Side Effects Of Cheese in Hindi: आजकल चीज़ (Cheese) खाने का चलन बढ़ गया है। लेकिन अपने बचपन की बात करूं, तो उस समय मक्खन और घी को ज्यादा पसंद किया जाता था। मां और दादी बच्चों को रोटी और ब्रेड पर ज्यादा घी या मक्खन लगाकर खिलाया करती थीं जिससे उनके शरीर में ताकत बनी रहे। दौर बदला और अब लोग चीज़ और पनीर खाना ज्यादा पसंद करते हैं। चीज़ को आप पनीर का एक आधुनिक रूप भी कह सकते हैं। चीज़ के कई प्रकार बाजार में मिलते हैं जिसमें कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। चीज़ में कैल्शियम पाया जाता है जो दांत और हड्डियों के लिए फायदेमंद होता है। चीज़ में कैलोरीज, प्रोटीन और फैट की भरपूर मात्रा मौजूद होती है जो वजन बढ़ाने में मदद करती है। चीज़ का सेवन उन बच्चों के लिए फायदेमंद होता है जो अंडरवेट होते हैं। लेकिन चीज़ की ज्यादा मात्रा बच्चों की सेहत को खराब भी कर सकती है। कुछ माता-पिता अपने बच्चों को रोज चीज़ खिलाते हैं। इससे उनकी सेहत बिगड़ सकती है। चलिए आपको बताते हैं बच्चों को ज्यादा चीज़ खिलाने के नुकसान। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने तबाता फिटनेस की प्रबंधक, न्यूट्रिशनिस्ट और फिटनेस एक्सपर्ट पायल अस्थाना से बात की।
बच्चों के लिए ज्यादा चीज़ खाने के नुकसान- Side Effects Of Cheese For Kids
1. बच्चों में हाई बीपी की समस्या- High BP in Kids
बाजार में मिलने वाले चीज़ में सोडियम की मात्रा ज्यादा होती है। ज्यादा चीज़ खाने से बच्चों में हाई बीपी की समस्या हो सकती है। हाई बीपी के कारण आगे चलकर बच्चों को हार्ट अटैक, किडनी प्रॉब्लम, हार्ट फेलियर आदि का खतरा रहता है। चीज़ में फैट की ज्यादा मात्रा होने के कारण हार्टबर्न की समस्या भी हो सकती है।
2. वजन बढ़ सकता है- Obesity in Kids
ज्यादा चीज़ खाने से बच्चों में बढ़ने की समस्या हो सकती है। चीज़ में कैलोरीज की मात्रा ज्यादा होती है। इसे ज्यादा मात्रा में खाने के कारण बच्चे ओवरवेट हो सकते हैं। आजकल माता-पिता बच्चों को इंस्टैंट स्नैक्स देने के चक्कर में चीज़ और ब्रेड खिला देते हैं। इस कॉम्बिनेशन से वजन तेजी से बढ़ता है। ब्रेड मैदा से बनती है और चीज़ में फैट होता है इसलिए बच्चों को ज्यादा चीज़ न खिलाएं।
3. डायबिटीज हो सकती है- Diabetes in Kids
जो बच्चे मोटापे का शिकार होते हैं उनमें डायबिटीज के लक्षण नजर आने लगते हैं। अगर बच्चे को ज्यादा चीज़ खाना पसंद है, तो उसकी सेहत खराब हो सकती है। कम उम्र में डायबिटीज हो जाने से बच्चों को थायराइड और हाई बीपी जैसी बीमारियों का खतरा भी ज्यादा होता है।
4. कब्ज की समस्या- Constipation
ज्यादा चीज़ खाने से बच्चे को कब्ज की समस्या हो सकती है। चीज़ में फाइबर की मात्रा ज्यादा होती है। ज्यादा फाइबर खाने से पाचन तंत्र बिगड़ जाता है। ज्यादा चीज़ के सेवन से एसिडिटी, पेट दर्द, डायरिया की समस्या भी हो सकती है। पिज्जा, बर्गर, सैंडविच जैसी चीजों में भरपूर चीज़ होता है जिसे खाने से डाइजेशन खराब हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- ज्यादा चीज़ (Cheese) खाने से सेहत को हो सकते हैं ये 7 नुकसान
5. डिहाइड्रेशन- Dehydration
चीज़ खाने के बाद बच्चे को पानी की पर्याप्त मात्रा का भी सेवन करना होता है क्योंकि चीज़ में सोडियम होता है। इसकी ज्यादा मात्रा खा लेने से डिहाइड्रेशन की समस्या हो सकती है। शरीर में डिहाइड्रेशन होने पर बच्चे को सिर में दर्द और चिड़चिड़ापन जैसे लक्षण महसूस हो सकते हैं।
चीज़ की सीमित मात्रा बच्चे को देंगे, तो उसकी सेहत को चीज़ से होने वाले नुकसान से बचा सकते हैं। उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।