क्या आपको भारी सामान उठाने पर कंधे में समस्या महसूस हो रही है? या खेल के दौरान अचानक से कंधे में दर्द उठा हो? अगर आपको अचानक कंधे में दर्द, सूजन जैसे लक्षण नजर आ रहे हैं, तो ये शोल्डर अर्थराइटिस यानी कंधे में गठिया रोग के कारण हो सकता है। लोग अक्सर कंधे के दर्द को नजरअंदाज कर देते हैं पर गठिया रोग बढ़ने के कारण आपकी समस्या बढ़ सकती है। कंधे में गठिया रोग बढ़ने से रोज के काम करने में आपको दिक्कत महसूस होगी, जैसे- नहाना, लिखना या कंप्यूटर पर काम करना आदि। इस लेख में हम शोल्डर अर्थराइटिस के लक्षण, कारण, इलाज और बचाव के टिप्स आदि पर बात करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
शोल्डर अर्थराइटिस क्या है?- Shoulder Arthritis
गठिया रोग के कारण कंधे के जोड़ में दर्द, सूजन की समस्या को शोल्डर अर्थराइटिस (shoulder arthritis) कहते हैं। ये भी गठिया रोग का एक प्रकार है। अर्थराइटिस के कारण कार्टिलेज डैमेज होने लगता है। कार्टिलेज एक मुलायम टिशू को कहते हैं, जो जोड़ों को सुरक्षा प्रदान करता है। कंधे में अर्थराइटिस के लक्षण समय के साथ बढ़ने लगते हैं इसलिए आप समय पर जांच और इलाज करवा लें। गठिया एक गंभीर समस्या है, जिसका सही इलाज आपको डॉक्टर के पास ही मिलेगा इसलिए घरेलू नुस्खों के चलते देरी न करें।
इसे भी पढ़ें- क्यों होता है कंधों में दर्द? जानें लक्षण और कारण
कंधे में अर्थराइटिस के लक्षण- Shoulder Arthritis Symptoms
- कंधे में दर्द होना
- कंधे के ज्वॉइंट्स में सूजन
- कंधे में अकड़न महसूस होना
- कंधा हिलाने में परेशानी होना
- हाथ और कोहनी में दर्द होना
- सोने में परेशानी होना
शोल्डर अर्थराइटिस के कारण- Shoulder Arthritis Causes
- जिन लोगों की उम्र 50 या उससे ज्यादा है उनमें शोल्डर अर्थराइटिस के लक्षण नजर आने की आशंका ज्यादा रहती है।
- कंधे में इन्फेक्शन या फ्रेक्चर के कारण कम उम्र में भी ये समस्या हो सकती है।
- रूमेटाइड अर्थराइटिस (rheumatoid arthritis) के कारण शोल्डर अर्थराइटिस की समस्या हो सकती है।
- ऑस्टियोआर्थराइटिस (osteoarthritis) होने पर भी कंधे में गठिया रोग हो सकता है।
शोल्डर अर्थराइटिस की जांच- Shoulder Arthritis Diagnosis
- शोल्डर अर्थराइटिस के लक्षण नजर आने पर आप डॉक्टर के पास जाएं। फिजिकल चेकअप के जरिए डॉक्टर आपको आगे जांच कराने की सलाह देंगे।
- एक्स-रे और सीटी स्कैन के जरिए शोल्डर अर्थराइटिस का पता लगाया जाता है।
- मरीज को एमआरआई कराने की जरूरत भी पड़ सकती है।
कंधे का दर्द कम कैसे करें?- Shoulder Pain Treatment
- शोल्डर अर्थराइटिस के कारण कंधे में दर्द होने पर बर्फ की सिंकाई या हीट थेरेपी ले सकते हैं।
- कंधे की कसरत और मालिश व स्ट्रेचिंग से भी दर्द कम किया जा सकता है।
- सोते समय तकिए को कंधे के नीचे रखें। गलत तरीके से तकिए पर सिर रखने से कंधे का दर्द बढ़ सकता है।
- कंधे के दर्द को कम करने के लिए गुनगुने पानी में सेंधा नमक डालकर स्नान ले सकते हैं।
शोल्डर अर्थराइटिस का इलाज- Shoulder Arthritis Treatment
- समय पर गठिया के लक्षण नजर आने पर शोल्डर अर्थराइटिस के लक्षणों को दवा और इंजेक्शन से कम किया जा सकता है।
- कंधे में गठिया रोग का दर्द बढ़ने या गंभीर लक्षण नजर आने पर शोल्डर रिप्लेसमेंट सर्जरी (shoulder replacement surgery) की जाती है।
- शोल्डर अर्थराइटिस का इलाज करने के लिए डॉक्टर शोल्डर आर्थ्रोस्कोपी डिब्रिजमेंट (arthroscopic shoulder debridement) सर्जरी भी करते हैं।
- कंधे में गठिया रोग के गंभीर मरीजों के इलाज में डॉक्टर रिसेक्शन आर्थ्रोप्लास्टी (resection arthroplasty) करते हैं। ये एक प्रकार की ज्वॉइंट सर्जरी है।
शोल्डर अर्थराइटिस से कैसे बचें?- Shoulder Arthritis Prevention Tips
- जोड़ों में चोट से बचें।
- हेल्दी डाइट लें।
- रोजाना कसरत करें।
- वजन कंट्रोल करें।
- तंबाकू का सेवन न करें।
- कैल्शियम का सेवन करें।
शोल्डर अर्थराइटिस और फ्रोजन शोल्डर में अंतर
फ्रोजन शोल्डर और शोल्डर अर्थराइटिस के लक्षण लगभग एक जैसे महसूस होते हैं। इनमें फर्क करना मुश्किल हो, तो अंतर समझ लें। कंधे के ज्वॉइंट में मौजूद कैप्सूल जब सख्त हो जाता है, तो दर्द महसूस होता है जिसे फ्रोजन शोल्डर के नाम से जानते हैं। फ्रोजन शोल्डर की समस्या समय के साथ ठीक हो जाती है। वहीं कंधे में अर्थराइटिस, एक लंबी बीमारी है, जो पूरी तरह से ठीक नहीं हो सकती। शोल्डर अर्थराइटिस के कारण ज्वॉइंट कैप्सूल नहीं, बल्कि शोल्डर के ज्वॉइंट पर बीमारी का असर पड़ता है।
गठिया रोग का पूर्ण इलाज संभव नहीं है पर इसके लक्षणों को कम किया जा सकता है। कंधे के अर्थराइटिस में डॉक्टर आपको दवा, इंजेक्शन, फिजिकल थेरेपी दे सकते हैं। ज्यादा डैमेज हो चुकी हड्डी का इलाज करने के लिए सर्जरी की मदद भी ली जाती है।