Gut Problems in Summer: गर्मी के दिनों में पेट और आंत से संबंधित समस्याएं बढ़ने लगती हैं। इस मौसम में पाचन तंत्र कमजोर हो जाता है। पेट में गर्मी भी बढ़ने लगती है। क्या आपकी भी गट हेल्थ खराब है? गट हेल्थ खराब होने से पाचन से जुड़ी समस्याएं शुरू हो जाती हैं। खराब गट हेल्थ के कारण सीने में जलन, खट्टी डकारें, बदहजमी, पेट में मरोड़, गैस, पेट फूलने जैसे लक्षण नजर आ सकते हैं। गर्मी में ज्यादा पसीना आता है। इससे शरीर में पानी की कमी हो जाती है। डिहाइड्रेशन से इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है। पानी की कमी से बाहरी बैक्टीरिया और वायरस आपके कमजोर इम्यून सिस्टम पर अटैक कर सकते हैं। इससे तबीयत बिगड़ने की आशंका बढ़ जाती है। गर्मी में खराब पाचन तंत्र के कारण फूड पॉइजनिंग, टाइफाइड, जॉन्डिस आदि बीमारियां भी हो सकती हैं। इस मौसम में डाइट और लाइफस्टाइल से जुड़ी सावधानियों का ख्याल रखकर, आप पाचन तंत्र को मजबूत बना सकते हैं। कुछ जरूरी सावधानियों पर हम आगे बात करेंगे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने Holi Family Hospital, Delhi की डाइटीशियन Sanah Gill से बात की।
1. कमजोर इम्यूनिटी से बचें
पेट और आंत को स्वस्थ रखने के लिए शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाएं। इम्यूनिटी के लिए शहद, तुलसी, काली मिर्च, दालचीनी, अदरक जैसे हेल्दी विकल्पों को डाइट में शामिल करें। इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के लिए एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन-सी रिच फूड्स का सेवन करें।
2. ज्यादा भोजन खाने से बचें
गट हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए, ज्यादा मात्रा में भोजन का सेवन करने से बचें। भूख लगने पर, दिन भर में छोटे-छोटे 5 मील्स ले सकते हैं। लेकिन एक साथ ज्यादा भोजन करने से बचना चाहिए। डायटीशियन सनाह गिल ने बताया कि पोर्शन साइज कंट्रोल करके आप पेट की बड़ी समस्याओं से बच सकते हैं। कम खाने या भूखा रहने की बिल्कुल जरूरत नहीं है, लेकिन ओवरईटिंग की स्थिति से भी बचें।
3. गंदगी से बचें
पाचन तंत्र को मजबूत बनाने के लिए साफ-सफाई का ख्याल रखें। कुछ भी खाने से पहले हाथों को साबुन और पानी से साफ करें। पेट को डिटॉक्सीफाई करने के लिए सुबह गरम पानी में नींबू का रस मिलाकर पिएं। फल या सब्जी को खाने से पहले भी अच्छी तरह से धो लें। इस तरह आप कई तरह के इन्फेक्शन और बीमारियों से बच सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- संपूर्ण स्वास्थ्य के लिए क्यों जरूरी है पेट का स्वस्थ होना? डॉक्टर से जानें
4. बासी खाना न खाएं
गर्मी के दिनों में गट हेल्थ को बेहतर बनाने के लिए ताजा भोजन खाएं। फ्रिज से ठंडी चीजों को निकालकर खाने से बचें। इससे आपकी पाचन शक्ति कमजोर हो सकती है। गर्मी के दिनों में किसी फैन्सी या अलग डाइट को फॉलो करने की जरूरत नहीं पड़ेगी। केवल घर का बना ताजा और गरम भोजन खाने की आदत डालें। इससे गट हेल्थ धीरे-धीरे इंप्रूव होने लगेगी।
5. रोज सलाद खाएं
डायटीशियन सनाह गिल ने बताया कि गट हेल्थ को मजबूत बनाने के लिए, रोज एक प्लेट सलाद का सेवन करें। अपनी जरूरत के मुताबिक, आप मात्रा को घटा-बढ़ा सकते हैं, लेकिन सलाद के फॉर्म में फाइबर का सेवन करना जरूरी है। ताजे फल और सब्जियों में फाइबर पाया जाता है। इसके अलावा होल ग्रेन फूड्स का सेवन भी कर सकते हैं।
उम्मीद करते हैं, आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।