Impact of Heatwave on Heart Health in Hindi: तेज और चिलचिलाती धूप के साथ ही अब गर्म हवाओं ने भी लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। गर्म हवाओं की वजह से व्यक्ति का घर से बाहर निकलना तक मुश्किल हो जाता है। इतना ही नहीं, जब कोई व्यक्ति गर्म हवाओं की चपेट में आता है, तो उसे कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। गर्म हवाओं की वजह से कई शारीरिक समस्याएं हो सकती हैं। इसकी वजह से त्वचा पर चकत्ते, फोड़े-फुंसियां हो सकती हैं। साथ ही, यह डिहाइड्रेशन का कारण भी बनता है। गर्म हवाओं के संपर्क में आने से जी मिचलाना और एसिडिटी की दिक्कत भी हो सकती है। लेकिन इतना ही नहीं, गर्म हवाएं कई अंगों को भी प्रभावित कर सकती हैं। इसमें हृदय स्वास्थ्य भी शामिल है। जी हां, गर्म हवाएं हृदय स्वास्थ्य को बुरी तरह से प्रभावित कर सकती हैं। तो आइए, इस लेख में न्यूट्रबूटी के मुख्य चिकित्सा सलाहकार डॉ. वरुण गुप्ता से जानते हैं गर्म हवाओं का हृदय स्वास्थ्य पर पड़ने वाला प्रभाव-
गर्म हवाओं से कैसे प्रभावित होता है हृदय स्वास्थ्य?
डॉ. वरुण गुप्ता बताते हैं कि गर्मी की वजह से हमारा संपूर्ण स्वास्थ्य प्रभावित होता है। इसकी वजह से न सिर्फ त्वचा से जुड़ी दिक्कतें बढ़ती हैं, बल्कि यह हृदय स्वास्थ्य को भी प्रभावित कर सकता है। गर्म हवाएं हृदय को नुकसान पहुंचा सकती हैं। दरअसल, गर्मी की वजह से ज्यादा पसीना आता है और दिल की धड़कन तेज होने लगती हैं। इससे रक्त वाहिकाएं चौड़ी हो जाती हैं, इस स्थिति को थर्मल स्ट्रेस के रूप में भी जाना जाता है। इस तनाव की वजह से हमारे शरीर में द्रव की मात्रा कम होने लगती है और रक्त गाढ़ा होने लगता है। इस स्थिति में हृदय के लिए रक्त को पंप करना मुश्किल हो जाता है। इसकी वजह से हृदय से जुड़ी दिक्कतें होनी शुरू हो जाती हैं। यही वजह है कि गर्मी के मौसम में कई लोगों को हाई या लो बीपी का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा, गर्म हवाएं अनियमित दिल की धड़कन का कारण भी बन सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- दिल को स्वस्थ रखने के लिए आजमाएं ये आसान घरेलू उपाय
किन लोगों को होता है ज्यादा जोखिम
वैसे तो गर्म हवाओं की वजह से किसी भी उम्र के लोगों का हृदय स्वास्थ्य प्रभावित हो सकता है। लेकिन बुजुर्गों में इसका जोखिम अधिक होता है। वृद्ध वयस्कों में गर्मी की वजह से हृदय से जुड़ी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। गर्म हवाएं रक्तचाप और डिहाइड्रेशन का कारण बन सकता है।
इसे भी पढ़ें- ये 5 संकेत बताते हैं आपका दिल है सेहतमंद, डाक्टर से जानें हार्ट को हेल्दी रखने के टिप्स
गर्मी से हृदय को कैसे सुरक्षित रखें?
- गर्मी में पेट और त्वचा के साथ ही हृदय का ख्याल रखना भी बहुत जरूरी होता है।
- इसके लिए आपको गर्मियों में खूब पानी पीना चाहिए। इससे आप हाइड्रेटेड रहेंगे।
- घर में एयर कंडीशनिंग का उपयोग करें। इससे घर में ठंडक बनी रहेगी।
- जब बहुत ज्यादा गर्मी हो तो बाहर निकलने से बचना चाहिए।
- गर्मी में हैवी वर्कआउट या एक्सरसाइज नहीं करना चाहिए।
- इस मौसम में हल्का व्यायाम करना सही रहता है।
अगर गर्मी या किसी अन्य कारण से आपको सीने में दर्द या अनियमित दिल की धड़कन महसूस हो, तो इस स्थिति को बिल्कुल नजरअंदाज न करें। ऐसे में आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।