Stale Food Side Effects In Hindi: स्वस्थ रहने के लिए हमेशा ताजा और गर्म खाना खाने की सलाह दी जाती है। लेकिन आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग एक ही टाइम में ज्यादा खाना बनाकर फ्रिज में रख देते हैं और बाद में दोबारा गर्म करके खाते हैं। वहीं, कई लोग खाना फेंका न जाए, इसलिए बचा हुआ खाना खाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि बासी खाना खाने से सेहत पर काफी बुरा प्रभाव पड़ता है? जी हां, बासी भोजन में हानिकारक बैक्टीरिया पनपने लगते हैं, जो शरीर में कई समस्याओं का कारण बन सकते हैं। बासी खाना खाने से आपका पेट खराब हो सकता है और पाचन संबंधी समस्याएं समस्याएं हो सकती है। साथ ही, उल्टी, दस्त और फूड पॉइजनिंग की शिकायत भी हो सकती है। आज इस लेख में डाइट्रीफिट की डाइटिशन अबरना मैथ्यूवनन से जानेंगे बासी खाना खाने के नुकसान क्या हैं -
बासी खाना खाने के नुकसान - Side Effects Of Eating Stale Food In Hindi
फूड पॉइजनिंग
बासी खाना खाने से सबसे ज्यादा खतरा फूड पॉइजनिंग का होता है। दरअसल, अगर खाना बनने के 2 घंटे के भीतर इसे फ्रिज में न रखा जाए, तो उसमें कई बैक्टीरिया और फंगस पनपने लगते हैं। इसकी वजह से शरीर में विषाक्त पदार्थ की मात्रा बढ़ जाती है। ऐसा खाना खाने से फूड पॉइजनिंग की शिकायत हो सकती है। खासतौर पर, बासी चावल और आलू खाने से फूड पॉइजनिंग की संभावना सबसे अधिक होती है।
पाचन संबंधी समस्याएं
बासी भोजन में पैदा हुए बैक्टीरिया पाचन संबंधी समस्याओं का कारण बन सकते हैं। ये बैक्टीरिया पाचन क्रिया को प्रभावित कर सकते हैं। इसकी वजह से आपको पेट दर्द, कब्ज और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। कमजोर पाचन तंत्र वाले लोगों को भूलकर भी बासी भोजन का सेवन नहीं करना चाहिए। इसकी वजह से आपको पेट में इंफेक्शन की शिकायत भी हो सकती है।
पोषण तत्वों की कमी
जब भोजन को तेज आंच पर पकाया जाता है, तो उसमें मौजूद कुछ जरूरी पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। जब पके हुए भोजन को रेफ्रिजरेट किया जाता है, तो ऐसे में उसकी स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है। ऐसा भोजन को दोबारा गर्म करके खाने से शरीर को पर्याप्त पोषण नहीं मिल पाता है। साथ ही, इसमें मौजूद बैक्टीरिया की वजह से शरीर में कई तरह की समस्याएं होने लगती हैं।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में क्यों ज्यादा होती है फूड पॉइजनिंग की समस्या, एक्सपर्ट से जानें
उल्टी और दस्त
फूड पॉइजनिंग की समस्या अगर बहुत ज्यादा बढ़ जाए, तो इससे उल्टी और दस्त की शिकायत हो सकती है। इसकी वजह से शरीर से अधिक मात्रा में पानी निकल जाता है और डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। खासकर, बच्चों में डायरिया की समस्या जल्दी होती है। इसलिए उन्हें बचा हुआ खाना दोबारा गर्म करके नहीं खिलाना चाहिए।
बुखार
बासी खाने में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया शरीर में संक्रमण का कारण बन सकते हैं। जब शरीर का इम्यून सिस्टम बैक्टीरिया से लड़ता है, तो इससे शरीर का तापमान बढ़ने लगता है। इसकी वजह से कुछ लोगों को बुखार की शिकायत भी हो सकती है। अगर आपको बासी खाना खाने के बाद बुखार और कमजोरी की शिकायत हो, तो तुरंत डॉक्टर से परामर्श लें।
इन चीजों को बासी खाने से बचें
बासी खाना खाने से सेहत को कई नुकसान पहुंच सकते हैं। खासतौर पर, बासी चावल, अंडा, सीफूड, और प्रोसेस्ड फूड को खाने से बचना चाहिए। इन सभी चीजों में बैक्टीरिया जल्दी पनपते हैं, इसलिए इन चीजों को बासी खाने से परहेज करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: कहीं आप भी तो नहीं पी रहे दूध के नाम पर जहरीला सफेद पाउडर? घर पर ऐसे करें चेक
कितने घंटे बाद रखा हुआ भोजन नहीं खाना चाहिए?
हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक, भोजन बनने के तुरंत बाद खा लेना सबसे अच्छा होता है। हालांकि, अगर तुरंत खाना संभव न हो, यो इसे 1 से 2 के अंदर ही खा लेना चाहिए। 6-8 घंटे बाद पका हुआ भोजन खाने योग्य नहीं रहता है।