गले में खराश कोरोना वायरस के शुरुआती लक्षणों में से एक है। इन दिनों बहुत सारे लोगों को जल्दी-जल्दी गले में खराश की समस्या हो रही है। चूंकि गले में खराश की समस्या उन लोगों को ज्यादा हो रही है जो घरों से बाहर निकल रहे हैं और दिन में कई घंटे मास्क पहने रहते हैं। कोरोना वायरस महामारी के समय में संक्रमण से बचाव के लिए अभी तक मास्क को ही एकमात्र सुरक्षा का उपाय माना जा रहा है। इसलिए मास्क पहनना हर एक के लिए जरूरी है। लेकिन मास्क पहनने में लोग ऐसी-ऐसी गलतियां कर रहे हैं कि ये मास्क उन्हें बाहरी वायरस से तो कुछ हद तक बचा रहा है, मगर कई दूसरे तरह की परेशानियां भी दे रहा है। मास्क पहने रहने के कारण कुछ लोगों को सांस लेने में तकलीफ, पसीना निकलने से खुजली, चेहरे पर दाने और मुंहासों, त्वचा की ड्राईनेस आदि समस्याएं हो रही हैं। इन सबके अलावा अब कुछ लोगों को गले में खराश की शिकायत भी होने लगी है। आइए आपको बताते हैं ऐसा क्यों हो रहा है।
क्यों होती है गले में खराश की समस्या?
गले में खराश आमतौर पर इंफेक्शन के कारण होती है। जब कोई बाहरी वायरस, बैक्टीरिया या धूल कण आपके मुंह में प्रवेश करता है, तो ये सबसे पहले गले के हिस्से में जाकर जमा होता है और इंफेक्शन का कारण बनता है। गले में खराश की समस्या उन लोगों को ज्यादा होती है, जिनकी इम्यूनिटी कमजोर होती है।
इसे भी पढ़ें: कोरोना से बचने के लिए मास्क पहनें मगर न करें ये गलतियां, WHO ने वीडियो जारी कर बताया कौन सी 6 गलती कर रहे हैं आप
मास्क पहनते समय कौन सी गलती कर रहे हैं लोग?
आजकल मास्क पहनते समय एक गलती जो सबसे ज्यादा लोग कर रहे हैं, वो ये है कि एक ही मास्क को कई-कई दिन तक पहने रहते हैं। इस तरह मास्क पहनने से आपको कोरोना वायरस से तो सुरक्षा नहीं ही मिलेगी, उल्टा आप कई और समस्याओं का शिकार हो जाएंगे। दरअसल कई दिनों तक एक ही मास्क पहनते रहने से मास्क पर आपके मुंह से निकले बैक्टीरिया और बाहर से आए धूल कण जमा हो जाते हैं। इसी तरह जब आप मास्क लगाकर किसी से बात करते हैं, तो अपेक्षाकृत ज्यादा जोर से बोलना पड़ता है, इसलिए सामने वाले के मुंह से निकले बैक्टीरिया भी आपके मास्क पर जमा हो जाते हैं। यूं भी हवा में हर जगह हर समय बैक्टीरिया मौजूद होते हैं। इसलिए जब आप गंदा मास्क पहनते हैं, तो अंजाने में ही आपके मुंह के रास्ते से लाखों परिचित-अपरिचित बैक्टीरिया और धूल कण आपके गले तक पहुंच जाते हैं, जो इरिटेशन पैदा करते हैं और इसी कारण से आपको गले में खराश की समस्या जल्दी-जल्दी होने लगती है।
फिर मास्क पहनने का सही तरीका क्या है?
कोई भी मास्क आपको एक बार में 8 घंटे से ज्यादा नहीं पहनना चाहिए। अगर आपका मास्क डिस्पोजेबल है, तो 8 घंटे बाद इसे निकालकर दूसरा मास्क पहनें। अगर आपका मास्क रि-यूजेबल है, तो 8 घंटे बाद इसे धोकर ही दोबारा पहनें और अपने पास कई मास्क रखें। यानी कुल मिलाकर आपको एक दिन में 1 मास्क 1 बार ही पहनना है। शाम को जब आप बाहर से लौटें तो इसे धोकर सुखाएं, तभी दोबारा पहनें। इससे कोरोना वायरस से भी आपकी सुरक्षा रहेगी और आप रोजमर्रा की समस्याओं जैसे- गले में खराश, चेहरे पर मुंहासे, छोटे-छोटे दाने आदि से भी बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: कपड़े का मास्क पहनते हैं तो आपको अतिरिक्त सावधानी की है जरूरत, WHO ने बताया कपड़े का मास्क पहनते समय क्या करें-क्या न करें
मास्क को बार-बार छूने से भी बचें
बहुत सारे लोग मास्क पहनते समय एक और बड़ी गलती करते हैं कि उसे बार-बार एडजस्ट करते हैं या छूते रहते हैं या उतार-उतार कर दिन में कई-कई बार पहनते रहते हैं। ये गलतियां आपको वायरस से बिल्कुल भी नहीं बचा सकती हैं और इनके कारण अन्य कई समस्याएं अलग हो सकती हैं।
Read More Articles on Miscellaneous in Hindi