
Food To Raise Low BP In Hindi: गलत खानपान और गतिहीन जीवनशैली के कारण लो ब्लड प्रेशर की समस्या आजकल काफी आम हो गई है। आमतौर पर शरीर का नॉर्मल ब्लड प्रेशर 120/80 एमएमएचजी (mmHg) होना चाहिए। लेकिन जब ब्लड प्रेशर 90/60 mmHg से भी कम हो जाए, तो इसे लो ब्लड प्रेशर कहते हैं। जिस तरह हाई ब्लड प्रेशर सेहत के लिए घातक हो सकता है, उसकी तरह बीपी कम होने से भी कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। ब्लड प्रेशर अचानक कम होने के कारण चक्कर, कमजोरी, बेहोशी, आंखों के सामने धुंधलापन, मतली और सांस लेने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। लो ब्लड प्रेशर की समस्या में खानपान का विशेष ध्यान रखना चाहिए। कुछ फूड्स का सेवन करने से लो बीपी को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है। आज इस लेख में डायटीशियन अबरना मैथ्यूवनन से जानेंगे कि लो ब्लड प्रेशर की समस्या में क्या खाना चाहिए -
लो बीपी को तुरंत ठीक करने के लिए क्या खाएं? - Food To Raise Low BP In Hindi
कॉफी
लो बीपी की समस्या होने पर कॉफी का सेवन करना चाहिए। इसमें मौजूद कैफीन ब्लड प्रेशर बढ़ाने के लिए फायदेमंद माना जाता है। अगर अचानक से बीपी लो हो जाए, तो कॉफी पीने से तुरंत आराम मिल सकता है। खासतौर पर ब्लैक कॉफी पीना बहुत लाभकारी हो सकता है। इसके सेवन से हार्ट रेट को बढ़ाने में मदद मिलेगी, जिससे ब्लड प्रेशर नॉर्मल हो जाएगा। अगर कॉफी उपलब्ध ना हो, तो चाय पीना भी एक अच्छा विकल्प हो सकता है।
अंडा
अंडे का सेवन संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है। इसमें प्रोटीन, फोलेट और आयरन जैसे पोषक तत्व प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं, जो लो बीपी की समस्या में फायदेमंद माने जाते हैं। इसमें मौजूद विटामिन बी-12 रेड ब्लड सेल्स का उत्पादन बढ़ाता है। इसके सेवन से एनीमिया और दिल से जुड़ी बीमारियों के जोखिम को कम करने में मदद मिल सकती है।
डार्क चॉकलेट
लो ब्लड प्रेशर की समस्या में डार्क चॉकलेट का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इसमें फ्लेवनॉल्स मौजूद होता है, जो ब्लड प्रेशर को सामान्य रखने में मदद करता है। अगर अचानक से बीपी लो हो जाए, तो डार्क चॉकलेट खाने से तुरंत राहत मिल सकती है। हालांकि, इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: लो ब्लड प्रेशर में जरूर खाएं ये 5 फल, कंट्रोल में रहेगा बीपी
नींबू पानी या जूस
कई बार शरीर में पानी की मात्रा कम होने से भी ब्लड प्रेशर लो हो जाता है। इसलिए लो बीपी के मरीजों को हमेशा हाइड्रेटेड रहना बहुत जरूरी है। डॉक्टर भी ऐसे लोगों को दिनभर में कम से कम दो लीटर पानी पीने की सलाह देते हैं। अचानक से बीपी कम होने पर आप नींबू पानी, नारियल पानी, जूस या लस्सी का सेवन भी कर सकते हैं। इससे ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहेगा।
पनीर
लो ब्लड प्रेशर में पनीर खाना भी बहुत फायदेमंद होता है। दरअसल, लो बीपी होने पर अक्सर अधिक नमक वाले फूड्स का सेवन करने की सलाह दी जाती है। ऐसे में अगर बीपी अचानक से कम हो जाए, तो पनीर पर नमक या चाट मसाला डालकर खाया जा सकता है। यह प्रोटीन और फोलेट का एक समृद्ध स्त्रोत है, जिससे ब्लड प्रेशर सामान्य रहता है। इसके सेवन से आपको ताकत भी मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: लो बीपी की समस्या में फायदेमंद हैं ये 5 आयुर्वेदिक हर्ब्स, जानें प्रयोग का तरीका
लो ब्लड प्रेशर होने पर ऊपर बताए फूड्स का सेवन करने से जल्द राहत मिल सकती है। हालांकि, अगर आपकी स्थिति ज्यादा गंभीर है, तो बिना किसी देरी के तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।