता है। जिन लोगों को खून की कमी होती है उन्हें इसका सेवन करने से लाभ मिल सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि किशमिश में आयरन की अच्छी मात्रा पाई जाती है। किशमिश का सेवन शरीर के मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करता है, जिससे कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं दूर होती हैं।
इसे भी पढ़ें: किशमिश के पानी का सेवन किसे नहीं करना चाहिए? जानें एक्सपर्ट से
किशमिश के गुण
किशमिश में कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो व्यक्ति को हेल्दी रखने में सहायक होते हैं। इसमें विटामिन, खनिज, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स की भरपूर मात्रा होती है।
- किशमिश में विटामिन C के साथ विटामिन B6, आयरन, पोटेशियम और कैल्शियम जैसे महत्वपूर्ण पोषक तत्व होते हैं।
- किशमिश में एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर में फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करते हैं और कोशिकाओं यानी सेल्स की रक्षा करते हैं।
- किशमिश में फाइबर की अच्छी मात्रा होती है, जो पाचन तंत्र को हेल्दी बनाए रखती है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत देती है।
- किशमिश में मौजूद नेचुरल शुगर शरीर की एनर्जी को बढ़ाती है और थकान-कमजोरी जैसी समस्याओं को दूर करती है।
इसे भी पढ़ें: कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए एक साथ करें काली किशमिश और दूध का सेवन, जानें तरीका
किशमिश के सेवन का सही तरीका
1. डॉक्टर श्रेय ने बताया कि किशमिश के सेवन का सबसे सही तरीका इसे भिगोकर खाना ही है। जिसके लिए रात में 8-10 किशमिश को एक गिलास पानी में भिगो दें और सुबह खाली पेट इसका सेवन पानी के साथ ही करें। इससे पाचन तंत्र मजबूत होता है और शरीर को आवश्यक पोषक तत्व मिलते हैं।
2. किशमिश को नट्स और सीड्स के साथ मिलाकर स्नैक्स के रूप में खा सकते हैं। यह एक हेल्दी स्नैक्स का विकल्प है जो भूख को मिटाता है और ऊर्जा को बनाए रखता है।
3. इसके अलावा खीर और हलवा आदि में भी किशमिश डालकर इसका सेवन किया जा सकता है। किशमिश डालने से इन चीजों का स्वाद बढ़ता है और पोषण भी मिलता है।
आयुर्वेद में किशमिश को पोषक तत्वों से भरपूर माना गया है। इसके नियमित सेवन से न केवल पाचन तंत्र मजबूत होता है, बल्कि शरीर को जरूरी एनर्जी और पोषक तत्व भी मिलते हैं। इसलिए, अपनी डाइट में किशमिश को शामिल करें।
All Images Credit- Freepik