White Tongue Causes : शरीर को स्वस्थ रखने के लिए ओरल हाइजीन का ध्यान रखना बहुत ही जरूरी है। अक्सर हम दांतों की अच्छे से सफाई करते हैं, लेकिन जीभ की सफाई करना भूल जाते हैं। ऐसे में जीभ पर कई तरह की समस्याएं होने का खतरा रहता है, जो आपके समग्र स्वास्थ्य को प्रभावित कर सकता है। इन समस्याओं में जीभ पर सफेद परत होना शामिल है। जीभ पर सफेद परत होने के कई कारण हो सकते हैं। इसके प्रमुख कारण मुंह की अच्छे से सफाई न करना, डिहाइड्रेशन, धूम्रपान इत्यादि हो सकते हैं। आज हम इस लेख में जीभ पर सफेद परत क्यों जम जाती है के बारे में विस्तार से जानेंगे।
जीभ पर सफेद परत क्यों जम जाती है ?
गाजियाबाद इंदिरा पुरम की डेंटिस्ट स्मिता सिंह का कहना है जीभ की अच्छे से सफाई न करने के कारण जीभ पर सफेद परत जम सकती है। इसके अलावा अगर आप पूरे दिन में सही मात्रा में पानी नहीं पीते हैं, तो इसकी वजह से भी जीभ सफेद हो सकता है। इसके अलावा कई अन्य सामान्य कारण हो सकते हैं। जैसे-
- मुंह का ड्राई होना
- धूम्रपान या तंबाकू का सेवन करना
- शराब का सेवन
- मुंह से सांस लेना
- फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन न करें।
- बुखार के कारण
जीभ पर सफेद परत होने के गंभीर कारण
डेंटिस्ट का कहना है कि जीभ पर सफेद परत होने के सामान्य कारणों के साथ-साथ कुछ गंभीर कारण भी हो सकते हैं। कुछ ऐसी समस्याएं होती हैं, जिसकी वजह से आपकी जीभ की परत सफेद होने लग सकती है। आइए जानते हैं इन कारणों के बारे में-
जियोग्राफिक टंग - Geographic tongue
जियोग्राफिक टंग की वजह से जीभ की परतें सफेद नजर आ सकती हैं। इस समस्या से पीड़ित व्यक्ति के जीभ की ऊपरी परत निकलने लगती है, जिसकी वजह से जीभ पर लाल और सफेद रंग का उभार नजर आने लगता है। यह अक्सर संक्रमण की वजह से होता है।
इसे भी पढ़ें - जीभ पर नजर आ रहे हैं काले धब्बे? अपनाएं ये 5 घरेलू उपाय
ल्यूकोप्लाकिया - Leukoplakia
ल्यूकोप्लाकिया के कारण भी जीभ की परत सफेद नजर आ सकती है। इस समस्या से पीड़ित व्यक्ति के मुंह की परत में कोशिकाओं की काफी ज्यादा होने लगती है। यह केराटिन प्रोटीन के साथ मिलकर जीभ के ऊपर सफेद रंग की परत बनाने लगती हैं, जिसकी वजह से आपको जीभ पर सफेद रंग का पैच नजर आता है। तंबाकू और शराब का अधिक सेवन करने वालों को इस तरह की समस्या काफी ज्यादा होती है।
ओरल थ्रश - Oral Thrush
ओरल थ्रश के कारम जीभ पर सफेद रंग की परत हो जाती है। यह एक तरह का यीस्ट इन्फेक्शन है, जो फंगस के कारण हो सकता है। इस समस्या से ग्रसित व्यक्ति के जीभ पर काफी ज्यादा जलन होती है। इसके साथ ही जीभ पर सफेद रंग के प्लाक की परत भी बनने लगती है।
ओरल लाइकेन प्लेनस -Oral Lichen Planus
ओरल लाइकेन प्लेनस से ग्रसित व्यक्ति के मुंह के अंदर सूजन नजर आती है। इसके साथ ही इसके कारण जीभ पर सफेद रंग की परत भी हो सकती है। यह समस्या कमजोर इम्यूनिटी के कारण हो सकता है।
आयरन की कमी - Iron Deficiency
शरीर में आयरन की कमी के कारण जीभ पर सफेद रंग की परत जम सकती है। इसके कारण शरीर में विटामिन बी12 की कमी के कारण भी आपको इस तरह की परेशानी हो सकती है।
जीभ पर सफेद रंग की होने के कई कारण हो सकते हैं। ऐसे में इस परेशानी को नजरअंदाज करना आपके स्वास्थ्य पर विपरीत असर डाल सकता है। अगर आपको जीभ पर बिना वजह सफेद परत नजर आ रहा है तो इस स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।