आपने अक्सर देखा होगा कि 30 साल की उम्र के बाद महिलाओं का वजन बढ़ने लगता है। इसके पीछे कई वजहें हो सकती हैं, जैसे हार्मोनल बदलाव होना। असल में, महिलाओं के शरीर में प्यूबर्टी होने से लेकर बुजुर्ग होने तक कई तरह के बदलाव होते हैं। ऐसे में उनका हार्मोनल लेवल उम्र-दर-उम्र बदलता रहता है। तो क्या 30 की उम्र के बाद महिलाओं में हार्मोनल बदलाव के कारण ही मोटापा होता है? इसी संबंध में हम आज हम एक्सपर्ट की राय जानेंगे कि आखिर 30 के बाद ऐसा क्या हो जाता है, जो महिलाओं का वजन बढ़ जाता है?
हार्मोनल परिवर्तन (Hormonal Changes)
सर्टिफाइड फिटनेस कोच, न्यूट्रिशनिस्ट और सप्लीमेंट स्पेशलिस्ट विनीत कुमार कहते हैं, “यह सही है कि 30 की उम्र के बाद महिलाओं के वजन में तेजी से बदलाव आने लगते हैं। इसकी एक मुख्य वजह हार्मोनल परिवर्तन हैं। दरअसल, 30 साल की उम्र के बाद महिलाओं में एस्ट्रोजेन के स्तर में गिरावट आने लगती है। एस्ट्रोजेन महिलाओं में पीरियड साइकिल को बैलेंस रखने में मदद करते हैं। एस्ट्रोजेन के स्तर में कमी होने के कारण महिलाओं में तनाव, चिंता जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं, जो मोटापे के जिम्मेदार होती हैं।”
मेटाबॉलिज्म कम होना (Low Metabolism Rate)
डाइट एन क्योर की डाइटीशियन और न्यूट्रिशनिस्ट दिव्या गांधी कहती हैं, "30 साल की उम्र के बाद महिलाओं का मेटाबॉलिज्म कम हो जाता है, इस वजह से अक्सर उनका वजन बढ़ने लगता है। वैसे भी हाल के सालों में हमने देखा है कि पुरुष ही नहीं, महिलाओं का भी खानपान स्टाइल पूरी तरह बदलाव है। घर का बना खाना खाने के बजाय, महिलाएं रेडी टू ईट फूड या जंक फूड खाना पसंद करती हैं। इस तरह की डाइट के कारण, मोटापा बढ़ना लाजिमी है। इसके अलावा, जब मेटाबॉलिज्म कम हो और फूड हैबिट्स भी खराब हो, तो वजन बढ़ने लगता है।"
स्ट्रेस लेवल का बढ़ना (High Stress Level)
विनीत कुमार कहते हैं, "30 साल की उम्र तक आते-आते आमतौर पर महिलाओं का स्ट्रेस लेवल काफी बढ़ जाता है। ऐसा उसके करियर या पर्सनल लाइफ की वजह से हो सकता है। अगर लाइफ स्टेबल न हो यानी महिला अपनी लाइफ को सही तरह से कंट्रोल न कर पा रही हो, रिलेशनशिप अच्छे न हो, ऑफिस में एन्वायरमेंट सही न हो, तो ऐसे में स्ट्रेस लेवल बढ़ जाता है। आपको बता दें कि कई अध्ययन यह साबित कर चुके हैं कि स्ट्रेस के बढ़ने से मोटापा बढ़ सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि महिलाएं स्ट्रेस को रिलीज करने के लिए स्नैकिंग करती हैं और बेवजह खाने से वजन बढ़ सकता है।"
फिजिकली एक्टिविटी में कमी (Lack Of physical Activity)
विनीत कुमार आगे बताते हैं, “30 के बाद महिलाएं शारीरिक रूप से ज्यादा एक्टिव नहीं रहती हैं। अगर वर्किंग वूमेन है, तो लंबे समय तक एक ही जगह बैठकर काम करती है और हाउस वाइफ है, तो घर के कामकाज में इतनी बिजी हो जाती हैं कि एक्सरसाइज के लिए समय नहीं निकाल पातीं। यही कारण है कि 30 के बाद अक्सर महिलाओं का वजन बढ़ने लगता है। अगर आप अपने वजन को नियंत्रण में रखना चाहते हैं, तो नियमित रूप से एक्सरसाइज-वर्कआउट करें।”
image credit: freepik