Mpox Outbreak in Hindi: एमपॉक्स के मामले दुनियाभर में तेजी से बढ़ रहे हैं। यह वायरस अबतक 120 से ज्यादा देशों में अपने पैर पसार चुका है। भारत में हरियाणा के हिसार में देश के पहले एमपॉक्स के संदिग्ध मरीज की पुष्टि की गई थी। अब हाल ही में केरल के मलप्पुरम जिले से एमपॉक्स के दूसरे संदिग्ध मरीज की पहचान की गई है। लक्षण दिखने के बाद मरीज को सोमवार को मंजेरी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके साथ ही साथ उसे आइसोलेट भी कर दिया गया है। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य अधिकारियों की टीम मलप्पुरम पर करीब से नजर रखे हुए है।
दुबई से यात्रा करके लौटा था शख्स
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एमपॉक्स का संदिग्ध मरीज हाल ही में दुबई से यात्रा करके केरल लौटा था। अधिकारियों के मुताबिक मरीज कुछ दिनों पहले ही केरल आया था, जिसके बाद उसमें एमपॉक्स के लक्षण दिखाई दिए थे। इसके बाद उसके परिवार के लोगों को उससे अलग कर दिया गया था। बता दें कि हाल ही में केरल के मलप्पुरम जिले में निपाह वायरस से संक्रमित होने पर दो लोगों की मौत हुई है।
इसे भी पढ़ें - Mpox vs Smallpox: लगभग एक जैसे दिखते हैं एमपॉक्स और स्मॉल पॉक्स के लक्षण, जानें दोनों में अंतर
जांच के लिए भेजे गए नमूने
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज ने कहा कि एमपॉक्स संक्रमित मरीज के नमूने को लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि हम जांच के लिए भेजे गए नमूने का इंतजार कर रहे हैं। जानकारी के मुताबिक युवक को बुखार आने के साथ ही शरीर पर चकत्ते निकलने लगे थे, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बता दें कि जिले में हाल में ही में निपाह और एमपॉक्स के मामले एकसाथ देखे गए हैं।
भारत में एमपॉक्स की स्थिति
अन्य देशों के मुकाबले भारत में एमपॉक्स की स्थिति सामान्य है। यहां एमपॉक्स से अबतक संक्रमित होने का एक मामला ही सामने आया है। दूसरा मामले की पुष्टि अब केरल से की जा रही है। हालांकि, यह मामला फिलहाल संदिग्ध है। भारत में इससे निपटने के लिए कई अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं।