
Gut Health Importance In Hindi: पेट से जुड़ी समस्याएं जैसे कि एसिडिटी, गैस, ब्लोटिंग, कब्ज आदि कुछ ऐसी समस्याएं हैं, जो लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित करती हैं। लेकिन क्या आपने कभी नोटिस किया है, जब आपको पेट की कोई समस्या होती है, तब आप काफी चिड़चिड़ा महसूस करते हैं? ऐसा इसलिए होता है, क्योंकि खराब पेट या आंत का स्वास्थ्य हमारी मेंटल हेल्थ को भी प्रभावित करता है। सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य ही नहीं, अगर पेट स्वस्थ नहीं रहता है, तो यह आपके संपूर्ण स्वास्थ्य को भी प्रभावित करता है। इसलिए हेल्थ एक्सपर्ट हमेशा कहते हैं कि सेहतमंद रहने के लिए सबसे जरूरी है स्वस्थ पेट। लेकिन आजकल हम देखते हैं कि ज्यादातर लोग आए दिन पेट की समस्याओं से परेशान रहते हैं। बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वस्थ पेट और आंत के महत्व को जानने के लिए हमने यशोदा अस्पताल, हैदराबाद के डॉ. आदि राकेश कुमार (Consultant Gastroenterologist, Therapeutic Endoscopist & Endocrinologist) से बात की।
आंत और पेट का स्वस्थ होना क्यों जरूरी है- Why Gut Health Is Important
- जब हम स्वस्थ पेट की बात करते हैं, तो इसमें सबसे महत्वपूर्ण भूमिका गट माइक्रोबायोम या हमारी आंत में मौजूद बैक्टीरिया की होती है। यह पाचन को बढ़ावा देने वाले सहायक या अच्छे बैक्टीरिया और नुकसान पहुंचाने वाले यानी बुरे बैक्टीरिया के साथ ही खमीर के बीच का संतुलन होता है।
- ये सिर्फ पाचन के लिए ही नहीं, बल्कि शरीर को गंभीर रोगों से बचाने और इम्यूनिटी बढ़ाने में भी बहुत अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसा माना जाता है कि हमारा 80 प्रतिशत इम्यूनिटी सिस्टम आंत में ही होता है। साथ ही, शरीर का अधिकांश सेरोटोनिन हार्मोन भी आंत में ही बनता है।
- अगर आपका आंत स्वस्थ नहीं रहता है, तो यह आपके शरीर की रोगों और संक्रमणों से लड़ने की क्षमता को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। साथ ही, यह शरीर में हार्मोनल असंतुलन का भी कारण बनता है। इसके कारण महिलाओं में हार्मोनल असंतुलन, वजन बढ़ने, अनियमित पीरियड्स, थायराइड, पीसीओएस जैसे कई गंभीर रोगों का जोखिम बढ़ सकता है। इसके अलावा, डायबिटीज, हाई बीपी, कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोगों के जोखिम को भी बढ़ा सकता है।
- आपके द्वारा खाए जाने वाले फूड्स के बेहतर पाचन और उनसे पोषण के अवशोषण के लिए भी स्वस्थ पेट जरूरी है। इसके अलावा, शरीर से टॉक्सिन्स को नष्ट करने और मेटाबॉलिज्म को स्वस्थ रखने में भी इसकी अहम भूमिका होती है। लंबे समय तक आंत संबंधी दिक्कतें ऑटोइम्यून रोगों का कारण भी बन सकती हैं।
किन कारणों से प्रभावित होता है पेट का स्वास्थ्य
- गलत खानपान: पोषण से भरपूर आहार न लेना, अनहेल्दी फूड्स जैसे जंक, प्रोसेस्ड, मीठे, नमकीन और मसालेदार फूड आदि का अधिक सेवन। इससे आंत में बैक्टीरिया का स्तर प्रभावित होता है। यह पूरे शरीर में सूजन को ट्रिगर भी कर सकता है।
- खराब आदतें: शराब और स्मोकिंग, शारीरिक गतिविधियों की कमी या गतिहीन जीवनशैली
- तनाव लेना: तनाव भी आंत में बैक्टीरिया के असंतुलन का कारण बनता है।
- दवाओं का अधिक सेवन: एंटीबायोटिक्स और एंटासिड दवाओं का अधिक या लंबे समय तक उपयोग, आंत में विटामिन बी12 की कमी का कारण बनते हैं, जो कि कोशिकाओं के निर्माण, ब्रेन फंक्शन और एनर्जी के लिए बहुत जरूरी है। इसलिए डॉक्टर की सलाह पर ही दवाओं का सेवन करें।
All Image Source: freepik