What Causes Cold And Shivering Without Fever: बुखार आने पर अक्सर मरीज को ठंड और कंपकंपी महसूस होती है। डेंगू, मलेरिया और टायफाइड के बुखार में मरीज को गंभीर रूप से इस स्थिति का सामना करना पड़ता है। ठंड और कंपकंपी तापमान गिरने की वजह से या ठंड के मौसम में आम है। लेकिन अगर आपको बिना बुखार किसी भी मौसम में यह समस्या होती है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। बिना बुखार ठंड और कंपकंपी आना शरीर में बन रही गंभीर समस्याओं का संकेत हो सकता है। कई बार लोगों को रात में सोते समय इस समस्या का सामना करना पड़ता है। शरीर के तापमान में गिरावट होने पर यह स्थिति होती है। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं बिना बुखार ठंड और कंपकंपी के कारण और इस समस्या से बचाव के टिप्स।
बिना बुखार ठंड और कंपकंपी क्यों होती है?- Cold And Shivering Without Fever Causes in Hindi
शरीर में होने वाली ज्यादातर समस्याएं खानपान और जीवनशैली से जुड़े कारणों से होती हैं। बिना बुखार के ठंड लगने की समस्या भी इसकी वजह से हो सकती है। नींद न पूरी होने और शरीर को पर्याप्त आराम न मिलने की वजह से भी आपको इस समस्या का सामना करना पड़ सकता है। अगर आपको भी हर समय बिना बुखार ठंड और सिहरन महसूस होता है, तो इसके पीछे शरीर को पर्याप्त आराम न मिल पाना जिम्मेदार हो सकता है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजिशियन डॉ. समीर कहते हैं की खानपान और लाइफस्टाइल से जुड़े कारणों के अलावा आपको कई अन्य वजहों से भी इस परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: बुखार होने पर पानी की पट्टी कैसे करें? डॉक्टर से जानें सही तरीका
बिना बुखार के ठंड, सिहरन और कंपकंपी महसूस होने के पीछे ये कारण जिम्मेदार हो सकते हैं-
1. शरीर में खून की कमी या एनीमिया
शरीर में खून की कमी होने पर आपको हमेशा थकान महसूस होती है। इसकी वजह से आपको चक्कर आने और दिल की धड़कन अनियमित होने जैसी परेशानी का भी सामना करना पड़ सकता है। बिना बुखार के ठंड लगना और कंपकंपी महसूस होना भी शरीर में खून या हीमोग्लोबिन की कमी के कारण हो सकता है। इस स्थिति में डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
2. दवाओं का साइड इफेक्ट
दवाओं के साइड इफेक्ट की वजह से भी आपको बिना बुखार के ठंड और सिहरन महसूस हो सकती है। अगर आपको दवा खाने के बाद इस स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो इसे नजरअंदाज करने से बचें।
3. शारीरिक कमजोरी और नींद की कमी
शरीर में कमजोरी होने और नींद न पूरी होने के कारण भी आपको इस परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस स्थिति में आपको सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: ठंड लगकर बुखार आने के क्या कारण हो सकते हैं?
4. इन्फेक्शन के कारण
शरीर में इन्फेक्शन होने पर भी आपको इस स्थिति का सामना करना पड़ सकता है। सर्दी-जुकाम और निमोनिया, ब्रोंकाइटिस जैसे इन्फेक्शन की वजह से आपके शरीर में सिहरन और कंपकंपी बनी रहती है।
5. पेट में खराबी
पाचन तंत्र खराब होने के कारण आपको अपच, पेट में गैस और दर्द जैसी परेशानियां होती हैं। इसके कारण भी आपको ठंड और कंपकंपी का सामना करना पड़ सकता है।
आमतौर पर शरीर में थकान बढ़ने पर लगने वाली ठंड और कंपकंपी अपने आप ठीक हो जाती है। लेकिन अगर आपको यह स्थिति लगातार महसूस हो रही है, तो सबसे पहले डॉक्टर की सलाह लेकर जरूरी जांच करानी चाहिए। इस स्थिति को नजरअंदाज करना सेहत पर भारी पड़ सकता है।
(Image Courtesy: Freepik.com)