
ज्यादातर घरों में खाना बनाने के लिए सरसों के तेल का इस्तेमाल होता है। सरसों का तेल हमारे स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन, कैल्शियम, मैग्नीशियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। कई लोग सरसों के तेल से शरीर की मालिश करते हैं और बालों में भी सरसों का तेल लगाना पसंद करते हैं। आपने खाना बनाने के लिए सरसों का तेल और सरसों के दाने का इस्तेमाल जरूर किया होगा। लेकिन, क्या आप सरसों के खली के इस्तेमाल के बारे में जानते हैं? सरसों के दानों को पीसने के बाद तेल के साथ-साथ खली भी निकलती है। बाद में सरसों के तेल को खली से अलग कर दिया जाता है। सरसों की खली को मस्टर्ड केक के नाम से भी जाना जाता है। ये देखने में काले-भूरे रंग की होती है। ज्यादातर लोग सरसों की खली को बेकार समझकर फेंक देते हैं। लेकिन, आपको जानकर हैरानी होगी कि सरसों की खली बालों के लिए बहुत फायदेमंद होती है। सरसों की खली को पीसकर बालों में लगाने से बालों से जुड़ी कई समस्याएं दूर होती हैं। सरसों की खली लगाने से बाल घने और मजबूत बनते हैं। आइए, जानते हैं बालों के लिए सरसों की खली के फायदे और इसे लगाने का तरीका (Mustard cake benefits for hair and how to use it) -
बालों में सरसों की खली लगाने के फायदे - Benefits Of Mustard Cake For Hair
सरसों की खली में कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो बालों के लिए फायदेमंद होते हैं। बालों में सरसों की खली लगाने से बालों से जुड़ी कई समस्याएं दूर होती हैं। आइए जानते हैं इसके फायदे -
बालों को करती है घना और मजबूत
आजकल ज्यादातर लोग बाल झड़ने की समस्या से परेशान हैं। बालों में सरसों की खली लगाने से बालों का झड़ना कम होता है और बाल मजबूत-घने बनते हैं। सरसों की खली में मौजूद विटामिन ए, विटामिन ई, फैटी एसिड और एंटीऑक्सीडेंट्स से बालों को पोषण मिलता है। बालों में सरसों की खली लगाने से बाल लंबे, घने और मजबूत बनते हैं।
बालों की कंडीशनिंग
आप सरसों की खली का इस्तेमाल एक प्राकृतिक कंडीशनर के रूप में कर सकते हैं। बालों में सरसों की खली लगाने से बालों को नमी मिलती है। दरअसल, सरसों की खली में अल्फा फैटी एसिड मौजूद होता है, जो बालों के लिए कंडीशनर का काम करता है। बालों में सरसों की खली लगाने से बालों का रूखापन दूर होता है और बाल मुलायम बनते हैं।
इसे भी पढ़ें: अलसी के बीज और नारियल तेल से बना हेयर मास्क दूर करेगा बालों की ये 5 समस्याएं
बालों को साफ करने में मददगार
सरसों की खली एक नेचुरल हेयर क्लीनर भी है। दरअसल, सरसों की खली में एंटी बैक्टीरियल और एंटी फंगल गुण होते हैं, जो स्कैल्प की गंदगी दूर करने में मदद करते हैं। बालों में सरसों की खली लगाने से बालों की सफाई होती है और डैंड्रफ की समस्या दूर होती है।
बालों में सरसों की खली कैसे लगाएं - How To Use Mustard Cake For Hair
आप बालों में सरसों की खली का इस्तेमाल क्लींजर या कंडीशनर के रूप में कर सकते हैं। इसके लिए सरसों की पानी में भिगोकर रख दें। जब यह फूल जाए, तो इसे हाथों से मैश करके बालों में लगाएं। इसके बाद, इसके पानी से बालों को वॉश कर लें। इसके अलावा, आप सरसों की खली का हेयर मास्क बनाकर भी बालों में लगा सकते हैं। इसके लिए सरसों की खली को सुखाकर पाउडर बना सकते हैं। इसे दही के साथ मिलाकर बालों में लगाएं। 15-20 मिनट बाद बालों को धो लें।
इसे भी पढ़ें: डैंड्रफ से छुटकारा पाने के लिए इन 5 तरीकों से इस्तेमाल करें नारियल तेल
बालों में सरसों की खली लगाने से कई फायदे मिलते हैं। आप इसे पानी में भिगोकर लगा सकते हैं या सरसों की खली का हेयर मास्क बनाकर लगा सकते हैं।