Coconut Water Side Effects In Hindi: नारियल पानी का सेवन सेहत के लिए काफी फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन सी, विटामिन ई, आयरन, कैलशियम, कॉपर, फॉस्फोरस, पोटैशियम और मैग्नीशियम आदि पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो सेहत को कई लाभ पहुंचाते हैं। त्वचा और बालों के लिए भी नारियल पानी बहुत लाभकारी होता है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शरीर की कई परेशानियां दूर हो सकती हैं। यह इम्यूनिटी बढ़ाने से लेकर पाचन संबंधी समस्याओं को दूर करने तक में काफी फायदेमंद होता है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कुछ स्वास्थ्य समस्याओं में नारियल पानी का सेवन करने से सेहत को नुकसान (Side effect of Coconut Water) पहुंच सकता है? इससे रोगी की मौजूदा स्थिति बिगड़ भी सकती है। आज इस लेख में न्यूट्रीशला की डायटीशियन रक्षिता मेहरा से जानेंगे कि किन लोगों को नारियल पानी नहीं पीना चाहिए और इसके क्या नुकसान हैं -
नारियल पानी किसे नहीं पीना चाहिए? - Who Should Not Drink Coconut Water In Hindi
किडनी से जुड़ी बीमारी
जिन लोगों को किडनी से जुड़ी कोई समस्या हो, उन्हें नारियल पानी का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, इसमें पोटैशियम की मात्रा काफी अधिक होती है, जिसे किडनी फिल्टर नहीं कर पाती है। इसकी वजह से यह किडनी में जमा होने लगती है, जिससे किडनी की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।
हाई ब्लड शुगर
डायबिटीज के मरीजों को नारियल पानी का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। दरअसल, इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बेहद हाई होता है। इसमें कार्बोहाइड्रेट की मात्रा भी काफी अधिक होती है। इसे पीने से ब्लड शुगर लेवल तेजी से बढ़ सकता है। अगर आपको डायबिटीज है, तो डॉक्टर की सलाह पर ही इसका सेवन करें।
एलर्जी
नारियल पानी कुछ लोगों में एलर्जी की समस्या (Allergy) पैदा कर सकता है। इसका सेवन करने से स्किन पर खुजली, जलन या रेडनेस हो सकती है। कुछ लोगों को नारियल पानी पीने के बाद बॉडी में सूजन या सांस लेने में परेशानी भी हो सकती है। अगर आपको इनमें से कोई भी लक्षण दिखाई दे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। अगर डॉक्टर मना करें, तो भूलकर भी नारियल पानी ना पिएं।
इसे भी पढ़ें: नारियल की मलाई खाने से सेहत को मिलते हैं ये 5 जबरदस्त फायदे
हाई ब्लड प्रेशर
जिन लोगों को हाई बीपी की समस्या (High Blood Pressure) हो या जो लोग बीपी की दवाई का सेवन करते हों, उन्हें नारियल पानी का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, नारियल पानी में पोटैशियम मौजूद होता है। यह बीपी की दवाइयों के साथ मिलकर शरीर में पोटैशियम की मात्रा को बढ़ा सकता है। इसकी वजह से व्यक्ति को कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए अगर आप को ब्लड प्रेशर की समस्या है, तो नारियल पानी का सेवन करने से परहेज करें।
सर्दी-जुकाम
सर्दी होने पर नारियल पानी का सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। दरअसल, इसकी तासीर ठंडी होती है, जिससे यह शरीर को ठंडक प्रदान करता है। लेकिन नारियल पानी का ज्यादा सेवन करने से सर्दी-जुकाम की समस्या (Cold and Cough) बढ़ सकती है।
इसे भी पढ़ें: नारियल पानी में चिया सीड्स मिलाकर पीने से सेहत को मिलेंगे ये 4 फायदे, जानें सेवन का तरीका
Coconut Water Side Effects: इन 5 तरह के लोगों के लिए नारियल पानी का ज्यादा सेवन नुकसानदायक हो सकता है। अगर आप ऐसी किसी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो नारियल पानी का सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।