हथेली में तिल हो और मुट्ठी के अंदर बंद हो जाता हो तो अक्सर लोग इसे पैसों की निशानी मानते हैं। आपने भी तिल को लेकर कई तरह की बातें सुनी होंगी, जैसे कि अगर किसी व्यक्ति के पैर के तलवों पर तिल होता है तो कहा जाता है कि तलवों पर तिल होने वाला व्यक्ति अपनी जिंदगी में बहुत घूमता है तो वहीं सीने के बीचो-बीच होने वाले तिल को भाग्यशाली माना जाता है। शरीर में अलग-अलग हिस्सों पर होने वाले अलग-अलग तिल को लेकर कई तरह की बातें फैली हैं, जिसको लोग कहीं न कहीं सच समझते हैं। यहां तक कि कई लोग अपने शरीर पर होने वाले तिल का मतलब भी गूगल पर सर्च करते हैं। गूगल पर अगर आप तिल के बारे में जानने के लिए सर्च करेगें तो आपको लोगों के द्वारा किए गए सवाल नजर आएंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शरीर पर होने वाले तिल के पीछे वैज्ञानिक कारण होता है।
इसलिए, सेहत और खानपान से जुड़े ऐसे ही मिथकों और अंधविश्वास के पीछे छिपे साइंस के बारे में बताने के लिए ओन्लीमायहेल्थ "अंधविश्वास या साइंस" सीरीज चला रहा है। इस सीरीज के तहत हम आपको डॉक्टर और हेल्थ एक्सपर्ट्स की मदद से ऐसे ही अंधविश्वासों से जुड़े साइंस और वैज्ञानिक तथ्य बताने की पूरी कोशिश कर रहे हैं। शरीर पर तिल होने का कारण क्या है और तिल कैसे खत्म करें जैसे सवालों को जानने के लिए हमने दिल्ली, वसंत कुंज के फोर्टिस अस्पताल की सीनियर कंसल्टेंट, त्वचा विशेषज्ञ डॉक्टर रश्मि शर्मा (Dr. Rashmi Sharma, Dermatologist Sr. Consultant at Fortis Hospital, Vasant Kunj, Delhi) से बात की है।
शरीर पर तिल क्या हैं?
तिल, जिन्हें मेडिकल भाषा में 'मोल्स' (moles) कहा जाता है, त्वचा पर गहरे रंग के छोटे धब्बे होते हैं। ये धब्बे मेलानोसाइट्स नामक कोशिकाओं के समूह से बनते हैं, जो त्वचा में मेलानिन पिगमेंट का उत्पादन करते हैं। तिल अक्सर काले, भूरे, लाल और गुलाबी रंग के हो सकते हैं और ये शरीर के किसी भी हिस्से पर हो सकते हैं। सामान्य तौर पर तिल छोटे, गोल या अंडाकार भूरे या काले रंग के होते हैं। ये ज्यादातर एक समान रंग और बनावट के होते हैं। अधिकांश तिल सामान्य होते हैं और जीवन भर कोई समस्या उत्पन्न नहीं करते हैं।
इसे भी पढ़ें: अंधविश्वास या साइंस: क्या वाकई किसी के याद करने पर हिचकी आती है? जानें हिचकियां आने के वैज्ञानिक तथ्य
शरीर में तिल होने का कारण क्या है? - Why Do You Get Moles On Your Skin
तिल या मोल (मोल्स) त्वचा पर गहरे रंग के छोटे धब्बे होते हैं, जो अलग-अलग रंग और आकार में आ सकते हैं। तिल अक्सर वंशानुगत (hereditary) होते हैं यदि आपके माता-पिता या अन्य करीबी रिश्तेदारों के शरीर पर तिल हैं, तो आपके शरीर पर भी तिल होने की संभावना बढ़ जाती है। ऐसा देखा गया है कि तिल जन्म से लेकर 20 साल की उम्र तक होते हैं। तिल का निर्माण मेलानोसाइट्स नामक कोशिकाओं की वजह से होता है। ये कोशिकाएं त्वचा को रंग देती हैं। जब मेलानोसाइट्स एक समूह में इकट्ठा हो जाते हैं, तो तिल का निर्माण होता है। सूर्य की अल्ट्रावायलेट किरणें भी त्वचा पर तिल बनने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। जो लोग ज्यादा समय तक धूप में रहते हैं, उनमें तिल बनने की संभावना बढ़ जाती है। हार्मोनल बदलाव के कारण भी शरीर पर तिल निकल सकते हैं। गर्भावस्था के दौरान, युवावस्था में या हार्मोनल थेरेपी के कारण नए तिल उभर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: अंधविश्वास या साइंस: क्या सच में आंख फड़कना अशुभ होता है? डॉक्टर से जानें वैज्ञानिक तथ्य
शरीर पर कितने तिल होने नॉर्मल हैं? - How Many Moles Are Normal On The Body
डॉक्टर रश्मि शर्मा ने बताया कि शरीर पर 10 से 40 तिल होना सामान्य बात है, जो कि बचपन या किशोरावस्था में विकसित होते हैं और जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है, तिल का रंग और आकार बदल सकता है। हालांकि, डॉक्टर ने ये भी बताया कि कई लोगों के शरीर पर तिल की संख्या ज्यादा भी हो सकती है, जिसके अलग कारण हो सकते हैं जो कि जांच में पता चलते हैं। लोगों को अपने शरीर पर होने वाले तिलों की नियमित जांच करनी चाहिए, विशेष रूप से अगर उनमें आकार या रंग में कोई बदलाव हो। अगर तिल में खुजली या दर्द महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श करें।
तिल हटाने के लिए क्या करना चाहिए? - What Is The Fastest Way To Get Rid Of Moles
1. लेजर - Laser Treatment
शरीर पर होने वाले तिल को लेजर तकनीक की मदद से हटाया जा सकता है। लेजर तिल हटाने का एक गैर-सर्जिकल तरीका है। इसमें लेजर का उपयोग करके तिल को जलाकर हटाया जाता है। लेजर आमतौर पर छोटे और सपाट तिलों के लिए उपयोग की जाती है, जिसमें दर्द कम होता है और निशान भी कम होते हैं।
2. सर्जिकल - Surgical Excision
जिन लोगों के शरीर पर तिल बड़े होते हैं या संभावित रूप से कैंसर का खतरा हो तो सर्जिकल विधि से तिल को हटाया जाता है। यह तिल को हटाने का एक सामान्य तरीका है, इसमें डॉक्टर तिल को काटकर निकाल देते हैं और घाव को टांके लगाकर बंद कर देते हैं।
तिल हटाने के बाद की देखभाल - How To Take Care Of Skin After Mole Removal
तिल हटाने के बाद घाव को सुरक्षित रखने के लिए बैंडेज लगाएं और इसे सूखा रखें। घाव पर खुजली या रगड़ न करें ताकि संक्रमण न हो और निशान कम बने।
इस लेख में आपने शरीर पर तिल होने के पीछे का वैज्ञानिक कारण जाना है। ऐसे ही अंधविश्वास के पीछे छिपे साइंस के बारे में जानने के लिए हमारी इस सीरीज से जुड़े रहें।