Gym After Delivery: प्रेग्नेंसी एक नाजुक समय होता है। इससे पहले और बाद में सेहत के प्रति बरती गई जरा सी लापरवाही भी आपको बड़ी समस्या में डाल सकती है। गूगल पर मिले एक सवाल में यह पूछा गया कि क्या डिलीवरी के बाद एक्सरसाइज कर सकते हैं या जिम जा सकते हैं? शरीर के लिए एक्सरसाइज हर हाल में जरूरी है। एक्सरसाइज के जरिए शरीर को फिट रखा जा सकता है और बीमारियों से बचा जा सकता है। प्रेग्नेंसी के बाद महिलाएं वेट गेन का सामना करती हैं। उनका वजन पहले से ज्यादा बढ़ जाता है। इस बढ़े हुए वजन के कारण वह कई बार डिप्रेशन का शिकार हो जाती हैं। नए मेहमान की जिम्मेदारियां और शारीरिक कष्ट के चलते महिलाओं को डिलीवरी के बाद तनाव भी महसूस होता है। तनाव और डिप्रेशन को दूर करने के लिए वह एक्सरसाइज करना और जिम जाना चाहती हैं, ताकि वह खुद को फिट रखकर अच्छा महसूस कर पाएं। लेकिन डिलीवरी के बाद जिम जाने से पहले आपको यह जान लेना चाहिए कि यह सेहत के लिए सुरक्षित है या नहीं। इसका जवाब हमारी एक्सपर्ट आपको आगे बताएंगी। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के झलकारीबाई अस्पताल की गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ दीपा शर्मा से बात की।
डिलीवरी के बाद महिलाओं के लिए जिम जाना कितना सुरक्षित है?- Gym After Delivery is Safe or Not
गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ दीपा शर्मा ने बताया कि डिलीवरी के बाद महिलाएं पहले की तरह जिम जा सकती हैं। लेकिन प्रेग्नेंसी के बाद आपके शरीर की रिकवरी में समय लगता है इसलिए तुरंत जिम जाने से बचना चाहिए। सी-सेक्शन डिलीवरी में महिलाओं को होने वाली समस्याएं और शरीर की स्थिति को देखकर यह बताया जा सकता है कि रिकवरी में कितना समय लगेगा। इसलिए एहतियात के तौर पर डिलीवरी के 6 महीने बाद ही जिम जाने के बारे में सोचना चाहिए। तब तक आप घर पर हल्की एक्सरसाइज कर सकती हैं। पोस्टपार्टम ब्लीडिंग बंद होने और टांकों के घाव भर जाने तक डॉक्टर एक्सरसाइज करने की सलाह नहीं देते। इसके अलावा डिलीवरी के बाद महिलाओं को हाई इंटेंस वर्कआउट करने से भी बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- प्रेग्नेंसी में कौन से योगासन करने चाहिए? एक्सपर्ट से जानें
जिम जाने से पहले ये बातें जान लें- Important Pointers Before Going Gym
डिलीवरी के बाद जिम जाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें। साथ ही इन बातों का ख्याल रखें-
1. डिलीवरी के बाद कुछ हफ्तों तक आप केवल वॉक करें। इससे पेट में गैस भी नहीं होगी और आप खुद को एक्टिव भी रख पाएंगी।
2. डिलीवरी के कम से कम 6 महीनों बाद ही जिम ज्वॉइन करें। जिम जाने से पहले वॉर्म अप करना न भूलें।
3. ऐसी एक्सरसाइज करें जिससे पेल्विक मसल्स मजबूत बनें। आपको पेट पर जोर डालने वाली एक्सरसाइज जैसे- सिट अप्स और क्रंचेज करने से बचना चाहिए।
4. ज्यादा थकान महसूस होती है, तो एक्सरसाइज करने से बचें। डिलीवरी के बाद पहली बार जिम जा रही हैं, तो 30 से 40 मिनटों से ज्यादा एक्सरसाइज न करें।
5. डिलीवरी के बाद जिम जाने से पहले हेल्दी डाइट पर फोकस करें। शरीर में ऊर्जा बढ़ाने के लिए नट्स और सीड्स को डाइट में शामिल करें।
6. एक्सरसाइज करने के बाद आराम भी करें। हर दिन आपके शरीर के लिए 7 से 8 घंटे की नींद लेना जरूरी है।
7. अगर जिम जाने से आपको किसी भी तरह का शारीरिक या मानसिक कष्ट हो रहा है, तो उसे जारी न रखें।
8. डिलीवरी के बाद एक्सरसाइज की शुरुआत कर रही हैं, तो हाइड्रेशन का भी खास ख्याल रखें। रोज 7 से 8 गिलास पानी का सेवन करें। कोकोनट वॉटर और नींबू पानी का सेवन भी कर सकती हैं।
उम्मीद करते हैं यह जानकारी आपको पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।