रमेश, एक हेल्दी लाइफस्टाइल जीना पसंद करते हैं और अपनी सेहत का खास ध्यान रखते हैं। यह अपनी डाइट में अक्सर ऐसी चीजों को शामिल करते थे, जो इनके मल त्याग को आसान बनाता है और पेट साफ करने में मदद करता है। लेकिन, एक दिन जब रमेश सुबह फ्रेश होने के लिए गए तो उनके मल के साथ खून आने लगा। लेकिन, उन्हें किसी तरह का दर्द या जलन महसूस नहीं हो रही थी, जिस कारण उन्होंने इसे आम समझकर नजरअंदाज कर दिया। लेकिन, कुछ दिनों के बाद दोबारा उनके बिना दर्द के मल से खून आने की समस्या हुई, जिसके बाद उन्होंने बिना देर किए तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट किया और इसका कारण पूछा। डॉक्टर के अनुसार, बिना दर्द के मल से खून आने की समस्या कई गंभीर बीमारियों का संकेत हो सकता है। ऐसे में आइए कानपुर के सीनियर कंसल्टेंट गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. अनुराग सचान से जानते हैं कि बिना दर्द के मल से खून आने के क्या कारण हो सकते हैं।
दर्द के बिना मल में खून आने के क्या कारण हैं?
डॉ. अनुराग सचान के अनुसार, अक्सर लोग मल में बिना दर्द के खून देखकर उसे नजरअंदाज कर देते हैं या घरेलू उपचार से ठीक करने की कोशिश करते हैं। लेकिन यह समझना जरूरी है कि मल में खून आना एक चेतावनी संकेत है, भले ही दर्द न हो। बिना दर्द के मल से खून आने की समस्या होने पर ज्यादातर लोग मानते हैं कि यह कोई गंभीर समस्या नहीं है और इसे कब्ज, मसालेदार भोजन या सामान्य कमजोरी मानकर नजरअंदाज कर देते हैं और अपनी डाइट में बदलाव करने लगते हैं। जबकि कुछ लोग ऐसे भी हैं जो शर्म या झिझक में डॉक्टर से कंसल्ट नहीं करते हैं। लेकिन, बिना दर्द के मल से खून आना गंभीर बीमारी का भी संकेत हो सकता है, जिसमें-
1. बवासीर
बिना दर्द के मल से खून आने का एक बड़ा कारण बवासीर है। इसमें आमतौर पर दर्द नहीं होता है, लेकिन मल त्याग के दौरान या बाद में खून की बूंदें आ सकती है, जो आमतौर पर लाल रंग का होता है।
इसे भी पढ़ें: क्या वाकई इरिटेबल बाउल सिंड्रोम के कारण मल में खून आ सकता है? खुद बता रहे हैं डॉक्टर
2. कोलन पॉलीप्स
पॉलिप्स आंतों की परतों पर होने वाले छोटे उभार होते हैं, जो शुरुआत में कैंसर होते है, लेकिन समय के साथ ये कोलोरेक्टल कैंसर में बदल सकते हैं। इसके लक्षणों में दर्द नहीं होता है, लेकिन मल में खून आ सकता है। इसलिए समय रहते इसकी पहचान करना और हटाना बहुत जरूरी होता है।
3. कोलोरेक्टल कैंसर
कोलोरेक्टल आंतों का एक गंभीर कैंसर है, जो शुरुआत में अक्सर बिना दर्द के होता है। इसके शुरुआती संकेतों में मल में खून आना, वजन कम होना, थकान और मल त्याग की आदतों में बदलाव हो सकता है।
4. आंतों का इंफेक्शन
कुछ बैक्टीरियल या वायरल इंफेक्शन भी मल में खून का कारण बन सकता है। हालांकि इन मामलों में आमतौर पर दस्त, बुखार या पेट में ऐंठन जैसे लक्षण भी नजर आ सकते हैं, पर कई बार सिर्फ खून आना भी हो सकता है।
5. आंतों में अल्सर
अल्सर की समस्या सिर्फ पेट में ही नहीं होता है, बल्कि छोटी या बड़ी आंतों में भी हो सकते हैं। ऐसे में जब इन अल्सर से खून निकलता है तो मल में खून दिखाई दे सकता है। यह खून काला या गाढ़े रंग का हो सकता है, जो इस बात का संकेत होता है कि ब्लीडिंग ऊपरी पाचन तंत्र से हो रहा है।
इसे भी पढ़ें: क्या मलद्वार से खून आना खतरनाक है? डॉक्टर से जानें नजरअंदाज करने से होने वाले जोखिम
6. डिवैर्टिकुलोसिस
यह स्थिति आमतौर पर तब होती है, जब बड़ी आंत की दीवार पर छोटे थैले जैसे उभार बनने लगते हैं। ये थैले कभी-कभी फट जाते हैं और इसके कारण बिना दर्द के मल से खून आ सकता है।
निष्कर्ष
दर्द के बिना मलद्वार से खून आना जितना सामान्य लग सकता है, लेकिन ये कई गंभीर बीमारियों का संकेत भी हो सकता है। इसलिए, चाहे मल से खून बार-बार आए या एक दो बार ही नजर आए आपके शरीर में होने वाली गड़बड़ी का संकेत होता है। इसलिए, बिना दर्द के भी मल से खून आने की समस्या को नजरअंदाज किए बिना तुरंत डॉक्टर से कंसल्ट करें और सही कारण का पता लगाकर इलाज लेने की कोशिश करें।
Image Credit: Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version
Sep 23, 2025 17:36 IST
Published By : Katyayani Tiwari