Nutrients For Couples Trying To Conceive: बच्चे के जन्म देना किसी भी महिला के जीवन के सबसे खूबसूरत पलों में से एक होता है। जहां महिला अपने बच्चे को 9 महीने तक पेट में रखती है, वहीं पिता भी उसके आने की खबर सुनने के बाद से ही उसे बेहतर जीवन देने की कोशिश में लग जाते हैं। लेकिन आज की बदलती लाइफस्टाइल, अनहेल्दी डाइट और अन्य कारणों से महिला और पुरुष दोनों में ही इनफर्टिलिटी की समस्या बढ़ गई है, जिसके कारण उनका कंसीव करना मुश्किल हो जाता है। अगर दोनों में से किसी भी एक में इनफर्टिलिटी (InFertility) की समस्या होती है, तो कंसीव करना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में अगर आप आप आपका पर्टनर बेबी प्लान करने के बारे में सोच रहे हैं तो आप दोनों को हेल्दी डाइट और पोषक तत्वों से भरपूर खाद्य पदार्थों (Diet Plan For Couples Trying To Conceive) का सेवन करना जरूरी होता है। दिल्ली के रोहिणी में स्थित अपोलो फर्टिलिटी की इनफर्टिलिटी और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. पूजा जैन ( Dr. Pooja Jain, Infertility and IVF specialist, Apollo Fertility, Rohini, Delhi) का कहना है कि, "डाइट प्रजनन स्वास्थ्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, जो पुरुषों और महिलाओं दोनों की प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकता है। इसलिए, कुछ डाइट पैटर्न और पोषक तत्व आपके ओवरऑल हेल्थ और प्रजनन क्षमता को बढ़ावा दे सकते हैं।" तो आइए इनफर्टिलिटी और IVF स्पेशलिस्ट डॉ. पूजा जैन से जानते हैं कि फर्टिलिटी बढ़ाने के लिए किन पोषक तत्वों का सेवन करना चाहिए? (What Ae The Most Important Nutrients For Fertility)
फर्टिलिटी बढ़ाने के लिए क्या करें?
संतुलित आहार
महिला और पुरुष दोनों ही अपनी फर्टिलिटी बढ़ाने और कंसीव करने के लिए खान-पान में संतुलित आहार जरूर शामिल करें, जिसमें आप अपनी डाइट में ताजे फल, सब्जियां, साबुत अनाज, लीन प्रोटीन और स्वस्थ वसा से भरपूर फूड्स खाएं, जो न सिर्फ आपकी प्रजनन क्षमता को बढ़ावा देते हैं, बल्कि ओवरऑल हेल्थ के लिए फायदेमंद है।
वजन प्रबंधन
कंसीव न कर पाने या इनफर्टिलिटी का कारण कम वजन या ज्यादा वजन हो सकता है, क्योंकि ये आपके हार्मोनल संतुलन को बाधित कर सकते हैं और प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं। संतुलित डाइट और नियमित शारीरिक गतिविधियों जैसे योग, एक्सरसाइज और वॉक की मदद से आपको हेल्दी वजन बनाए रखने में मदद मिल सकती है।
प्रजनन क्षमता बढ़ाने के लिए पोषक तत्व
महिलाओं के लिए जरूरी पोषक तत्व
फोलिक एसिड
फोलिक एसिड सेल्स को बांटने, डीएनए संश्लेषण और उसकी मरम्मत के लिए जरूरी, न्यूरल ट्यूब दोष (NTDs) को रोकता है। फोलिक एसिड से भरपूर डाइट लेने के लिए आप पत्तेदार साग, खट्टे फल, बीन्स और फोर्टिफाइड अनाज का सेवन कर सकते हैं। गर्भवती होने के लिए महिलाओं को रोजाना फोलिक एसिड की 400 mcg खूराक लेनी चाहिए।
इसे भी पढ़ें: फर्टिलिटी में सुधार के लिए महिलाएं रोज लें ये 10 पोषक तत्व, जानें कौन-कौन से फूड्स करें डाइट में शामिल
आयरन
महिलाओं में ओव्यूलेशन और ओवरऑल प्रजनन स्वास्थ्य के लिए आयरन एक जरूरी पोषक तत्व है। महिलाएं लाल मांस, मुर्गी, मछली, बीन्स और फोर्टिफाइड अनाज से आयरन प्राप्त कर सकती हैं।
