Side Effects Of Ice Cold Water In Hindi: गर्मी का मौसम शुरू होते ही लोग ठंडी चीजों का सेवन करने लगते हैं। चिलचिलाती धूप से घर वापस आने के बाद लोग तरह-तरह की ड्रिंक्स पीते हैं। जिसमें ठंडा पानी, लस्सी, छाछ, जूस, नारियल पानी, आम पन्ना आदि शामिल हैं। गर्मियों में प्यास बुझाने के लिए लोग फ्रिज का ठंडा पानी पसंद करते हैं। ठंडा पानी पीने से शरीर को तुरंत ठंडक मिलती है और शरीर में ताजगी आती है। गर्मियों में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए दिन में कम से कम 8-10 गिलास पानी का सेवन करना चाहिए। लेकिन आपने अक्सर कुछ लोगों को बर्फ वाला पानी पीते देखा होगा। कुछ लोग फ्रिज से एकदम चिल्ड पानी निकालकर पीने लगते हैं या पानी में बर्फ डालकर पीते हैं। गर्मी में ठंडा पानी पीने में भला ही बहुत अच्छा लगता हो, लेकिन यह आपकी सेहत के लिए बहुत नुकसानदायक साबित हो सकता है। इससे आपको कई तरह की गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इस बारे में ज्यादा जानकारी प्राप्त करने के लिए हमनें डाइट्रीफिट की डाइटीशियन अबरना मैथ्यूवन से बात की. तो आइए, जानते हैं कि बर्फ वाला पानी पीने से क्या-क्या नुकसान होते हैं-
बर्फ का पानी पीने के नुकसान - Side Effects Of Ice Cold Water In Hindi
पाचन को नुकसान पहुंचता है
बर्फ वाला पानी पीने से आपको पाचन से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। दरअसल, ठंडे पानी को पचने में बहुत अधिक समय लगता है। यह भोजन की पाचन क्रिया में बाधा उत्पन्न करता है। अगर खाना खाते समय आप ठंडे पानी का सेवन करते हैं, तो इससे शरीर खाना पचाने की जगह उस ऊर्जा का इस्तेमाल पानी के तापमान को सामान्य करने में लगा देता है। इसलिए कभी भी खाना खाते समय ठंडा पानी नहीं पीना चाहिए।
गले से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं
बर्फ वाला पानी पीने से शरीर में ज्यादा मात्रा में बलगम बनने लगता है। इससे गले में खराश, कफ, सर्दी- जुकाम और गले में सूजन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। जिन लोगों को सांस संबंधी परेशानी हो, उन्हें बर्फ का पानी पीने से परहेज करना चाहिए।
सिरदर्द
धूप से आकर बर्फ वाला पानी पीने से सिरदर्द की समस्या हो सकती है। दरअसल, ठंडा पानी पीने से स्पाइन की नर्व्स को ठंडक पहुंचती है, जिसका प्रभाव दिमाग पर पड़ता है। इसकी वजह से सिर में दर्द होने लगता है। जो लोग साइनस की समस्या से ग्रसित हैं, उन्हें भूलकर भी बर्फ वाले पानी का सेवन नहीं करना चाहिए। इससे उनकी स्थिति गंभीर हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में घर पर 5 मिनट में बनाएं डिटॉक्स वाटर, वजन होगा कम और मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे
बवासीर हो सकता है
अगर आप लंबे समय तक बर्फ वाला पानी पीते रहते हैं, इससे बवासीर यानी पाइल्स की समस्या हो सकती है। दरअसल, बहुत अधिक ठंड में चीजें जमने लगती हैं। ठीक इसी तरह, बर्फ वाला पानी पीने से मल सख्त हो जाता है, जिससे बवासीर की समस्या हो सकती है। बहुत अधिक ठंडा पानी पीने से आंत में घाव भी बन सकते हैं। इसकी वजह से आपको मल में खून और पेट में दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
शरीर में पानी की कमी
शायद आपको यह जानकर हैरानी होगी कि बर्फ वाला पानी पीने से आपको डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। दरअसल, बहुत ज्यादा ठंडा पानी आपकी प्यास को खत्म कर देता है। ऐसे में, थोड़ा सा पानी पीकर भी आपको पानी पीने की इच्छा नहीं होगी। इससे आप कम पानी पिएंगे, जिससे बॉडी डिहाइड्रेट हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: गर्मियों में पिएं ये 5 हर्बल चाय, शरीर रहेगा ठंडा
डाइटीशियन अबरना के मुताबिक, बर्फ वाला पानी से आपकी सेहत को कई नुकसान हो सकते हैं। इसलिए आपको इसका सेवन करने से बचना चाहिए। पानी हमेशा रूम टेम्प्रेचर पर ही पीना चाहिए। लेकिन अगर आप गर्मी में ठंडा पानी पीना चाहते हैं, तो नॉर्मल से थोड़ा ठंडा पानी पी सकते हैं। लेकिन पानी में बर्फ डालकर या फ्रीजर में रखा चिल्ड पानी पीने से बचें।