Doctor Verified

पीरियड्स के दौरान कौन-सी एक्सरसाइज करें और कौन-सी नहीं? एक्सपर्ट से जानें

पीरियड्स के दौरान महिलाओं को कई तरह की स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होती हैं। यहां जानिए, पीरियड्स के दौरान कौन सी एक्सरसाइज करनी चाहिए और कौन सी नहीं?
  • SHARE
  • FOLLOW
पीरियड्स के दौरान कौन-सी एक्सरसाइज करें और कौन-सी नहीं? एक्सपर्ट से जानें


दुनियाभर में 28 मई को हर साल 'विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस' (World Menstrual Hygiene Day) माहवारी यानी पीरियड्स के दौरान महिलाओं को साफ-सफाई के प्रति जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। माहवारी महिलाओं की जिंदगी का एक अहम हिस्सा है, जिससे हर महिला गुजरती है। हर महीने माहवारी यानी पीरियड्स के समय महिलाओं के शरीर में हार्मोनल बदलाव होते हैं, जिसके कारण अक्सर महिलाएं चिड़चिड़ापन भी महसूस करती हैं। पीरियड्स को लेकर पुराने समय में कई तरह के अंधविश्वास फैले थे जो कि वक्त के साथ कम हुए हैं। वर्तमान समय में महिलाएं अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक हो रही हैं और फिट रहने के लिए रोजाना योग एक्सरसाइज करती हैं। ऐसे में कई महिलाओं का सवाल होता है कि पीरियड्स के दौरान कौन सी एक्सरसाइज करनी चाहिए और कौन सी नहीं? इस बारे में हमने वृंदावन और नई दिल्ली स्थित मदर्स लैप आईवीएफ सेंटर की चिकित्सा निदेशक, स्त्री रोग और आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. शोभा गुप्ता से बात की है।

पीरियड्स के दौरान कौन सी एक्सरसाइज करनी चाहिए? - What Is The Best Exercise During Your Period

स्त्री रोग और आईवीएफ विशेषज्ञ डॉ. शोभा गुप्ता ने बताया कि पुराने समय में महिलाएं माहवारी के दौरान सिर्फ आराम करती थीं और घर से भी बाहर नहीं निकलती थीं लेकिन वर्तमान में महिलाएं माहवारी के दौरान ऑफिस भी जाती हैं और घर के अन्य काम भी करती हैं। समय के साथ लोगों ने अपनी सोच और रहन-सहन के तरीकों को बदला है। तेजी से बदलती लाइफस्टाइल के साथ अगर आप रोजाना एक्सरसाइज और योग करते हैं तो आपके लिए लाभदायक है, माहवारी के दौरान भी लाइट एक्सरसाइज और योग किया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें: पीरियड्स में होने वाली समस्याओं का इलाज हैं ये 5 आयुर्वेदिक उपाय, जानें किस समस्या में कौन-सा उपाय है कारगर?

1.  पीरियड्स के दौरान, शारीरिक और मानसिक स्थिति को ध्यान में रखते हुए आप ब्रिस्क वॉक कर सकती हैं। इससे शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और पीरियड्स के दर्द को कम करने में मदद मिल सकती है। आप रोजाना 20-30 मिनट वॉक कर सकती हैं।

2. पीरियड्स में स्ट्रेचिंग करना भी लाभदायक हो सकता है। स्ट्रेचिंग के लिए आपको घर से बाहर जाने की भी जरूरत नहीं होती है। आप बिस्तर पर भी स्ट्रेचिंग कर सकती हैं, इससे ब्लड फ्लो बेहतर होगा।

3. पीरियड्स के दौरान महिलाओं के शरीर में कई तरह के हार्मोनल बदलाव आते हैं, जिसके कारण मूड स्विंग और तनाव की समस्या हो सकती है। ऐसे में महिलाएं डांस कर सकती हैं, डांस करने से तनाव कम होता है और शरीर में ब्लड सर्कुलेशन भी बेहतर होता है।

exercise

इसे भी पढ़ें: क्या पीरियड्स की वजह से यूटीआई हो सकता है? डॉक्टर से जानें इससे छुटकारा पाने के उपाय

पीरियड में कौन सी एक्सरसाइज नहीं करनी चाहिए? - What Exercises Should Avoid During Periods In Hindi

डॉक्टर की सलाह है कि महिलाओं को पीरियड्स के दौरान इंटेंस वर्कआउट से दूरी बनानी चाहिए। दरअसल, अगर आप पीरियड्स के दौरान इंटेंस वर्कआउट करती हैं तो इससे पेट में खिंचाव आ सकता है, जिससे दर्द की समस्या बढ़ सकती है। इसके साथ ही वर्कआउट लंबे समय तक भी नहीं करना चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि ज्यादा वर्कआउट से थकान और कमजोरी के साथ शरीर में ऐंठन की शिकायत हो सकती है।

1. पीरियड्स के दौरान ज्यादा साइकलिंग से बचना चाहिए, इससे दर्द की शिकायत बढ़ सकती है।

2. पीरियड्स के दौरान महिलाओं को वेट लिफ्टिंग एक्सरसाइज नहीं करनी चाहिए। ऐसा इसलिए, क्योंकि पीरियड्स में भारी वजन उठाने से पेट की मांसपेशियों पर अत्यधिक दबाव पड़ सकता है। जिससे दर्द की शिकायत बढ़ सकती है।

3. पीरियड्स के दौरान हाई इंटेंसिटी कार्डियो एक्सरसाइज से बचना चाहिए। खासकर, जिन महिलाओं को पीरियड्स के समय दर्द की शिकायत रहती है।

4. माहवारी के दौरान उलटे योगासनों जैसे शीर्षासन से बचना चाहिए। इससे पीरियड्स के दौरान होने वाली समस्याएं बढ़ सकती हैं।

याद रखें कि हर महिला का शरीर अलग होता है, इसलिए एक्सरसाइज का चयन अपनी सुविधा के अनुसार करें। यदि आपको पीरियड्स के दौरान ज्यादा दर्द होता है, तो डॉक्टर से परामर्श करें।

All Images Credit- Freepik

Read Next

किसी को आई शर्म तो किसी ने समझा चोट, ये 4 लड़कियां बता रही हैं अपने पहले पीरियड का अनुभव

Disclaimer