सुबह-सुबह पेट साफ न होने की समस्या आज के समय में काफी आम बन चुकी है। हर दूसरा व्यक्ति किसी न किसी कारण सुबह पेट साफ न होने पर पूरा दिन परेशान रहता है। दरअसल, अगर सुबह आपका पेट अच्छी तरह साफ न हो तो इसके कारण आप में सुस्ती और चिड़चिड़ापन महसूस हो सकता है, जो आपके दिनभर के काम को भी प्रभावित कर सकता है। पेट साफ रखने के लिए लोग अपनी डाइट में तरह-तरह की चीजों को भी शामिल करते हैं। लेकिन, क्या आपको पता है, कुछ ड्राई फ्रूट्स ऐसे होते हैं, जिनका सेवन आपके पाचन को बेहतर बनाने के साथ पेट साफ करने में भी मदद कर सकता है। ऐसे में आइए न्यूट्रिशनिस्ट उजमा बानो (Msc. Nutrition, DNHE) से जानते हैं कि पेट साफ करने के लिए कौन-से ड्राई फ्रूट्स खाएं?
पेट साफ करने के लिए कौन से ड्राई फ्रूट खाने चाहिए? - Which Dry Fruit is Best For Stomach Cleansing in Hindi?
1. अंजीर
पेट साफ करने के लिए सबसे अच्छा ड्राई फ्रूट अंजीर होता है। सूखा अंजीर एक बहुत ही फायदेमंद ड्राई फ्रूट होता है, जिसमें घुलनशील और अघुलनशील फाइबर भरपूर मात्रा में होती है। यह फाइबर पेट की आंतों में मौजूद टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है और मल त्याग को नियमित करता है। अंजीर का सेवन कब्ज की समस्या दूर करने और मल त्याग को आसान बनाने में मदद करता है। यह आपके आंतों में जमा टॉक्सिक पदार्थों को बाहर निकलते हैं। इसके अलावा, ब्लड शुगर को कंट्रोल करके डायबिटीज के मरीजों के लिए भी काफी फायदेमंद होता है। अपने पेट को साफ करने और कब्ज की समस्या से राहत पाने के लिए आप रोजाना 2-3 ड्राई अंजीर को रातभर पानी में भिगोकर रख दें। इसके बाद सुबह खाली पेट इन्हें तबाकर खाएं और ऊपर उस पानी को पी लें। इससे न सिर्फ कब्ज की समस्या दूर होती है, बल्कि पेट हल्का महसूस होता है और दिनभर शरीर में एनर्जी बनी रहती है।
इसे भी पढ़ें: क्या हरड़ लिवर के लिए अच्छा है? आयुर्वेदाचार्य से जानें
2. खजूर
पेट साफ करने के लिए खजूर भी बेहद फायदेमंद होता है। खजूर एनर्जी और फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने और शरीर को नेचुरल एनर्जी देने में मदद करता है। इसका नियमित सेवन कब्ज की समस्या से राहत दिलाने, शरीर को ताजगी देने और आंतों के स्वास्थ्य को बेहतर रखने में मदद करता है। अपनी डाइट में इसे शामिल करने के लिए आप रोजाना 2-3 खजूर सुबह या नाश्ते में लें। दूध के साथ खजूर का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है।
3. किशमिश
किशमिश का सेवन पाचन सुधारने में बहुत उपयोगी माना जाता है। यह छोटे बच्चों से लेकर बड़े-बुजुर्ग हर उम्र के लोगों के लिए लाभकारी होता है। किशमिश का नियमित सेवन आपके आंतों की गंदगी को साफ करता है, लिवर और पेट को डिटॉक्स करता है, एसिडिटी की समस्या और पेट में होने वाली जलन से राहत दिलाता है। पेट साफ करने के लिए आप 8-10 किशमिश को रातभर पानी में भिगोकर रख दें और सुबह खाली पेट इसका सेवन करें।
इसे भी पढ़ें: प्रग्नेंसी में कैस्टर ऑयल से क्यों बचना चाहिए? गायनेकोलॉजिस्ट से जानें
4. बादाम
बादाम में फाइबर के साथ-साथ विटामिन ई, हेल्दी फैट्स और प्रोटीन जैसे कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो पाचन के लिए अच्छा माना जाता है। नियमित रूप से बादाम का सेवन आपके आंतों की कार्यप्रणाली को बेहतर बनाता है, कब्ज की समस्या से राहत दिलाता है और शरीर के रोग प्रतिरोधक क्षमता को बेहतर बनाता है। रोजाना 5-6 बादाम को रातभर के लिए पानी में भिगोकर रख दें और सुबह छीलका हटाकर इसका सेवन करें।
निष्कर्ष
पेट को साफ रखने और बेहतर पाचन के लिए आप अपनी डाइट में इन ड्राई फ्रूट्स को शामिल कर सकते हैं। पेट के स्वास्थ्य को सबसे ज्यादा बेहतर रखने में अंजीर फायदेमंद माना जाता है। लेकिन, इन ड्राई फ्रूट्स के सेवन के साथ, पोषक तत्वों से भरपूर भोजन और शारीरिक गतिविधियां भी बहुत जरूरी हैं।
Image Credit: Freepik
FAQ
कब्ज किसकी कमी से होता है?
कब्ज आमतौर पर शरीर में फाइबर की कमी, पानी की कमी, और शारीरिक गतिविधि में कमी के कारण होता है। इसके अलावा, कुछ तरह की दवाएं और तनाव भी कब्ज का कारण बन सकती हैं।कब्ज से तुरंत राहत कैसे पाएं?
कब्ज से तुरंत राहत पाने के लिए जरूरी है कि आप बहुत सारा पानी पिएं, फाइबर से भरपूर खाद्य पदार्थ खाएं और नियमित रूप से शारीरिक गतिविधियां करें।पेट न साफ होने से कौन सी बीमारी होती है?
पेट साफ न होने से कब्ज की समस्या होती है, जिसके कारण पेट फूलने, गैस बनने और पेट में दर्द जैसे समस्याएं बढ़ सकती है। गंभीर मामलों में कब्ज की समस्या बवासीर और फिशर जैसी गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती हैं।