अगर आपकी आंखों और नाक से लगातार पानी आ रहा है, बार-बार छींकें आ रही हैं और सांस लेने में परेशानी हो रही है, तो यह मोल्ड एलर्जी के लक्षण हो सकते हैं। मोल्ड (फफूंद) नम वातावरण में पनपता है। यह अक्सर घर की दीवारों, बाथरूम, किचन या किसी भी ऐसी जगह में मिलता है जहां नमी बनी रहती है। मोल्ड के छोटे-छोटे कण हवा में फैलते हैं और जब आप इन्हें सांस के जरिए अंदर लेते हैं, तो इम्यून सिस्टम इसे खतरे के रूप में पहचानकर प्रतिक्रिया करता है। इसके परिणामस्वरूप शरीर में एलर्जी के लक्षण नजर आ सकते हैं। अगर इस पर ध्यान न दिया जाए, तो यह समस्या गंभीर रूप ले सकती है। यह न केवल आपकी दैनिक दिनचर्या को प्रभावित करता है, बल्कि लंबे समय तक इलाज की जरूरत भी पड़ सकती है। इसलिए यह समझना जरूरी है कि मोल्ड एलर्जी के लक्षण क्या हैं और इससे बचने के क्या उपाय असरदार रहेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
मोल्ड एलर्जी के लक्षण- Mold Allergy Symptoms
- मोल्ड के कण आंखों में जलन और रेडनेस पैदा कर सकते हैं।
- आंख या नाक से पानी आना।
- बार-बार छींकना और बंद नाक मोल्ड एलर्जी के संकेत हो सकता है।
- फेफड़ों में सूजन होने से सांस लेने में दिक्कत होती है।
- मोल्ड के कारण गले में खराश और खांसी हो सकती है।
- कुछ लोगों में मोल्ड एलर्जी से त्वचा पर लाल दाने या खुजली हो सकती है।
इसे भी पढ़ें- मोल्ड टॉक्सिसिटी क्या है? जानें सेहत के लिए यह कैसे है खतरनाक
मोल्ड एलर्जी के कारण- Mold Allergy Causes
- मोल्ड की ग्रोथ के लिए नमी मुख्य कारण है।
- बारिश या ओस से, सीलन भरी दीवारों, खराब वेंटिलेशन वाले घरों और गंदे एयर कंडीशनर में मोल्ड आसानी से पनपता है।
- घर में पानी के लीकेज या पाइप टूटने से दीवारों में मोल्ड विकसित होता है।
- धूल और गंदे सतह पर मोल्ड जल्दी पनपता है।
मोल्ड एलर्जी से बचने के उपाय- How to Prevent Mold Allergy
- घर के भीतर नमी का स्तर 30 से 50 % तक बनाए रखें। इसके लिए डीह्यूमिडिफायर का इस्तेमाल करें।
- बाथरूम, किचन और अन्य नम जगहों को नियमित रूप से साफ करें।
- गले और नाक को साफ रखने के लिए भाप लें।
- घर में ताजी हवा आने दें और सही वेंटिलेशन सुनिश्चित करें।
- इम्यून सिस्टम को मजबूत रखने के लिए विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर भोजन खाएं।
- जहां मोल्ड दिखे, उसे तुरंत साफ करें। इसके लिए ब्लीच का इस्तेमाल करें।
- एयर प्यूरीफायर और अच्छे फिल्टर वाले वैक्यूम क्लीनर का इस्तेमाल करें।
- अगर लक्षण गंभीर हों, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
मोल्ड एलर्जी का इलाज- Mold Allergy Treatment
- मोल्ड एलर्जी के लिए डॉक्टर एंटी-हिस्टामाइन दवाएं दे सकते हैं।
- नाक की स्प्रे या इम्यूनोथेरेपी की सलाह भी दे सकते हैं।
- साथ ही, घरेलू उपाय जैसे भाप लेना और गर्म पानी से गरारे आदि लक्षणों को कम कर सकते हैं।
आंखों और नाक से पानी आना, बार-बार छींकना या सांस की समस्या मोल्ड एलर्जी के लक्षण हो सकते हैं। सही सफाई और नमी को कंट्रोल करने से इस समस्या को रोका जा सकता है। लक्षण बने रहने पर डॉक्टर से सलाह लेना न भूलें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।