
Low Calorie Foods In Hindi: आज के समय में मोटापा एक गंभीर समस्या बन चुका है, जिससे ज्यादातर लोग परेशान हैं। बढ़ा हुआ वजन न सिर्फ देखने में खराब लगता है, बल्कि सेहत को भी नुकसान पहुंचाता है। इसके कारण डायबिटीज, हाई बीपी और ह्रदय रोगों जैसी कई गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। वजन कंट्रोल करने के लिए वर्कआउट के साथ-साथ हेल्दी डाइट लेना भी बहुत जरूरी है। आप चाहे जितनी एक्सरसाइज कर लें, अगर आप खानपान का ध्यान नहीं रख रहे हैं, तो आप वजन कम नहीं कर पाएंगे। दरअसल, जब हम शरीर की आवश्यकता से ज्यादा कैलोरी लेते हैं, तो एक्स्ट्रा कैलोरी बॉडी में फैट के रूप में जमा हो जाती है। इसकी वजह से आप मोटापे का शिकार हो सकते हैं। अगर आप वेट लॉस जर्नी पर हैं, तो आपको लो कैलोरी फूड्स को डाइट में शामिल करना चाहिए। अक्सर लोगों को लगता है कि लो कैलोरी फूड्स का मतलब उबला या सादा खाना है। लेकिन ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। इस लेख में हम आपको ऐसे 5 लो कैलोरी फूड्स बता रहे हैं, जिन्हें खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा रहेगा और वेट लॉस में मदद मिलेगी -
मोटापा कम करने के लिए खाएं ये 5 लो कैलोरी फूड्स - Low Calorie Foods For Weight Loss In Hindi
योगर्ट
योगर्ट एक अच्छा लो कैलोरी फूड ऑप्शन है। यह प्रोटीन का एक बेहतरीन स्त्रोत है, जिसकी वजह से यह पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। यह शुगर क्रेविंग को कंट्रोल में भी मददगार होता है, जिससे आप अनहेल्दी खाने से बच जाते हैं। हालांकि, फ्लेवर्ड योगर्ट में पोषक तत्वों की मात्रा कम और कैलोरी ज्यादा होती है। अगर आप वजन कम करना चाहते हैं, तो आपको प्लेन योगर्ट खाना चाहिए।
अंडे
वजन घटाने के लिए अंडे का सेवन काफी फायदेमंद माना जाता है। इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में होता है और कैलोरी काफी कम होती है। नाश्ते में अंडे खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहता है और बार-बार भूख नहीं लगती है। इससे आप जरूरत से ज्यादा नहीं खाते हैं और वेट लॉस में मदद मिलती है। आप उबले अंडे खा सकते हैं या अंडे का ऑमलेट या भुर्जी बनाकर भी खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए दलिया कैसे खाएं? जानें 4 तरीके, जिनसे वेट लॉस में मिलेगी मदद
सेब
रोजाना एक सेब का सेवन न केवल आपको बीमारियों से दूर रखेगा, बल्कि वजन को भी कंट्रोल करेगा। इसमें कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है, इसलिए यह वेट लॉस में मददगार होता है। 100 ग्राम सेब में लगभग 50 कैलोरी होती है। इसमें फाइबर होता है, जो पेट को लंबे समय के लिए भरा रखता है। इसमें मौजूद पेक्टिन फैट बर्न करने में मदद करता है।
ओट्स
वेट लॉस करने वालों के लिए ओट्स का सेवन काफी फायदेमंद होता है। आधा कप ओट्स में लगभग 154 कैलोरी ही पाई जाती है। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो भूख को कंट्रोल करने में मदद करता है। नाश्ते में एक कटोरी ओट्स खाने से पेट लंबे समय तक भरा रहेगा और वजन घटाने में मदद मिलेगी। ओट्स को और ज्यादा पौष्टिक बनाने के लिए आप इसमें हरी सब्जियां डालकर पका सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने चाहते हैं तो नाश्ते में खाएं ये 5 फूड्स, भूख लगेगी कम और तेजी से होगा वेट लॉस
खीरा
गर्मियों में खीरा खूब खाया जाता है। इसमें पानी भरपूर मात्रा में होता है, इसलिए यह डिहाइड्रेशन और लू से बचाव करता है। खीरा खाने से वजन कम करने में मदद मिलती है। 100 ग्राम खीरे में सिर्फ 16 कैलोरी तक ही मिलती है। इसे खाने से पेट जल्दी भर जाता है और आप ओवरईटिंग से बच जाते हैं।