How To Eat Tofu For Weight Loss In Hindi: टोफू को सोयाबीन के दूध से बनाया जाता है, इसलिए इसे सोयाबीन पनीर भी कहा जाता है। यह खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ बहुत पौष्टिक भी होता है। शाकाहारी और वीगन लोगों के लिए टोफू प्रोटीन का एक बेहतरीन सोर्स है। जो लोग दूध, पनीर या अंडा खाने से परहेज करते हैं, उनके लिए टोफू एक बेहतर विकल्प है। टोफू में विटामिन, अमीनो एसिड, जिंक, आयरन, पौटेशियम और आइसोफ्लेवोनीस जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। टोफू में मौजूद प्रोटीन और मिनरल्स शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं। इसके नियमित सेवन से हड्डियां मजबूत बनती हैं और ऑस्टियोपोरोसिस जैसी बीमारियों का खतरा कम होता है। टोफू में एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं, जो शरीर और त्वचा को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाते हैं। इसके अलावा, टोफू हमारे दिल के स्वास्थ्य के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। इसका सेवन करने से शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम होता है। साथ ही, वजन घटाने के लिए भी इसका सेवन फायदेमंद साबित हो सकता है। जो लोग मोटापे से परेशान हैं और वजन घटाना चाहते हैं, वे डाइट में टोफू को शामिल कर सकते हैं। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि वजन घटाने के लिए टोफू कैसे खाएं? तो आइए, आज इस लेख में मायहेल्थबडी की डाइटिशयन अंतरा देबाथ से जानते हैं कि वजन घटाने के लिए टोफू खाने के फायदे और सेवन का तरीका-
वजन घटाने में कैसे मदद करता है टोफू?
डाइटीशियन अंतरा देबनाथ बताती हैं कि टोफू एक लो-कैलोरी फूड है। इसका सेवन करने से वजन प्रबंधन में मदद मिल सकती है। दरअसल, इसमें प्रोटीन भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। इसके सेवन से आपको बार-बार भूख नहीं लगती है, जिससे आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं। टोफू एक प्लांट-बेस्ड फूड है, इसलिए इसे खाने से शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल नहीं बढ़ता है। जो लोग वजन घटाना चाहते हैं, वे इसे अपनी डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं।
वजन घटाने के लिए टोफू कैसे खाएं? - How To Eat Tofu For Weight Loss In Hindi
साल्ट एंड पेपर टोफू
अगर आपका शेड्यूल बिजी रहता है, तो आप टोफू को बहुत ही सिंपल तरीके से खा सकते हैं। इसके लिए आपको टोफू को छोटे टुकड़ों में काट लें। फिर इसके ऊपर काली मिर्च पाउडर और नमक छिड़कर खाएं। आप रोज सुबह नाश्ते में या वर्कआउट के बाद टोफू का सेवन कर सकते हैं। इसमें भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है, जो वजन कम करने के साथ-साथ मांसपेशियों के विकास के लिए भी फायदेमंद होता है।
टोफू का सलाद
वजन कम करने के लिए आप टोफू का सलाद भी खा सकते हैं। इसके लिए आप टोफू को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसमें बारीक कटा हुआ प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च, सलाद के पत्ते डालें। फिर इसमें नींबू का रस, काली मिर्च और नमक मिलाएं। अब सभी चीजों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें। आपका टोफू सलाद बनकर तैयार है। आप इसे नाश्ते या लंच में खा सकते हैं। टोफू को सब्जियों के साथ मिलाकर खाने से आपको दोगुना पोषण मिलेगा। आप इसे लंच में खा सकते हैं। इसे खाने से आपका पेट लंबे समय तक भरा हुआ रहेगा और वजन घटाने में मदद मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए इन 4 तरीकों से खाएं सोया चंक्स, तेजी से होगा वेट लॉस
टोफू स्टर फ्राई
वजन कम करने के लिए अधिकतर लोग सब्जी-रोटी छोड़कर सिर्फ उबला हुआ खाना खाने लगते हैं। जबकि, वेट लॉस के लिए आपको किसी भी फूड को पूरी तरह से छोड़ने की जरूरत नहीं है। आपको सिर्फ अपने शरीर की जरूरत के हिसाब से खाना चाहिए। अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो टोफू स्टर फ्राई खा सकते हैं। यह एक स्वादिष्ट और पौष्टिक रेसिपी है। इसके लिए आप पैन में एक चम्मच ऑलिव ऑयल गर्म करें। इसमें बारीक कटा लहसुन, प्याज, फूलगोभी, बीन्स, टमाटर, गाजर या अपनी पसंद की सब्जियों को डालें। अब पैन का ढक्क्न लगाकर सब्जियों को 4-5 मिनट तक धीमी आंच पर पकने दें। अब इसमें टोफू डालें। साथ ही, इसमें काली मिर्च पाउडर, नमक और नींबू का रस मिलाएं। 2-3 मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर लें। आप टोफू स्टर फ्राई बनकर तैयार है। इसे खाने से आपको टेस्ट भी मिलेगा और वजन घटाने में मदद भी मिलेगी।
इसे भी पढ़ें: ओट्स और दही खाने से वजन घटाने में मिल सकती है मदद, जानें रेसिपी और खाने का तरीका
अगर आप भी वजन कम करना चाहते हैं, तो इन तरीकों से टोफू का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।