एक्सरसाइज करना हर किसी के लिए फायदेमंद होता है और ये लंबे समय तक आपको स्वस्थ रखने का काम करती है। ऐसा ही बुजुर्गों के साथ होता है, वो भी स्वस्थ रहने के लिए एक्सरसाइज करते हैं और खुद को फिट रखने की कोशिश करते हैं। लेकिन क्या बुजुर्गों के लिए सभी प्रकार की एक्सरसाइज सही होती है? इसका जवाब होना चाहिए नहीं, क्योंकि कई ऐसी एक्सरसाइज होती है जो भारी वजन के साथ और जिनमें चोट लगने का खतरा सबसे ज्यादा हो सकता है। जिसको करने से बुजुर्गों को नुकसान हो सकता है। इसलिए उन्हें कुछ ऐसी एक्सरसाइजों को अपनाना चाहिए जो वो आसानी से रोजाना कर लें वो भी बिना किसी भारी वजन के साथ। तो आइए इस लेख के जरिए ये जानते हैं कि बुजुर्गों को किस तरह की एक्सरसाइज को अपनाना चाहिए।
वॉल पुशअप्स
सामान्य पुशअप्स बुजुर्गों के लिए थोड़ी मुश्किल हो सकती है, इसलिए उनके लिए पुशअप का सबसे बेहतरीन तरीका है वॉल पुशअप। इस पुशअप्स में आपको एक दीवार के सहारे की जरूरत होती है जिसमें आप खड़े होकर ही पुशअप्स को कर सकते हैं। ये पुशअप्स आपके कंधों और छाती को मजबूत बनाने पर काम करता है। इसको करने के लिए आप सबसे पहले एक दीवार से थोड़ा दूरी पर खड़े रहें, अब दीवार पर अपनी हथेलियों को रख लें और अपने शरीर को सीधा रखते हुए पुशअप्स करना शुरू करें। इसको आप 10 से 15 बार करने की कोशिश करें।
इसे भी पढ़ें: फिटनेस रूटीन में शामिल ये डंबल एक्सरसाइज कर रही है आपका समय बर्बाद, जानें कैसे करें सुधार
टॉप स्टोरीज़
साइड लेग रेज
ये एक्सरसाइज आपके संतुलन को बनाए रखने के साथ आपकी निचले शरीर को मजबूत बनाने के लिए फायदेमंद होती है। इसको आप आसानी से बिना किसी उपकरण के कर सकते हैं। इसको करने के लिए आप जमीन पर दाहिने ओर करवट लेकर लेट जाएं। अब आप अपने दाहिने पैर को धीरे-धीरे ऊपर की ओर उठाने की कोशिश करें, कुछ देर उस स्थिति में रुककर आप वापस पहले वाली स्थिति में आ जाएं। इस प्रक्रिया को आप रोजाना 15 बार जरूर करें।
कंधों को घूमाएं
बुजुर्गों के लिए बहुत ज्यादा मूवमेंट वाली एक्सरसाइज उनकी मांसपेशियों और हड्डियों में चोट के खतरे को बढ़ा सकती है, इसके लिए आप उन एक्सरसाइज को अपनाएं जिनमें कम चोट का खतरा हो और आपको सही तरीके से फिटनेस मिल सके। इसी कड़ी में कंधों को घूमाने वाले एक्सरसाइज भी शामिल है। इसकी मदद से आप अपने कंधों और बाजुओं को बेहतर बनाए रख सकते हैं। आप सीधे खड़े रहें और अपने कंधों को रोल करना शुरू करें।
इसे भी पढ़ें: अपने खुद के बॉडी वेट से करें यह कसरत, चर्बी रहेगी दूर और मन रहेगा स्वस्थ
बैक स्ट्रेचिंग
बैक स्ट्रेचिंग आपकी पीठ और कूल्हों के लिए की जाने वाली एक बेहतरीन एक्सरसाइज है, जिसकी मदद से आप अपनी पीठ को तनावमुक्त महसूस करने के साथ फिट महसूस कर सकते हैं। इसको आसानी से करने के लिए आप सीधे खड़े हो जाएं और अपने हाथों को अपने कूल्हों पर रख लें। अब कूल्हों पर जोर लगाते हुए अपनी पीठ को पीछे की ओर ले जाने की कोशिश करें। आप तब तक पीठ को पीछे की ओर लेकर जाएं जहां तक संभव हो। इसके बाद आप कुछ देर यहां रुककर वापस पहले वाली स्थिति में आ जाएं।
Read Articles on Diet And Fitness in Hindi