What is The 2 2 2 Rule in Dentistry in Hindi: आपकी प्यारी सी मुस्कान किसी भी व्यक्ति को आपकी ओर अक्ट्रैक्टिव कर सकती है। लेकिन, अगर इस मुस्कान के पीछे पीले दांत, मुंह की बदबू आदि जैसी समस्याएं शामिल हो तो आप हर समय अपनी मुस्कान को बाकी लोगों से छिपाते फिरेते हैं। ओरल हाइजीन न सिर्फ आपके मुंह के स्वास्थ्य के लिए बहुत जरूरी है, बल्कि ये आपके संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए भी बहुत जरूरी माना जाता है। दांतों और मसूड़ों की देखभाल के लिए कई नियम और तकनीकें हैं, जिन्हें अपनाने से आप अपने डेंटल हेल्थ को बेहतर रख सकते हैं, जिसमें 2-2-2 नियम भी शामिल है। आइए नई दिल्ली के श्री वजीर चंद मेमोरियल डेंटल क्लिनिक की पीडियाट्रिक डेंटिस्ट डॉ. लकीता गुलाटी (Dr. Lakita Gulati, Pediatric dentist at Shri Wazir Chand Memorial Dental Clinic, New Delhi) से जानते हैं डेंटल केयर के लिए 2-2-2- नियम क्या है और ये क्यों जरूरी है?
दांतों के लिए 2-2-2 नियम क्या है? - What Is 2-2-2 Rule For Healthy Teeth in Hindi?
डेंटिस्ट डॉ. लकीता गुलाटी के अनुसार, डेंटल केयर में 2-2-2 नियम आपके दांतों को हेल्दी रखने और उन्हें मजबूत बनाए रखने में काफी उपयोगी माना जाता है। आइए इस नियम के बारे में विस्तार से जानते हैं-
1. दिन में दो बार ब्रश करना
2-2-2 नियम में पहले 2 का मतलब दिन में दो बार ब्रश करना है। इसमें आपको सुबह और रात में ब्रश करना शामिल है, जो आपके दांतों को कैविटी, प्लाक और बैक्टीरिया से बचाने के लिए सबसे जरूरी होता है। सुबह ब्रश करने से मुंह में रातभर जमा हुए बैक्टीरिया हटते हैं और मुंह फ्रेश रहता है। जबकि रात को ब्रश करना खासतौर पर हमारे डेंटल हेल्थ के लिए जरूरी होता है, क्योंकि दिन का खाना, मिठास और एसिड मुंह में जमा होते हैं, जो सोते समय दांतों पर ज्यादा असर डालते हैं। रात को ब्रश न करने पर कैविटी बनने का जोखिम ज्यादा बढ़ जाता है।
इसे भी पढ़ें: डायबिटीज में खराब हो सकते हैं बच्चों के दांत, बचाव के लिए अपनाएं डेंटल केयर टिप्स
2. कम से कम दो मिनट तक ब्रश करना
ज्यादातर लोग ब्रश करने के अपना एक काम निपटाना समझते हैं। लेकिन सिर्फ 30 से 40 सेकेंड में ब्रश करना आपके डेंटल हेल्थ के लिए काफी नहीं है।एक अच्छे ब्रशिंग सेशन में दांतों के चार हिस्से- ऊपर-दायां, ऊपर-बायां, नीचे-दायां, नीचे-बाएं तरफ को करीब 30 सेकेंड देना चाहिए। सही ब्रशिंग तकनीक जैसे गोल घुमावदार गति से ब्रश करना और मसूड़ों के किनारे सफाई करने की प्रक्रिया आपके दांतों को साफ करने में फायदेमंद होता है। इससे दांतों की सतह पर जमी मैल, बैक्टीरिया और फंसे खाने को पूरी तरह हटाने में मदद मिल सकती है।
3. एक साल में 2 बार डेंटिस्ट को दिखाना
साल में 2 बार यानी 6-6 महीने पर डेंटिस्ट को दिखाना जरूरी है। दांतों की गहराई से जांच और सफाई के लिए सिर्फ घर पर ही केयर करना काफी नहीं है। बल्कि हर 6 महीने में डेंटिस्ट के पास जाने से दांतों को होने वाली शुरुआती समस्याओं का समय रहते पता लगाया जा सकता है, जैसे कैविटी, मसूड़ों की सूजन या दांतों का कमजोर होना। घर पर इन समस्याओं का आसानी से पता लगाना थोड़ा मुश्किल हो सकता है। डेंटिस्ट प्रोफेशनल टूल्स से दांतों की डीप क्लीनिंग करते हैं, जो घर पर मुमकिन नहीं होती। इसके अलावा, दांतों की सही दिशा, जबड़े की संरचना और बच्चों के दूध के दांतों की सही देखरेख भी समय पर की जा सकती है।
इसे भी पढ़ें: मॉनसून में फॉलो करें ये 5 डेंटल केयर टिप्स, स्वस्थ रहेंगे दांत
दांतों के लिए 2-2-2 नियम क्यों जरूरी है? - Why 2 2 2 Rule Important For Teeth in Hindi?
दांतों की केयर के लिए 2-2-2- नियम बहुत महत्वपूर्ण होता है। दिन में 2 बार यानी सुबह और रात कम से कम 2 मिनट तक ब्रश करने से दांतों को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है और नियमित रूप से साल में 2 बार यानी हर 6-6 महीने पर डेंटिस्ट से जांच करवाना जरूरी है। ऐसा करने सेदांतों पर बैक्टीरिया की परत नहीं जमती है। यह नियम मसूड़ों को स्वस्थ रखने में मदद करता है और मुंह की सफाई से हैलिटोसिस की समस्या में सुधार आता है।
निष्कर्ष
दांतों की केयर के लिए 2-2-2 नियम एक आसान लेकिन बहुत ही प्रभावी तरीका है अपने दांतों और मुंह के स्वास्थ्य को बेहतर रखने और सही देखभाल के लिए। इसलिए, आप अपने दांतों को स्वस्थ और मजबूत रखने के लिए नियमित रूप से इस नियम का पालन करें।
Image Credit: Freepik
FAQ
क्या खाने से दांत मजबूत होते हैं?
कैल्शियम और फास्फोरस से भरपूर दूध, दही, पनीर, फल, सब्जियां और नट्स जैसे फूड्स का सेवन आपके दांतों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। इसके अलावा, विटामिन डी, विटामिन सी और विटामिन ए से भरपूर फूड्स भी आपके दातों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।कमजोर दांतों को मजबूत कैसे करें?
कमजोर दांतों को मजबूत करने के लिए हेल्दी डाइट, अच्छा ओरल हेल्थ और दांतों की सही केयर करना बहुत जरूरी है।दांत खराब होने से कौन सी बीमारी होती है?
दांत खराब होने के कारण व्यक्ति को मुंह से जुड़ी कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है, जिसमें सबसे आम कैविटी, दांतों में सड़न और मसूड़ों की बीमारी शामिल है।