Disadvantages Of Copper Utensils In Summer In Hindi: प्राचीन काल में अधिकतर लोग भोजन पकाने और खाने के लिए तांबे के बर्तन का प्रयोग करते थे। आयुर्वेद में भी तांबे के बर्तन में रखा पानी पीना स्वास्थ्य के लिया काफी फायदेमंद माना जाता है। दरअसल, तांबे के बर्तन में पानी रखने से इसमें मौजूद बैक्टीरिया नष्ट हो जाते हैं और पानी शुद्ध हो जाता है। इस पानी को पीने से शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाते हैं। साथ ही, सेहत को कई लाभ मिलते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि गर्मी के मौसम में तांबे के बर्तनों का इस्तेमाल सेहत के लिए हानिकारक माना जाता है? इसके प्रयोग से आपको कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इस बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए हमने आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ रितु चड्ढा से बात की। आइए, विस्तार से जानते हैं कि गर्मियों में तांबे के बर्तन का इस्तेमाल क्यों नहीं करना चाहिए -
गर्मियों में तांबे के बर्तन का इस्तेमाल सही क्यों नही है? - Why you Should Not Use Copper Utensils In Summer
डॉ रितु चड्ढा की मानें तो तांबे की तासीर गर्म होती है, इसलिए यह गर्मी के मौसम के लिए आदर्श नहीं माना जाता है। गर्मियों में तांबे के बर्तन में भोजन पकाने से खाने में कॉपर की मात्रा बढ़ जाती है, जो सेहत को काफी नुकसान पहुंचा सकती है। इसकी वजह से आपको कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
हो सकती हैं ये समस्याएं
गर्मियों में शरीर की गर्मी वैसे ही बढ़ी हुई होती है। ऐसे में अगर आप तांबे के बर्तन में खाना पकाकर खाते हैं, तो इसकी वजह से शरीर का तापमान काफी ज्यादा बढ़ सकता है। इससे नकसीर फूटना, पेट फूलना, भूख में कमी और डायरिया जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: तांबे के बर्तन में रखा पानी पीते समय न करें ये 5 गलतियां, हो सकता है नुकसान
गर्मियों में तांबे के बर्तन में पानी पी सकते हैं? - Is It Safe To Drink Copper Vessel Water In Summer
डॉ रितु चड्ढा के मुताबिक, गर्मियों में तांबे के बर्तन में पानी पीने में कोई परेशानी नहीं है। आप रात में तांबे के गिलास या जग में पानी रखकर, सुबह इसका सेवन कर सकते हैं। लेकिन हर समय सिर्फ तांबे के गिलास में पानी पीने से बचें। साथ ही, एक दिन में एक गिलास से ज्यादा न पिएं। गर्मियों में इसके अधिक सेवन से पाचन और त्वचा संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।
बच्चों को न दें तांबे के बर्तन में बना खाना
गर्मियों में तांबे के बर्तन में बना खाना या उसमें रखा पानी बच्चों के लिए बिल्कुल सुरक्षित नहीं होता है। इससे उनके शरीर में गर्मी बढ़ सकती है, जिससे उल्टी, मितली और चक्कर आने की समस्या हो सकती है। इन सभी समस्याओं से बचने के लिए बच्चों को गर्मी में ठंडी और हल्की चीजें खाने के लिए दें।
इसे भी पढ़ें: Copper Toxicity: शरीर में ज्यादा कॉपर होने पर दिखते हैं ये लक्षण, जानें इसके कारण होने वाली समस्याएं
तांबे के बर्तन में किन चीजों का उपयोग नहीं करना चाहिए?
तांबे के बर्तन में दूध या दूध से बनी चीजों का उपयोग नहीं करना चाहिए। साथ ही, खट्टी चीजों को तांबे के बर्तन में रखकर खाना-पीना नहीं चाहिए। ऐसा इसलिए क्योंकि इनसे एसिडिक रिएक्शन होता है, जो शरीर को काफी नुकसान पहुंचाता है। इससे फूड पॉइजनिंग होने का खतरा रहता है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version