कई गंभीर बीमारियों से बचने के लिए डॉक्टर आपको सर्जरी कराने की सलाह देते हैं। हालांकि, रोग को दूर करने के लिए यह आवशयक हो सकता है। इसके अलावा, आज के दौर में जोखिम भरी प्रेग्नेंसी में भी डॉक्टर सिजेरियन डिलीवरी की ही सलाह देते हैं। इससे मां और बच्चे दोनों सुरक्षित रहते हैं। लेकिन, कुछ लोगों सर्जरी के बाद ठीक होने में ज्यादा समय लगता है। दरअसल, सर्जरी के बाद की रिकवरी काफी हद तक व्यक्ति की मौजूद स्वास्थ्य स्थितियों और उनकी डाइट पर निर्भर करती है। सर्जरी के बाद ठीक होने की प्रक्रिया को ही रिकवरी टाइम कहा जाता है। इस समय यदि शरीर को सही पोषण मिले, खासकर आवश्यक विटामिन्स, तो यह रिकवरी काफी तेज और प्रभावी हो सकती है। सर्जरी के दौरान शरीर को आंतरिक और बाहरी रूप से घाव झेलना पड़ता है, जिसके लिए कोशिकाओं का दोबारा बनना, सूजन कम करना, इम्यून सिस्टम को मजबूत करना और टिश्यू की मरम्मत जरूरी होती है। इन सभी कार्यों में कुछ खास विटामिन्स महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस लेख में यशोदा अस्पताल के सीनियर कंसल्टेंट इंटरनल मेडिसिन डॉ एपी सिंह से जानेंगे कि सर्जरी के बाद कौन से विटामिन्स सबसे अधिक लाभकारी होते हैं और उन्हें कैसे प्राप्त किया जा सकता है?
सर्जरी की रिकवरी के लिए किस तरह के विटामिन की जरूरत होती है? - Vitamins That Are Required For Healing After Surgery In Hindi
घाव भरने के लिए विटामिन C (Vitamin C)
सर्जरी के बाद स्किन और टिश्यू को रिपेयर करने के लिए कोलेजन की आवश्यकता होती है और यह कोलेजन विटामिन सी से प्राप्त होता है। यह विटामिन एंटीऑक्सीडेंट के रूप में सूजन को कम करता है। साथ ही, इंफेक्शन को जोखिम को भी कम करने में मदद करता है। इसके लिए आप आंवला, संतरा, नींबू, अमरूद, पपीता, टमाटर, का सेवन कर सकते हैं। डॉक्टर की सलाह पर आप विटामिन सी के सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।
स्किन और सेल्स के रिपेयर के लिए विटामिन A
विटामिन ए खून की कमी को दूर करने में मदद करता है और यह नई कोशिकाओं (सेल्स) के निर्माण में मदद करता है। साथ ही, यह त्वचा की मरम्मत और इम्यून सिस्टम को मजबूत करता है। इसकी पूर्ति के लिए आप गाजर, शकरकंद, कद्दू, पालक, अंडा, दूध आदि को डाइट में शामिल कर सकते हैं। सर्जरी के बाद 2-3 सप्ताह तक विटामिन A का पर्याप्त सेवन करें, लेकिन डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।
सूजन को कम करने के लिए विटामिन E
सर्जरी के बाद आने वाली सूजन को करने के लिए आप विटामिन ई युक्त आहार का सेवन कर सकते हैं। यह विटामिन एक एंटीऑक्सीडेंट की तरह कार्य करता है। यह सेल्स को ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से बचाने में मदद करता है। साथ ही, स्किन को तेजी से रिपेयर करता है। इसके लिए आप डाइट में बादाम, सूरजमुखी के बीज, पालक, एवोकाडो, वनस्पति तेल ले सकते हैं। लेकिन, इसे अधिक मात्रा में लेने से बचें।
हड्डियों की रिकवरी के लिए विटामिन D
विटामिन डी मांसपेशियों और हड्डियों के निर्माण में मुख्य भूमिका निभाता है। यह वजह है कि सर्जरी के बाद आप इसको नजरअंदाज नहीं कर सकते हैं। यह इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है और इंफेक्शन को कम करता है। साथ ही, मूड को बेहतर करके एनर्जी को बढ़ता है। इसके लिए आप सुबह की धूप में अवश्य बैठे। साथ ही, डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट्स भी ले सकते हैं।
ब्लड को रोकने के लिए विटामिन K
विटामिन K सर्जरी के बाद अत्यधिक ब्लीडिंग को रोकने के लिए खून जमाने की प्रक्रिया (Blood Clotting) में सहायता करता है। साथ ही, यह हड्डियों की मजबूती के लिए भी उपयोगी है। इसके लिए आप डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियां (पालक, केल, ब्रोकली), गोभी, हरी फलियां ले सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: विटामिन के की कमी से कौन सी बीमारी होती है? जानें डॉक्टर से
इसके अलावा, एनर्जी, सेल्स रिपेयर, इम्यून सपोर्ट और नर्वस सिस्टम के लिए आप विटामिन बी-कॉम्पलेक्स युक्त आहार का सेवन करें। इसके लिए आप अंडा, दूध, दालें, साबुत अनाज, हरी सब्जियां, मांस और मछली का सेवन करें।
FAQ
ऑपरेशन के बाद जल्दी ठीक होने के लिए क्या खाना चाहिए?
सर्जरी के बाद कम फैट युक्त डेयरी प्रोडक्ट का सेवन करना फायदेमंद माना जाता है। ऐसे में आप प्रोटीन युक्त आहार जैसे दूध, दही और पनीर का सेवन कर सकते हैं।ऑपरेशन के बाद घाव सूखने के लिए क्या खाना चाहिए?
सर्जरी के बाद घाव भरने के लिए आप विटामिन, फाइबर और मिनरल्स युक्त आहार का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप दालें, हरी पत्तेदार सब्जियां और फलों का सेवन कर सकते हैं।ऑपरेशन के बाद कमजोरी को दूर कैसे करें?
सर्जरी के बाद कमजोरी को दूर करने के लिए पर्याप्त आराम, हाइड्रेटेड रहना, पौष्टिक आहार लेना और व्यायाम करना महत्वपूर्ण है। पर्याप्त नींद लेना, संतुलित आहार लेना, और अपनी शारीरिक गतिविधि को धीरे-धीरे बढ़ाना शरीर को ठीक होने में मदद करता है।