October Heat: अक्टूबर हीट, वह समय है जिसे हम सर्दियों से पहले, आखिरी गर्मी के रूप में अनुभव करते हैं। यह गर्मी वाला मौसम, ज्यादातर भारत के उत्तरी और पश्चिमी भागों में महसूस किया जाता है। जब मानसून खत्म हो जाता है, तो हवा में ठंडक के बजाय उमस और गर्मी बढ़ जाती है। यह मौसम अक्टूबर माह में ज्यादातर देखा जाता है इसलिए इसे अक्टूबर हीट का नाम दिया गया है। अक्टूबर हीट को 'पोस्ट-मानसून हीट' भी कहा जाता है, क्योंकि यह तब होता है जब मानसून की बारिश खत्म हो जाती है। इस समय दिन के तापमान में तेजी होती है और रातें गर्म होती हैं। अक्टूबर हीट के कारण, हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन जैसी समस्याएं हो सकती हैं। अक्टूबर हीट में लोग, गर्मी का अनुभव करते हैं और सेहत के प्रति लापरवाही कर बैठते हैं। जैसे- एसी चलाना या ठंडा पानी पीना। इस वजह से ज्यादातर लोगों की तबीयत बिगड़ जाती है। इस लेख में जानें अक्टूबर हीट के बुरे प्रभाव से बचने के कुछ आसान उपाय। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
1. शरीर को हाइड्रेटेड रखें- Stay Hydrated During October Heat
अक्टूबर हीट से बचने के लिए शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा बनाए रखना बहुत जरूरी है। नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। शरीर को ठंडा रखने के लिए नींबू पानी, नारियल पानी, छाछ, जलजीरा और ताजे फलों के रस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें। ये न केवल शरीर में पानी की कमी को पूरा करते हैं, बल्कि इलेक्ट्रोलाइट्स को संतुलित रखकर ऊर्जा दे सकते हैं। ज्यादा कैफीन और मीठे पेय पदार्थों से बचें, क्योंकि ये शरीर को डिहाइड्रेट कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- मानसून में उमस के कारण बढ़ जाता है फंगल इंफेक्शन का खतरा, बचाव के लिए अपनाएं ये 5 टिप्स
2. धूप से बचें- Avoid Going Out in Sun
धूप के सबसे तेज समय, यानी सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक, बाहर जाने से बचें। अगर बाहर जाना जरूरी हो, तो टोपी, छतरी और सनग्लास का इस्तेमाल करें ताकि आप सूरज की तेज किरणों से बच सकें। यूवी रेज से त्वचा को होने वाले नुकसान से बचने के लिए सनस्क्रीन का इस्तेमाल भी करें, खासकर जब आप लंबे समय तक बाहर रहें।
3. हल्का और संतुलित भोजन करें- Eat Healthy Diet
अक्टूबर हीट में भारी, तला-भुना और मसालेदार भोजन खाने से बचें, क्योंकि ये शरीर में गर्मी पैदा कर सकते हैं और पाचन को कठिन बना सकते हैं। इसके बजाय, ठंडक देने वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करें। खीरा, तरबूज, खरबूज, नारियल, पुदीना और हरी पत्तेदार सब्जियां जैसे खाद्य पदार्थ शरीर को ठंडा रखते हैं और हाइड्रेटेड रखते हैं। फलों और सब्जियों में मौजूद प्राकृतिक पानी की मात्रा शरीर को ठंडा रखने में मदद करती है।
4. ठंडी चीजों का सेवन न करें- Avoid Cold Beverages and Food
अक्टूबर हीट के दौरान ठंडी चीजों का सेवन न करने की सलाह दी जाती है, खासकर जब शरीर बाहरी गर्मी से जूझ रहा हो। ऐसा इसलिए है क्योंकि अचानक ठंडी चीजों का सेवन, शरीर का तापमान कंट्रोल करने वाली प्रणाली पर बुरा प्रभाव डाल सकता है और स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकता है। ठंडी चीजें जैसे ठंडा पानी, आइसक्रीम या ठंडे जूस का सेवन पाचन तंत्र के लिए नुकसानदायक हो सकता है।
5. एसी का ज्यादा इस्तेमाल न करें- Avoid Staying in AC For Long
अक्टूबर हीट में एसी (एयर कंडीशनर) का ज्यादा इस्तेमाल भले ही गर्मी से राहत देता है, लेकिन इसके ज्यादा इस्तेमाल से सर्दी-जुकाम और बुखार जैसी समस्याएं हो सकती हैं। एसी के लगातार इस्तेमाल से हवा में नमी कम हो जाती है, जिससे आंखों में खुजली या ड्राई आई की समस्या हो सकती है। इसके अलावा, अगर एसी की सफाई न की जाए, तो उसमें धूल और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं, जो सांस संबंधी समस्याओं को बढ़ा सकते हैं।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।