Which Dry Fruit Are Best For Breastfeeding: डिलीवरी के बाद महिलाओं के शरीर में कई बदलाव आते हैं। इस दौरान महिला का शरीर काफी कमजोर होता है। इसलिए ऐसे में डाइट पर विशेष ध्यान देने की जरूरत होती है। स्तनपान कराने वाली महिलाओं में यह और भी ज्यादा जरूरी होता है। क्योंकि बच्चे को पोषण उनके द्वारा खाए गए खाने से ही मिलता है। ऐसे में डाइट में सभी पोषक तत्वों का होना जरूरी है। स्तनपान कराने वाली महिलाओं के लिए सूखे मेवे लेना भी जरूरी होता है। इनमें हेल्दी फैट्स के साथ सभी मिनरल्स पाए जाते हैं, जो जल्दी रिकवरी में मदद करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को कौन से ड्राई फ्रूट्स खाने चाहिए? इस बारे में हमें जानकारी दी नुपूर पाटिल फिटनेस वेलनेस सेंटर की सीईओ और न्यूट्रीशनिस्ट नुपूर पाटिल ने। आइये इस लेख के माध्यम से जानें इस प्रश्न का उत्तर।
स्तनपान कराने वाली महिलाओं कौन से ड्राई फ्रूट्स खाने चाहिए- Dry Fruits Breastfeeding Mother Should Consume
सूखा आलूबुखारा- Prunes
सूखे आलूबुखारा में फाइबर, विटामिन, पोटेशियम और आयरन जैसे मिनरल्स पाए जाते हैं। जो पाचन को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। इनके सेवन से कब्ज में राहत मिलती है, जो प्रसव के बाद होने वाली एक आम समस्या है। आलूबुखारा में सोर्बिटोल भी होता है, जो नेचुरल शुगर है। यह पाचन स्वास्थ्य को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
खजूर- Dates
खजूर में हाई फाइबर कंटेंट होने के कारण यह आंतों को स्वस्थ रखने में मददगार है। इससे पाचन तंत्र भी स्वस्थ रहता है। प्रसव के बाद महिलाओं में एनीमिया का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन इसमें मौजूद आयरन खून की कमी नहीं होने देता। इसके सेवन से थकावट और सुस्ती जैसी समस्याएं नहीं होती हैं।
इसे भी पढ़ें- स्तनपान कराने वाली महिलाएं पिएं ये डिटॉक्स वॉटर, जानें रेसिपी और फायदे
खुबानी- Apricots
खुबानी में बीटा-कैरोटीन अधिक पाया जाता है, जो विटामिन ए में परिवर्तित हो जाता है। यह इम्यूनिटी पॉवर बढ़ाने में मदद करता है। खुबानी में पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं, जो समस्त स्वास्थ्य के लिए जरूरी होते हैं।
बादाम- Almonds
बादाम में फाइबर होने के साथ हेल्दी फैट्स, प्रोटीन, विटामिन-ई, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व भी पाए जाते हैं। यह कमजोरी दूर करने में मदद करता है, जो डिलीवरी के बाद एक आम है। इसके लिए आप सुबह खाली पेट कुछ बादाम खा सकते हैं। साथ ही, स्नैक्स टाइम में भी भीगे हुए बादाम का सेवन कर सकती हैं।
पिस्ता- Pistachio
पिस्ता में हेल्दी फैट्स होता है, जिससे बॉडी में एनर्जी मेंटेन रहती है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन स्वस्थ रखने में मदद करता है। इसके नियमित सेवन से ब्रेस्ट मिल्क का प्रोडक्शन भी बढ़ता है।
इसे भी पढ़ें- ब्रेस्टफीडिंग (स्तनपान) कराने वाली मांओं की कैसी हो दिन भर की डाइट? न्यूट्रीशनिस्ट से जानें पूरा डाइट चार्ट
किशमिश- Raisins
किशमिश में आयरन, कैल्शियम, पोटेशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में होते हैं। ये सभी पोषक तत्व संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए जरूरी हैं। इसके सेवन से शरीर की कमजोरी दूर होती है। यह ब्रेस्टफीडिंग को आसान बनाने और जल्दी रिकवरी में मदद करते हैं।
इस लेख में आपको सामान्य जानकारी दी गई है। इस बारे में ज्यादा जानने के लिए एक्सपर्ट से बात करें। अगर आपको कोई स्वास्थ्य समस्या रहती है, तो एक्सपर्ट की सलाह पर ही इनका सेवन करें।