One Nose Blocked in Hindi: नाक बंद होना एक सामान्य समस्या है। कई लोगों को अकसर ही इस समस्या से जूझना पड़ता है, तो किसी को कभी-कभी यह समस्या परेशान कर सकती है। नाक बंद होने पर व्यक्ति की पूरी दिनचर्या प्रभावित हो सकती है। इस दौरान रात में नींद न आने का सामना करना पड़ सकता है। इतना ही नहीं नाक बंद होने पर बोलने, सुनने में भी परेशानी हो सकती है। जब व्यक्ति को अकसर ही नाक बंद की समस्या रहती है, तो इससे उसे खर्राटे भी आ सकते हैं। वैसे तो दोनों नाक बंद होती है, लेकिन कई बार सिर्फ एक ही नाक बंद होती है।
जानें एक नाक बंद होने के कौन-कौन से कारण हो सकते हैं।
एक नाक बंद होने के कारण (reason of one side nose block in hindi)
- बंद नाक की समस्या तब हो सकती है, जब नेसल कैविटी में सूजन आ जाती है। इसकी वजह से बलगम बनने लगता है। साथ ही सांस लेने में भी दिक्कत महसूस होने लगती है।
- इसके अलावा सर्दी, जुकाम जैसी समस्याएं होने पर भी बंद नाक की समस्या हो सकती है। कई बार सर्दी, जुकाम की वजह से एक ही नाक प्रभावित हो सकता है।
बंद नाक को कैसे खोलें (home remedies for blocked nose)
बंद नाक को खोलने के लिए आप कुछ घरेलू उपाय आजमा सकते हैं। इससे आपको समस्या से छुटकारा मिलेगा, साथ ही आपको रोजाना की परेशानियों से भी छुटकारा मिलेगा।
1. भाप लें
अगर आपको नाक बंद हो गई है, इसमें बलगम भर गया है तो आप भाप ले सकते हैं। भाप से बंद नाक की समस्या का इलाज किया जा सकता है। इसके लिए आप पानी गर्म करें, इससे भाप लें। भाप लेने से गर्म हवा नाक और गले के माध्यम से फेफड़ों तक पहुंचती है। इससे सर्दी-जुकाम की समस्या से छुटकारा मिलता है। भाप लेने से नाक खुलती है, बलगम बाहर निकल जाता है। नाक को खोलने के लिए आप दिन में 2-3 बार भाप ले सकते हैं।
इसे भी पढ़ें - गला खराब होने पर इन 6 फूड्स का करें सेवन, जानें किन चीजों से करना चाहिए परहेज
2. नाक की सिकाई करें
बंद नाक की समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप नाक की सिकाई भी कर सकते हैं। इसके लिए आप गर्म पानी में एक तौलिया भिगोएं, इसे निचोड़कर अपनी बंद नाक पर लगाएं। इससे नाक से बलगम आसानी से बाहर निकलने लगेगा। इस समस्या से छुटकारा पाने के लिए आप दिन में 1-2 बार नाक, गले की सिकाई कर सकते हैं।
3. अदरक
अदरक श्वसन तंत्र की समस्या का इलाज करने में काफी कारगर माना जाता है। नाक बंद होने पर भी आप अदरक का सेवन कर सकते हैं। अदरक में एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो समस्या से राहत दिलाते हैं। इसके लिए आप अदरक के टुकड़ों में नमक मिलाकर खाएं। आप चाहें तो अदरक की चाय भी पी सकते हैं।
4. लहसुन
लहसुन भी बंद नाक की समस्या से छुटकारा दिला सकता है। इसके लिए आप लहसुन की 3-4 कलियां लें, इसे पानी में उबालें। इसमें हल्दी पाउडर, काली मिर्च पाउडर डालें और पी लें। ऐसा आप दिन में 2 बार कर सकते हैं। इससे समस्या से काफी आराम मिलेगा।
इसे भी पढ़ें - गले में जकड़न के घरेलू उपचार: गला जकड़ा हुआ है तो आपके काम आएंगे ये 5 उपाय
5. नमक भी है कारगर
बंद नाक की समस्या को ठीक करने के लिए नमक का इस्तेमाल भी किया जा सकता है। इसके लिए आप 2 कप पानी गर्म करें, इसमें आधा चम्मच नमक डालें और अच्छी तरह से मिला लें। अब इससे ड्रॉपर की मदद से अपने नाक में कुछ बूंदे डालें। आप इस प्रक्रिया को दिन में 2-3 बार दोहरा सकते हैं। इससे बलगम आसानी से निकलने में मदद मिलेगी और नासिक मार्ग साफ होगा।
अगर आपको भी नाक बंद की समस्या है, तो इस स्थिति में इन घरेलू उपायों को आजमाया जा सकता है। लेकिन अगर लंबे समय से यह समस्या बनी हुई है, तो एक बार डॉक्टर से जरूर मिलें। क्योंकि कई बार स्वास्थ्य समस्या की वजह से भी नाक बंद होने की समस्या हो सकती है।