Weight Loss Diet Plan as Per Ayurveda: वर्तमान समय में मोटापा एक गंभीर समस्या बन चुका है। गलत खानपान और अंसतुलित जीवनशैली मोटापे के मुख्य कारण माने जाते हैं। मोटापा न सिर्फ देखने में खराब लगता है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों का कारण भी बनता है। मोटापे के कारण थायराइड, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर और दिल से जुड़े रोगों का खतरा काफी बढ़ जाता है। अपने बढ़े हुए वजन को कम करने के लिए लोग काफी कुछ करते हैं। इसके लिए लोग तरह-तरह की डाइट फॉलो करते हैं और घंटों जिम में पसीना बहाते हैं। लेकिन कई बार यह सब कुछ करने के बावजूद भी वजन कम होने का नाम ही नहीं लेता है। कुछ लोग मोटापा कम करने के लिए वेट लॉस सप्लीमेंट्स और पाउडर लेना भी शुरू कर देते हैं। लेकिन इनके आपके स्वास्थ्य पर गंभीर साइड-इफेक्ट्स हो सकते हैं। ऐसे में, आप चाहें तो वजन घटाने के लिए आयुर्वेद की ओर रुख कर सकते हैं। जी हां, आयुर्वेद एक प्राचीन वेलनेस सिस्टम है, जो शरीर को स्वस्थ और निरोगी रखने में मदद करता है। आयुर्वेदिक डाइट अपनाने से वजन स्वस्थ तरीके से कम होता है, जिससे आपको कमजोरी नहीं आती है। ओनलीमायहेल्थ हमेशा ही अपने पाठकों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित करता रहा है। इसी कड़ी में, आरोग्य विद आयुर्वेद सीरीज के इस लेख में हम आपको वजन घटाने के लिए डाइट प्लान कैसा होना चाहिए, इसके बारे में विस्तार से बता रहे हैं। इसके बारे में जानने के लिए हमने आयुर्वेदिक डॉ रितु चड्ढा (BAMS) से बातचीत की। आइए, जानते हैं विस्तार से -
डॉ रितु चड्ढा बताती हैं कि भोजन हमारे शरीर के लिए ईंधन के रूप में काम करता है। हम जिस प्रकार के भोजन को ग्रहण करेंगे, शरीर पर उसका उसी आधार पर प्रभाव पड़ता है। अगर मोटापा बहुत बढ़ रहा है, तो सबसे पहले यह बात जान लेना जरूरी है कि आप जो भोजन खा रहे हैं उसका अच्छे से पाचन नहीं हो पा रहा। इसकी वजह से वह रस रक्त और अन्य जरूरी धातुओं में बदलने की बजाय फैट के रूप में इकट्ठा हो रहा है, जिससे बॉडी वेट बढ़ता जा रहा है। इसलिए वजन घटाने के लिए सबसे पहले पाचन को सुधारना बहुत जरूरी। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो आपको सात्विक भोजन करना चाहिए। क्योंकि सात्विक खाद्य पदार्थ हल्के और पौष्टिक होते हैं, जो आसानी से पच जाते हैं। साथ ही, आपको हैवी खाना खाने से बचना चाहिए।
आयुर्वेद के अनुसार वजन बढ़ाने के लिए डाइट प्लान - Weight Loss Diet Plan as Per Ayurveda In Hindi
वजन घटाने के लिए सुबह क्या खाएं?
डॉ रितु चड्ढा बताती हैं कि वजन घटाने के लिए आपको सुबह सबसे पहले डिटॉक्स वाटर पीना चाहिए। इसके लिए आप जीरा वाटर, नींबू पानी, दालचीनी का पानी या मेथी का पानी पी सकते हैं। इससे शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ आसानी से बाहर निकल जाते हैं और बॉडी डिटॉक्स होती है। इससे आपके शरीर के महत्वपूर्ण अंग, जैसे लिवर और किडनी सक्रिय रूप से काम कर पाते हैं। साथ ही, पाचन तंत्र भी स्वस्थ रहता है।
वजन घटाने के लिए ब्रेकफास्ट में क्या खाएं?
