
Watermelon Allergy in Hindi: आपने कई बार लोगों को यह कहते हुए सुना होगा कि मुझे फलां चीज खाने से एलर्जी हो जाती है। यह एलर्जी किसी भी चीज का सेवन करने हो सकती है। मुझे भी बचपन में तरबूज से एलर्जी थी। काफी समय तो यह समझने में निकल गया कि ऐसी भी कोई एलर्जी होती है। जैसे ही मैं तरबूज का सेवन करती थी, मुझे उल्टी-दस्त की समस्या हो जाती थी। डॉक्टर से सलाह ली, तो पता चला कि मेडिकल टर्म में इसे वॉटरमेलन एलर्जी (Watermelon Allergy) के नाम से जाना जाता है। जैसे-जैसे मेरी उम्र बढ़ी, यह एलर्जी ठीक हो गई। लेकिन आज भी तरबूज का ज्यादा सेवन कर लेने से पेट दर्द होने लगता है। तरबूज गर्मी के दिनों में खाए जाने वाला फल है। तरबूज में 92 प्रतिशत पानी होता है। शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए तरबूज का सेवन फायदेमंद माना जाता है। तरबूज खाने से इम्यूनिटी बढ़ती है और वजन कम करने में मदद मिलती है। लेकिन जिन लोगों को तरबूज खाने से एलर्जी हो जाती है, उन्हें इसका सेवन करने में मुश्किल हो सकती है। चलिए आपका बताते हैं वॉटरमेलन एलर्जी के लक्षण और इलाज। साथ ही आपको बताएंगे कुछ हेल्दी विकल्प जिनका सेवन करके गर्मी के दिनों में आप खुद को हाइड्रेट रख सकते हैं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
तरबूज खाने से होने वाली एलर्जी के लक्षण- Watermelon Allergy Symptoms
कई लोगों को तरबूज सूट नहीं करता है। जैसे ही वे तरबूज खाते हैं, ये लक्षण नजर आ सकते हैं-
- तरबूज खाने से त्वचा में खुजली हो सकती है।
- त्वचा पर लाल चकत्ते नजर आ सकते हैं।
- उल्टी या दस्त जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं।
- त्वचा फूली-फूली या सूजन भरी नजर आ सकती है।
- तरबूज खाने से पेट में दर्द हो सकता है।
- पेट में ऐंठन, अपच जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
ज्यादा तरबूज खाने के नुकसान- Watermelon Side Effects
- पीसीओडी या लिवर की समस्या है, तो डॉक्टर की सलाह पर ही तरबूज खाएं।
- किडनी के मरीजों को तरबूज का ज्यादा सेवन नहीं करना चाहिए। ऐसा करने से बैक्टीरिया के फैलने का रिस्क होता है। पेट में इन्फेक्शन हो सकता है।
- अर्थराइटिस है, तो तरबूज के सेवन से बचें। इसमें पानी होता है जिससे घुटनों का दर्द बढ़ सकता है।
खराब पाचन तंत्र
तरबूज में लाइकोपीन होता है। इसे खाने से पाचन तंत्र बिगड़ सकता है। तरबूज की तासीर ठंडी होती है। इसे खाने से सांस की नली में सूजन हो सकती है। अस्थमा के मरीजों को तरबूज के ज्यादा सेवन से सांस लेने में तकलीफ हो सकती है।
हाइपरकलेमिया
तरबूज का ज्यादा सेवन करने से हाइपरकलेमिया हो सकता है। यह बीमारी शरीर में पोटैशियम की मात्रा बढ़ जाने के कारण होती है। नसों और मांसपेशियों के कार्य को नुकसान पहुंचता है। हाइपरकलेमिया होने से, हार्ट अटैक जैसी गंभीर स्थिति भी बन सकती है।
इसे भी पढ़ें- कभी नहीं खाना चाहिए खाली पेट तरबूज, हो सकती हैं ये बीमारियां
तरबूज खाने से होने वाली एलर्जी का इलाज- Watermelon Allergy Treatment
- वॉटरमेलन एलर्जी की पुष्टि करने के लिए डॉक्टर ब्लड टेस्ट या त्वचा पर पैच टेस्ट कर सकते हैं।
- तरबूज खाने से एलर्जी हो गई है, तो आराम करें।
- त्वचा में संक्रमण होने पर डॉक्टर आपको एंटीबायोटिक्स दे सकते हैं।
- कुछ दिन घर का बना ताजा खाना खाएं। तेल-मिर्च, मसाले वाले भोजन का सेवन न करें।
- सांस लेने में दिक्कत हो रही है, तो तुरंत अस्तपाल जाएं।
- डीप ब्रीदिंंग एक्सरसाइज भी कर सकते हैं।
तरबूज खाने से पहले इन बातों का ख्याल रखें
- तरबूज खाने के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए।
- रात को तरबूज नहीं खाएं। तरबूज की तासीर ठंडी होती है।
- ठंडी चीजों को खाने के बाद, तरबूज नहीं खाना चाहिए।
- सुबह खाली पेट तरबूज खाने से बचना चाहिए क्योंकि इसे खाली पेट खाने से सीने में जलन और पेट दर्द हो सकता है।
- तरबूज को दोपहर के वक्त खाएं। शाम होने से पहले ही तरबूज का सेवन कर लेना चाहिए।
- डिनर और लंच के साथ तरबूज का सेवन नहीं करना चाहिए।
तरबूज की जगह क्या खा सकते हैं?- Watermelon Substitute in Summer
तरबूज से एलर्जी होने पर आप खरबूज, खीरा, एवोकाडो, केला आदि का सेवन भी न करें। कई फल और सब्जियों हैं जिनका सेवन तरबूज की जगह कर सकते हैं। जैसे सेब, चेरीज, रसबेरी, ब्लूबेरीज, प्याज, ब्रोकली, पालक, आलू, गाजर आदि। गर्मी के दिनों में शरीर को हाइड्रेट रखने के लिए स्ट्रॉबेरी, अनानास, पपीता, सेब, संतरा और आम आदि फलों को खा सकते हैं।
उम्मीद करते हैं, आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। लेख को शेयर करना न भूलें।