पीरियड्स यानी माहवारी, महिलाओं में होने वाली एक नेचुरल प्रक्रिया है। लड़कियों और महिलाओं को महीने में एक बार पीरियड्स के दौरान होने वाली समस्याओं से गुजरना पड़ता है। कई महिलाओं को पीरियड्स में पेट के निचले हिस्से में तेज दर्द होता है। दरअसल, पीरियड के दौरान प्रोस्टेग्लेनडाइन हार्मोन रिलीज होता है, जिसके कारण पेट के निचले हिस्से में दर्द और ऐंठन होती है। वैसे तो यह दर्द सामान्य होता है, लेकिन कभी-कभी यह दर्द असहनीय हो जाता है। इसके साथ ही, पीरियड्स के दौरान महिलाओं को चिड़चिड़ापन, सिरदर्द, ब्लोटिंग और थकान जैसी परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। कई महिलाएं पीरियड्स में होने वाले दर्द से छुटकारा पाने के लिए दवाइयों का सहारा लेती हैं। लेकिन, इन दवाओं का हमारे स्वास्थ्य पर विपरीत प्रभाव पड़ सकता है। ऐसे में आप पीरियड्स के दर्द से छुटकारा पाने के लिए कुछ घरेलू तरीके अपना सकती हैं। आज हम आपको पीरियड्स में होने वाले दर्द से राहत पाने का एक कारगर नुस्खा बताने जा रहे हैं।
अगर आपको भी पीरियड्स के दौरान तेज दर्द होता है, तो आप जीरा और गुड़ के लड्डू को अपनी डाइट में शामिल कर सकती हैं। जीरा और गुड़ के लड्डू खाने से पीरियड्स में ऐठन और दर्द से जल्द राहत मिलती है। इसके साथ ही, यह मूड स्विंग्स को मैनेज करने में भी मदद करते हैं। कई महिलाओं को पीरियड्स के दौरान भूख कम लगती है और अपच की समस्या हो जाती है। ऐसे में गुड़ और जीरे से बने लड्डू खाने से पाचन ठीक बेहतर होता है और भूख भी खुलकर लगती है। तो आइए, जानते हैं जीरा और गुड़ के लड्डू बनाने का तरीका (How to make Cumin and Jaggery Laddu To Cure Periods Cramps In Hindi) -
सामाग्री - Ingredients
- 50 ग्राम जीरा
- 25 ग्राम गुड़
- आधा कप मिक्स ड्राई फ्रूट्स
- 1 बड़ा चम्मच घी
जीरा और गुड़ के लड्डू बनाने का तरीका - How to make Cumin and Jaggery Laddu
- जीरा और गुड़ के लड्डू बनाने के लिए एक पैन में जीरा और गुड़ डालकर अच्छी तरह से भून लें।
- इसे ठंडा करने के बाद, मिक्सी में डालकर पीस लें। इसे पाउडर बनने तक पीसना है।
- फिर दोनों चीजों को अच्छी तरह से मिलाएं।
- अब इसमें ड्राई फ्रूट्स और घी मिलाएं। सारी सामाग्री को आपस में अच्छी तरह मिक्स कर लें।
- इस मिश्रण से लड्डू बना लें।
- पीरियड्स आने से एक या दो दिन पहले इस लड्डू को दिन में दो बार गर्म पानी के साथ लें।
फायदा -Benefits
पीरियड्स पेन से राहत पाने के लिए गुड़ बहुत फायदेमंद होता है। इसमें सोडियम और पोटैशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द और ऐंठन को कम करने में मदद करते हैं। गुड़ खाने से शरीर में एंडोर्फिन रिलीज होता है, जिससे पीरियड्स के दौरान होने वाली समस्याओं से निपटने में मदद मिलती है। वहीं, जीरा भी पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द को कम करने में बहुत फायदेमंद साबित होता है। इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी और एंटीस्पासमोडिक गुण होते हैं, जो पीरियड्स पेन और ऐंठन को कम करने में मदद करते हैं। ड्राई फ्रूट्स और घी के सेवन से पीरियड्स के दौरान शरीर में होने वाली कमजोरी को दूर करने में मदद मिलती है। पीरियड्स के दौरान होने वाले दर्द को कम करने के लिए आप जीरा और गुड़ के लड्डू खा सकते हैं।