UTI Prevention Tips in Hindi: मॉनसून का समय आ गया है। इस मौसम में बारिश के साथ नमी अधिक हो जाती है। नमी के कारण बैक्टीरिया तेजी से ग्रो करते हैं। इस वजह से यूटीआई यानी यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन का जोखिम बढ़ जाता है। यूटीआई का खतरा पुरुषों के मुकाबले महिलाओं को ज्यादा रहता है। मॉनसून के दिनों में मौसम में बदलाव का असर शरीर पर पड़ता है। मौसम में बदलाव के कारण इम्यूनिटी कमजोरी हो जाती है और शरीर आसानी से इन्फेक्शन की चपेट में आ जाता है। यूटीआई होने पर पेशाब करते समय दर्द महसूस होता है, जलन होती है, बार-बार पेशाब आने की समस्या होती है, पेट के निचले हिस्से में दर्द होता है। कुछ लोगों को यूटीआई होने पर बुखार के लक्षण भी महसूस होते हैं। चलिए जानते हैं मॉनसून के दौरान यूटीआई की समस्या से बचने के आसान उपाय। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के झलकारीबाई अस्पताल की गाइनोकॉलोजिस्ट डॉ दीपा शर्मा से बात की।
1. शरीर को साफ रखें- Maintain Hygiene
मॉनसून के मौसम में शरीर की साफ-सफाई का खास ख्याल रखें। खासकर अगर आप एक महिला हैं और पीरियड्स चल रहे हैं, तो पैड्स का इस्तेमाल संभलकर करें। गीलापन महसूस होने पर तुरंत पैड चेंज करें। रोज स्नान लें और साफ कपड़े पहनें। अगर पसीने के कारण अंडरगार्मेंट्स गीले हो गए हैं, तो उसे तुरंत बदल दें। टॉयलेट का इस्तेमाल करते समय सफाई का विशेष ध्यान रखें। टॉयलेट सैनिटाइजर का प्रयोग भी कर सकते हैं।
2. गीले कपड़े न पहनें- Avoid Wearing Wet Clothes
मॉनसून के दिनों में बारिश के कारण कपड़े भीग गए हैं, तो उसे पहनकर न रखें। इससे इन्फेक्शन होने का खतरा बढ़ जाता है। खुद को ज्यादा से ज्यादा ड्राई रखने का प्रयास करना चाहिए। प्राइवेट पार्ट को पानी से साफ करने के बाद अक्सर लोग गीला ही छोड़ देते हैं लेकिन ऐसी गलती न करें। प्राइवेट पार्ट को पानी से साफ करने के बाद टॉयलेट पेपर की मदद से पोंछकर सुखा लें।
3. ज्यादा से ज्यादा पानी पिएं- Increase Water Intake
यूटीआई से बचने के लिए आपको ज्यादा से ज्यादा पानी का सेवन करना चाहिए। मॉनसून के दिनों में लोग पानी का सेवन कम कर देते हैं। लेकिन इस गलती के कारण आप यूटीआई की चपेट में आ सकते हैं। जितना ज्यादा पानी पिएंगे, उतना जल्दी इन्फेक्शन शरीर से बाहर निकल पाएगा। अपनी डाइट में पानी के अलावा, फलों का ताजा रस, सब्जियों का रस, सूप, दाल का पानी आदि शामिल करें।
4. टाइट कपड़े न पहनें- Avoid Wearing Tight Clothes
मॉनसून के दौरान टाइट कपड़े पहनने से बचना चाहिए। ज्यादा टाइट कपड़ों के कारण पसीना ज्यादा आता है और मॉनसून के दिनों में वातावरण में नमी ज्यादा होती है। नमी और पसीने के कारण बैक्टीरिया ग्रो करने लगते हैं। इसलिए मॉनसून के दिनों में ढीले और सूती कपड़े ही पहनना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- UTI इंफेक्शन क्या है? जानें महिलाओं में इसके लक्षण और बचाव के उपाय
5. इम्यूनिटी बढ़ाएं- Boost Your Immunity
यूटीआई से बचने के लिए अपनी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाएं। इम्यूनिटी बढ़ाने का सबसे आसान तरीका है हेल्दी डाइट का सेवन करना। अपनी डाइट में मौसमी फल और सब्जियों को शामिल करें। घर का बना ताजा खाना खाएं। मॉनसून के दिनों में ऑयली और मसालेदार भोजन को खाने से बचना चाहिए।
ऊपर बताए 5 उपायों की मदद से यूटीआई की समस्या से बच सकते हैं। यूटीआई का इलाज एंटीबायोटिक्स से किया जाता है। यूरिन कल्चर टेस्ट के जरिए यूटीआई का पता लगाया जाता है। उम्मीद करते हैं आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।