गर्मी में बालों पर इन 4 तरीकों से लगाएं बेसन, बाल बनेंगे मुलायम और चमकदार

Besan For Hair: बेसन बालों से जुड़ी कई समस्याओं को दूर कर सकता है। जानें गर्मी में बालों पर बेसन कैसे लगाएं?

Priya Mishra
Written by: Priya MishraUpdated at: May 12, 2023 17:37 IST
गर्मी में बालों पर इन 4 तरीकों से लगाएं बेसन, बाल बनेंगे मुलायम और चमकदार

मलेरिया और डेंगू दिवस 2023: बुखार के कारण, लक्षण और रोकथाम गाइड - Onlymyhealth

Besan For Hair In Hindi: बेसन का इस्तेमाल आपने कढ़ी, पकौड़े और लड्डू बनाने के लिए तो जरूर किया होगा। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आप इसका इस्तेमाल बालों की देखभाल करने के लिए भी कर सकते हैं? जी हां, बेसन हमारी सेहत के साथ-साथ बालों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसमें एंटी-इन्फ्लेमेटरी, एंटी-बैक्टीरियल और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो कई तरह की हेयर प्रॉब्लम्स को दूर करने में मदद करते हैं। बेसन स्कैल्प से अतिरिक्त तेल को सोख लेता है, जिससे ऑयली बालों की समस्या दूर होती है। यह बालों की जड़ों को मजबूत बनाता है और बालों के विकास में भी मदद करता है। इतना ही नहीं, यह बालों के झड़ने, बाल पतले होने और डैंड्रफ की समस्या से भी छुटकारा दिला सकता है। इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण होते हैं, इसलिए यह गर्मी से स्कैल्प पर होने वाले संक्रमण और खुजली से बचा सकता है। बेसन बालों की ड्राइनेस को दूर करके, उन्हें मुलायम और चमकदार बनाता है। तो आइए, विस्तार से जानते हैं कि गर्मियों में बालों पर बेसन कैसे लगाएं -

गर्मियों में बालों पर बेसन कैसे लगाएं? - How To Apply Besan On Hair In Summer In Hindi

बेसन और दही 

गर्मियों में बेसन में दही मिक्स करके बालों पर लगाना काफी फायदेमंद हो सकता है। इससे स्कैल्प पर मौजूद एक्स्ट्रा ऑयल, डेड स्किन और डैंड्रफ रिमूव होंगे। साथ ही, बालों को पर्याप्त पोषण मिलेगा, जिससे बाल लंबे और घने बनेंगे। इसके लिए एक कटोरी में 2 चम्मच बेसन लें। इसमें 2 चम्मच दही और एक चम्मच नींबू का रस डालें। इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिलाएं और फिर अपने बालों पर लगाएं। आधे घंटे बाद बालों को माइल्ड शैम्पू से धो लें।

Besan-For-Hair-In-Summer

बेसन और नारियल तेल

अगर गर्मी में आपके बाल ड्राई और डल रहते हैं, तो आप बेसन में नारियल तेल मिलाकर लगा सकते हैं। नारियल तेल बालों को मॉइस्चराइज करने के साथ ही डैंड्रफ को भी दूर करता है। इसके लिए आप कटोरी में 2-3 चम्मच बेसन लें। इसमें 2 चम्मच नारियल का तेल मिलाएं। इन दोनों चीजों को अच्छी तरह मिक्स कर लें। अब इस पेस्ट को अपने बालों पर अच्छी तरह से लगा लें। करीब एक घंटे बाद बालों को माइल्ड शैम्पू से धो लें। आप सप्ताह में 2 से 3 बार बेसन और नारियल तेल का हेयर मास्क बालों पर लगा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें: रूखे-बेजान बालों को मुलायम बनाने के लिए आजमाएं बेसन से बने ये 3 हेयर मास्क

बेसन और एलोवेरा 

आप चाहें तो गर्मियों में बेसन को एलोवेरा जेल के साथ मिक्स करके बालों पर लगा सकते हैं। इसके लिए आप एक बाउल में 2-3 चम्मच बेसन लें।इसमें 2 चम्मच एलोवेरा जेल और थोड़ा सा पानी मिलाएं। इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके अपने बालों पर लगाएं। 30-45 मिनट बाद बालों को शैम्पू से धो लें। एलोवेरा जेल स्कैल्प की इर्रिटेशन और खुजली को दूर करता है। साथ ही, बालों को मजबूत और मुलायम भी बनता है।

बेसन से बाल धोएं

आप चाहें तो गर्मी में बालों को बेसन से धो भी सकते हैं। इसके लिए आप एक कटोरी में 3-4 चम्मच बेसन लें। इसमें पानी डालें और अच्छी तरह मिक्स कर लें। आप चाहें तो इसमें गुलाब जल और नींबू का रस भी मिला सकते हैं। अब इस पेस्ट को बालों और स्कैल्प पर लगाएं। 5 मिनट बाद बालों को अच्छी तरह से धो लें। बेसन बालों को साफ करने के साथ-साथ मजबूत और घना भी बनाता है। बालों को बेसन से धोने से डैंड्रफ और ड्राई हेयर की समस्या से भी छुटकारा मिलता है।

इसे भी पढ़ें: बालों में शाइनिंग ला सकता है बेसन, ट्राई करें ये स्पेशल हेयर मास्क

आप गर्मियों में इन 4 तरीकों से बेसन को बालों पर लगा सकते हैं। इससे आपको कई हेयर प्रॉब्लम्स से छुटकारा मिलेगा। हालांकि, अगर आपको कोई स्किन प्रॉब्लम या एलर्जी है, तो एक बार पैच टेस्ट जरूर कर लें।

Disclaimer