ब्रेकफास्ट दिन का सबसे महत्वपूर्ण और हैवी मील होना चाहिए। इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट और कार्ब्स को जरूर शामिल करें। सुबह नाश्ते में पौष्टिक चीजें खाने से आपको भूख कम लगेगी और कमजोरी भी महसूस नहीं होगी। ब्रेकफास्ट में आप इन चीजों को शामिल कर सकते हैं -
- 1 स्टफ्ड पराठा (बिना तेल या घी का)
- सॉटेड मिक्स वेजिटेबल
- 1 छोटा बाउल मिक्स फ्रूट सलाद
- ओट्स या दलिया

वजन घटाने के लिए लंच में क्या खाएं?
आयुर्वेद के अनुसार, दोपहर का भोजन 12 बजे तक खा लेना चाहिए। लंच में साबुत अनाज, प्रोटीन और सब्जियों को शामिल करना चाहिए। आप लंच में रागी या जौ के आटे की बनी रोटी के साथ बिना स्टार्च वाली सब्जी, दाल-चावल, मूंग दाल खिचड़ी और सलाद खा सकते हैं। आप दही या छाछ में भुना हुआ जीरा और काला नमक मिलाकर भी ले सकते हैं। छाछ पाचन के लिए बहुत अच्छा होता है।
वजन घटाने के लिए स्नैक्स में क्या खाएं?
शाम को स्नैक्स में आप दूध वाली चाय पीने के बजाय हर्बल टी या ग्रीन टी का सेवन करें। इसके साथ आप भुना हुआ चना या मखाने खा सकते हैं। ये लो कैलोरी फूड्स हैं, जो आपके पेट को भरा हुआ रखेंगे।
इसे भी पढ़ें: वजन कम करना चाहते हैं तो फॉलो करें ये साउथ इंडियन डाइट, कुछ दिनों में ही दिखेगा असर
वजन घटाने के लिए डिनर में क्या खाएं?
आयुर्वेद के अनुसार, रात्रि का भोजन रात में 8 बजे से पहले कर लेना चाहिए। रात के समय हमारी पाचन क्रिया धीमी हो जाती है, इसलिए हल्का और सुपाच्य भोजन खाएं। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो डिनर में उबले हुए चने या राजमा का सलाद, रोटी-सब्जी, वेजिटेबल सूप या सॉटेड वेजिटेबल और पनीर आदि खा सकते हैं।
वजन घटाने के लिए आयुर्वेदिक टिप्स - Ayurvedic Tips For Weight Loss In Hindi
- अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो इन आयुर्वेदिक टिप्स को फॉलो करने से आपको वजन प्रबंधन में काफी मदद मिल सकती है -
- मोटापा कम करने के लिए इस बात का ध्यान रखें कि आप जो भी भोजन खा रहे हैं, उसको अच्छे से चबाकर खाएं।
- भूख लगने से पहले या बिना भूख के खाने से बचें। साथ ही, हमेशा भूख से थोड़ा कम खाएं।
- एक से दूसरे भोजन के बीच 6 घंटे का अंतराल जरूर रखें।
- बेमौसमी सब्जियां और फलों का इस्तेमाल करने से बचें।
- भोजन हमेशा प्रसन्न चित्त होकर करना चाहिए। दुखी और अशांत मन से किया गया भोजन अच्छे से नहीं पचता और मोटापा बढ़ने का कारण बनता है। क्योंकि यह देखा जाता है, जो लोग तनाव में रहते हैं, उनके शरीर का वेट बढ़ता जाता है।
- त्रिफला का काढ़ा वेट कम करने के लिए बहुत अच्छा घरेलू उपाय है। रोज सुबह-शाम त्रिफला के काढ़े को अगर शहद मिलाकर लिया जाता है, तो इससे वजन घटाने में मदद मिल सकती है।
- हरड़ को शहद, सेंधा नमक और मिश्री आदि के साथ सेवन करने से भी वेट कम हो सकता है।
अगर आप मोटापे से परेशान हैं और वजन कम करना चाहते हैं, तो आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के द्वारा बताए इस डाइट प्लान और टिप्स को फॉलो कर सकते हैं आयुर्वेद से जुड़े इसी तरह के अन्य लेख पढ़ने के लिए हमारी 'आरोग्य विद आयुर्वेद' सीरीज के साथ जुड़े रहें। उम्मीद है कि आपको हमारा यह आर्टिकल पसंद आया होगा। इस आर्टिकल को अपने दोस्तों और परिचितों के साथ जरूर शेयर करें।