ओमेगा-3 फैटी एसिड
ओमेगा-3 फैटी एसिड महिलाओं के शरीर में हेल्दी फैट हार्मोन के उत्पादन को बढ़ावा देते हैं, सूजन को कम करते हैं, शुक्राणु और अंडे की गुणवत्ता में सुधार करते हैं। इसलिए आप अपनी डाइट में वसायुक्त मछली (जैसे सैल्मन), अलसी, चिया बीज और अखरोट शामिल कर सकती हैं।
विटामिन डी
विटामिन डी महिलाओं के शरीर में हार्मोन उत्पादन और इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करते हैं। विटामिन डी की कमी पूरी करने के लिए आप सुबह की हल्की धूप ले सकती हैं, वसायुक्त मछली और फोर्टिफाइड डेयरी उत्पादों का सेवन कर सकती हैं।
एंटीऑक्सीडेंट
एंटीऑक्सीडेंट महिलाओं के शरीर में ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करते हैं। इसकी कमी पूरी करने के लिए आप अपनी डाइट में जामुन, मेवे, बीज और हरी पत्तेदार सब्जियां शामिल कर सकती हैं।
साबुत अनाज और कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड्स
साबुत अनाज और कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले खाद्य पादर्थ आपके शरीर में इंसुलिन और ब्लड शुगर के स्तर को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसलिए, आप अपनी डाइट में ओट्स, ब्राउन राइस, क्विनोआ, साबुत-गेहूं, शकरकंद, फलियां और बिना स्टार्च वाली सब्जिया शामिल कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें: फर्टिलिटी बढ़ाने के लिए पुरुष जरूर करें इन 5 विटामिन्स का सेवन, जानें इनके नेचुरल सोर्स
पुरुषों के लिए जरूरी पोषक तत्व
जिंक और सेलेनियम
पुरुषों में फर्टिलिटी को बेहतर बनाए रखने के लिए जिंक और सेलेनियम जरूरी पोषक तत्व हैं, जो शुक्राणु उत्पादन और टेस्टोस्टेरोन के स्तर के लिए महत्वपूर्ण हैं। मीट, फलियां, बीज, मेवे, मछली और अंडे जैसे खाद्य पदार्थों में जिंक और सेलेनियम भरपूर मात्रा में पाया जाता है।
विटामिन सी और ई
विटामिन सी और ई ऐसे एंटीऑक्सिडेंट हैं, जो पुरुषों में स्पर्म की गुणवत्ता को बढ़ा सकते हैं, और फर्टिलिटी को बढ़ावा देते हैं। इसलिए, आप अपनी डाइट में खट्टे फल, मेवे, बीज और वेजिटेबल ऑयल शामिल कर सकते हैं।
प्रेग्नेंसी प्लान करते समय क्या नहीं खाना चाहिए?
- प्रेग्नेंसी प्लान करते समय महिला और पुरुष दोनों को प्रोसेस्ड, पैकेज्ड और ज्यादा शुगर वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से परहेज करना चाहिए, क्योंकि ये फूड्स प्रजनन क्षमता को नकारात्मक रूप से प्रभावित कर सकते हैं।
- बेबी प्लानिंग के दौरान कपल्स को ज्यादा कैफीन के सेवन से भी बचना चाहिए, क्योंकि ये गर्भावस्था के समय मिसकैरेज के जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
- कंसीव करने के लिए कपल्स को शराब या स्मोकिंग का कम सेवन करना चाहिए, क्योंकि यह शुक्राणुओं की संख्या, गुणवत्ता और टेस्टोस्टेरोन के स्तर को कम करते हैं।
- कच्चा या अधपका खाना जैसे मांस, मछली और अंडे के सेवन से बचना चाहिए, क्योंकि इनमें हानिकारक बैक्टीरिया हो सकते हैं।
माता-पिता बनने के लिए जरूरी है कि महिला और पुरुष दोनों ही अपने खान-पान का खास ध्यान रखें और अपनी डाइट में संतुलित आहार शामिल करने के साथ शारीरिक गतिविधियां और हेल्दी लाइफस्टाइल भी फॉलो करें। इसके अलावा अगर आपको कंसीव करने में समस्या आ रही है तो डॉक्टर से कंसल्ट जरूर करें।
Image Credit: Freepik