
Rabri for healthy weight gain: रबड़ी का नाम सुनते ही सबके मुंह में पानी आ जाता है। रबड़ी एक ऐसा मिष्ठान है जिसे लोग बिना किसी संकोच के स्वाद लेते हुए पेट भरकर खाते हैं। मध्यप्रदेश में कुछ लोग रबड़ी के साथ जलेबी का आनंद उठाना पसंद करते हैं, तो कुछ रबड़ी को यूं ही खाते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं मुंह में मक्खन की तरह घुलने वाली रबड़ी दुबले-पतले लोगों का वजन बढ़ाने में मदद कर सकती है। रबड़ी दूध और मेवाओं से मिलकर बनती है, इसमें भरपूर पोषक तत्व होते हैं, जो वजन बढ़ाने में मदद कर सकते हैं। इतनी ही नहीं दूध और मेवाओं के मिश्रण के कारण रबड़ी हड्डियों के विकास के लिए भी मदद कर सकती है। तो चलिए देर किस बात की है, आज जानते हैं वजन बढ़ाने के लिए रबड़ी का सेवन कैसे करें और रबड़ी खाने से सेहत को कौन से अन्य फायदे मिलते हैं।
वजन बढ़ाने के लिए रबड़ी कैसे खाएं
अगर आपका शरीर देखने में काफी दुबला और पतला है तो आप रबड़ी का सेवन बिना किसी संकोच के कर सकते हैं। वजन बढ़ाने के लिए आप अपनी डेली डाइट में 100 ग्राम तक रबड़ी को शामिल कर सकते हैं। रबड़ी को बनाने के लिए दूध और कई तरह के मेवा (काजू, बादाम, इलायची, खोया, पिस्ता, सूखा नारियल) का इस्तेमाल किया जाता है। दूध और मेवा का संतुलित मात्रा में सेवन किया जाए तो ये वजन बढ़ाने में मददगार साबित होता है। वजन बढ़ाने के लिए अपनी डाइट में रबड़ी को शामिल करते वक्त ध्यान दें कि इसको बनाने के लिए चीनी का इस्तेमाल किया जाता है। चीनी सेहत के लिए नुकसानदायक होती है। इसलिए बेहतर यही होगा कि आप डाइट में चीनी की बजाय गुड़ मिलाकर बनाई जाने वाली रबड़ी को शामिल करें। वजन बढ़ाने के लिए आप लंच या डिनर के बाद रबड़ी का सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ेंः चेहरे की झाइयों और दाग-धब्बों से छुटकारा दिलाता है आलू का दूध, जानें लगाने का तरीका
रबड़ी खाने के अन्य फायदे
रबड़ी का स्वाद मीठा होने के कारण कुछ लोगों को लगता है कि ये सेहत के लिए नुकसानदायक होती है। लेकिन रबड़ी में चीनी की बजाय गुड़ का इस्तेमाल किया जाए तो ये सेहत के लिए हानिकारक नहीं है। रबड़ी सिर्फ वजन बढ़ाने ही नहीं बल्कि सेहत को भी कई तरह के फायदा पहुंचाती है। आइए जानते है इसके बारे में।
दांतों और हड्डियों के लिए फायदेमंद
रबड़ी को बनाने के लिए दूध का इस्तेमाल किया जाता है। दूध होने के कारण रबड़ी में कैल्शियम की मात्रा अधिक पाई जाती है। कैल्शियम के गुणों से भरपूर होने के कारण रबड़ी हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए अच्छी मानी जाती है।
इसे भी पढ़ेंः Year Ender 2022: वजन घटाने के ये तरीके रहे साल 2022 में काफी पॉपुलर, लोगों ने किया सबसे ज्यादा सर्च
इम्यूनिटी को करती है बूस्ट
रबड़ी को बनाने में कई तरह के ड्राई फ्रूट्स का इस्तेमाल किया जाता है। ड्राई फ्रूट्स इम्यूनिटी को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। अगर एक सीमित मात्रा में रबड़ी का सेवन किया जाता है, तो ये इम्यूनिटी को बढ़ाने में मदद कर सकती है।
ब्लड प्रेशर को करता है कंट्रोल
जिन लोगों को बार-बार लो ब्लड प्रेशर की समस्या का सामना करना पड़ता है रबड़ी उनके लिए भी काफी फायदेमंद साबित होती है। रबड़ी का सेवन करने से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद मिल सकती है।
रबड़ी का सेवन करते वक्त सावधानियां
जिन लोगों को दूध या नट्स से किसी तरह की एलर्जी है वो रबड़ी का सेवन न करें। इसके साथ ही जिन लोगों को डायबिटीज, अस्थमा जैसी कोई गंभीर बीमारी है वो रबड़ी का सेवन डॉक्टर की सलाह पर ही करें।