Doctor Verified

इन 5 बीमारियों के कारण आ सकती है सांस से बदबू, जानें कैसे करें पहचान

सांस की बदबू एक ऐसी समस्या है, जिसके कारण लोगों के आत्मविश्वास में भी कमी आ जाती है। यहां जानिए, किन बीमारियों के कारण सांस से बदबू आती है?
  • SHARE
  • FOLLOW
इन 5 बीमारियों के कारण आ सकती है सांस से बदबू, जानें कैसे करें पहचान


सांस की बदबू एक सामान्य समस्या है, जो कभी-कभी लोगों के लिए शर्मिंदगी का कारण बन जाती है। इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। सांस की बदबू केवल ओरल हाइजीन की कमी के कारण नहीं होती, बल्कि यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत भी हो सकती है। आज की तेज-तर्रार और तनावपूर्ण लाइफस्टाइल में खान-पान की आदतें बिगड़ गई हैं, जिससे ओरल हेल्थ पर सीधा असर पड़ता है। इसके साथ ही कुछ मेडिकल कंडीशंस जैसे डायबिटीज, GERD और इंफेक्शन जैसी समस्याएं भी सांस में बदबू का कारण बन सकती हैं। कई बार लोग सांस की बदबू को केवल मसूड़ों या दांतों की समस्याओं से जोड़ते हैं, लेकिन असल में इसके पीछे शरीर में चल रही अन्य समस्याओं का भी बड़ा हाथ हो सकता है। इस लेख में शारदा हॉस्पिटल और शारदा केयर - हेल्थसिटी के जनरल मेडिसिन, वरिष्ठ सलाहकार डॉ. ए के गडपायले (Sharda Hospital & Sharda Care - Healthcity, General Medicine, Senior Consultant Dr. A K Gadpayle) से जानेंगे कि सांस की बदबू किन-किन चिकित्सकीय समस्याओं के कारण हो सकती है और इनसे बचने के लिए क्या-क्या उपाय किए जा सकते हैं।

1. ओरल इंफेक्शन

ओरल इंफेक्शन जैसे कि मसूड़ों की बीमारी (गम डिजीज), दांतों में कैविटी और मुंह के अल्सर के कारण सांसों में बदबू की समस्या हो सकती है। मसूड़ों की बीमारी में मसूड़ों में सूजन और संक्रमण हो सकता है, जिससे मुंह से दुर्गंध आने लगती है। अगर यह समस्या गंभीर हो जाए, तो दिक्कत हो सकती है। इस समस्या से निपटने के लिए रोजाना ब्रश और फ्लॉसिंग करना जरूरी है।

इसे भी पढ़ें: बच्‍चों के मुंह से आती है बदबू? ये 7 फूड्स हो सकते हैं ज‍िम्‍मेदार

2. रेस्पिरेटरी इंफेक्शन

रेस्पिरेटरी इंफेक्शन जैसे कि ब्रोंकाइटिस, टॉन्सिलाइटिस और यहां तक कि सर्दी-जुकाम भी सांस की बदबू का कारण बन सकते हैं। जब इन संक्रमणों के कारण मुंह में म्यूकस जमा हो जाता है, तो यहां बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं, जिससे दुर्गंध आने लगती है। सांस की बीमारी में ब्रोंकाइटिस भी शामिल है। इसमें ब्रोंकाइटिस फैल जाता है और थूक बहुत गाढ़ा होता है। इसलिए इसे बाहर नहीं निकाला जा सकता, इसलिए बहुत बुरी गंध आती है।

3. गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज (GERD)

GERD या गैस्ट्रोइसोफेजियल रिफ्लक्स डिजीज एक ऐसी स्थिति है, जिसमें पेट का एसिड गले में वापस आता है। इससे मुंह में खट्टापन और सांस की बदबू हो सकती है। इस स्थिति में, भोजन का सही तरीके से पाचन नहीं हो पाता है, और इससे सांस की बदबू भी पैदा हो सकती है।

bad breath

4. किडनी रोग

किडनी का सही तरीके से काम न करने पर शरीर में अपशिष्ट पदार्थ जमा हो जाते हैं, जो सांस की बदबू का कारण बन सकते हैं। जब किडनी टॉक्सिन्स को फिल्टर करने में असमर्थ हो जाती है, तो ये टॉक्सिन्स मुंह से दुर्गंध के रूप में बाहर निकलते हैं। किडनी रोग से पीड़ित लोगों की सांस में अमोनिया जैसी गंध आ सकती है।

इसे भी पढ़ें: दवा खाने के बाद आती है मुंह से बदबू? इन 5 उपायों से पाएं राहत

5. डायबिटीज

डायबिटीज के रोगियों में भी सांस की बदबू की समस्या देखने को मिलती है। यह समस्या तब होती है, जब शरीर में शुगर का स्तर असंतुलित हो जाता है और शरीर ऊर्जा के लिए फैट का उपयोग करने लगता है। इससे कीटोन्स नामक तत्व उत्पन्न होते हैं, जो सांस में बदबू का कारण बनते हैं।

कैसे करें सांस की बदबू से बचाव?

सांस की बदबू का इलाज और रोकथाम उसकी जड़ पर निर्भर करता है। अगर यह किसी मेडिकल कंडीशन के कारण हो रही है, तो आपको उस कंडीशन का इलाज कराना चाहिए। इसके अलावा, ओरल हाइजीन को सही रखना भी बहुत जरूरी है। ब्रश और फ्लॉसिंग के साथ नियमित रूप से डेंटिस्ट के पास जाना सांस की बदबू से बचने का सबसे अच्छा तरीका है। इसके अलावा, ज्यादा से ज्यादा पानी पीने से मुंह में लार का स्तर बढ़ता है, जिससे दुर्गंध से बचा जा सकता है।

All Images Credit- Freepik

Read Next

Aaj Ka Health Rashifal: 16 October 2024, पढ़ें स्वास्थ्य राशिफल, जानें सेहत के लिहाज से कैसा रहेगा आज का दिन

Disclaimer