फेमस रैपर बादशाह अपने गानों को लेकर हमेशा सुर्खियों में बने रहते हैं। उनका बोल्ड अंदाज और गानों की लिरिक्स लोगों को हमेशा से उनका दीवाना बनाती आई है। हाल ही में आए उनके गाने ‘सनक’ पर भी फैंस खूब प्यार बरसा रहे हैं। लेकिन जिस तरह हर सफलता के पीछे एक कहानी छिपी होती है, उसी तरह बादशाह ने भी अपनी सफलता गंभीर डिप्रेशन से निकलकर हासिल की है। क्या कभी किसी ने सोचा होगा कि कैमरे पर मुस्कुराता यह चेहरा कभी दर्दनाक एहसास से भी गुजरा होगा? बादशाह की परेशानी से बाहर निकलने की जर्नी सभी के लिए प्रेरणा का सबक रही है। आइए ओनलीमायहेल्थ की इस स्पेशल मेंटल हेल्थ सीरीज के जरिए आपको बताएं बादशाह की डिप्रेशन और एंग्जायटी से बाहर आने की कहानी।
Saturday Saturday Song के बाद हुए डिप्रेशन का शिकार
बादशाह ने रेडियो सिटी को दिये एक इंटरव्यू में बताया कि साल 2012 में उनका गाना Saturday Saturday रिलीज हुआ था, जिसके बाद से ही उन्हें एंग्जायटी की समस्या होने लगी। इस समस्या में वह खुद को इतना ज्यादा खो चुके थे कि उनको अपने साथ हो रही चीजों का पता तक नहीं चल पा रहा था। वह अक्सर बैचेन, परेशान रहते थे और उनके मन में सुसाइड के ख्याल भी आते रहते थे।
इंटरव्यू में उन्होंने आगे बताया कि उनकी इस समस्या से बाहर आने में उनके परिवार का बहुत बड़ा हाथ रहा। बदला हुआ व्यवहार देखकर परेिवार ने उन्हें डॉक्टर से संपर्क कराया, जिसके बाद उनके बाइपोलर डिसऑर्डर से ग्रस्त होने का पता चला। डिसऑर्डर का पता लगने के बाद उनका 6 महीने तक दवाओं के जरिए इलाज किया गया। इस पर आगे बात करते हुए बादशाह ने बताया कि परिवार के जरिए समस्या से बाहर आने में मदद मिली। वहीं, म्यूजिक और खासकर लिखने के कारण जिंदगी बच पाई।
बाइपोलर डिसऑर्डर से ग्रस्त होने के कारण बादशाह को इन चीजों का सामना करना पड़ा। इस डिसऑर्डर पर विस्तार से बात करते हुए सर गंगाराम हॉस्पिटल की सीनियर क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ. आरती आनंद ने समस्या और इसके लक्षणों पर खुलकर बात की है। आइए लेख में आगे जानें इस बारे में।
इसे भी पढ़े- हफ्तों-महीनों तक उदास या खुश रहना बाइपोलर डिसऑर्डर के हैं संकेत, जानें ऐसी स्थिति में क्या करें
बाइपोलर डिसऑर्डर क्या है- What Is Bipolar Disorder
बाइपोलर डिसऑर्डर एक प्रकार की मानसिक स्थिति है, जिसमें व्यक्ति अपनी मानसिक स्थिति पर खुद कंट्रोल नहीं रख पाता है। इस समस्या से ग्रस्त व्यक्ति के मूड में बार-बार बदलाव आता रहता है, जो डिप्रेशन की समस्या का कारण भी बन सकता है। अगर इस समस्या के कारणों पर बात की जाए, तो अधिकतर मामलों में इसकी मुख्य वजह का पता नहीं चल पाता है। लेकिन अगर व्यक्ति लंबे समय से तनाव से गुजर रहा है, तो उसके लिए बाइपोलर डिसऑर्डर का जोखिम हो सकता है।
बाइपोलर डिसऑर्डर के लक्षण- Symptoms of Bipolar Disorder
बाइपोलर डिसऑर्डर के लक्षणों पर खुलकर बात करते हुए डॉ. आरती आनंद ने बताया कि इस समस्या से ग्रस्त व्यक्ति में अक्सर ये खास लक्षण देखे जा सकते हैं -
- अधिकतर समय चिड़चिड़ा महसूस करना और कहीं मन न लगना।
- नींद न आना या सोने में बार-बार परेशानी होना।
- अक्सर एनर्जी की कमी और थकावट महसूस करना
- किसी काम में ध्यान न लगा पाना और फोकस करने में परेशानी होना।
- हमेशा सोच में डूबे रहना और मन में अजीब-अजीब बातें चलना।
- खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करना और बेचैन रहना।
इसे भी पढ़े- मूड स्विंग्स या बाइपोलर डिसऑर्डर की समस्या में फायदेमंद होते हैं ये 4 योगास
बादशाह ने बताए डिप्रेशन से बाहर आने के तरीके
बादशाह ने इंस्टा लाइव के जरिए अपने डिप्रेशन पर बात की थी, जिसमें उन्होनें डिप्रेशन से बाहर निकलने का आसान तरीका बताते हुए कहा, “उन लोगों के साथ रहें, जो आपको खुशी देते हैं। जिन लोगों के साथ आपको खुशी नहीं होती या घुटन महसूस होती है, उनसे दूर हो जाएं। कोई इंसान इतना बड़ा नहीं है, जो आपको खुश रहने से रोक सके। इसके साथ ही अपने परिवार और करीबी लोगों पर भरोसा रखें और अपने पैशन को फॉलो करें।”
डॉ आरती आनंद ने बाइपोलर डिसऑर्डर से बाहर आने के लिए कुछ टिप्स पर बात की है -
लाइफस्टाइल में करें बदलाव
एक्सपर्ट के मुताबिक यह समस्या खराब लाइफस्टाइल के कारण ज्यादा बढ़ सकती है। इसलिए अपने लाइफस्टाइल में बदलाव जरूर करें। समय पर सोने और समय से उठने से आपको तनाव से बाहर आने में मदद मिल पाएगी।
खानपान को न करें नजरअंदाज
अक्सर लोग डिप्रेशन की समस्या में खानपान से मुंह मोड़ना शुरू कर देते हैं। यही गलती समस्या को ज्यादा बढ़ने का कारण बन सकती है। इसलिए अपनी दवाओं के साथ डाइट पर विशेष ध्यान दें।
डॉक्टर से करते रहें संपर्क
अपनी दवाएं और थेरेपी समय से लेते रहें और अपने डॉक्टर से संपर्क भी बनाए रखें। कोई भी परेशानी होने पर डॉक्टर से तुरंत संपर्क करें और अपनी परेशानी पर खुलकर बात करें।
ओनलीमायहेल्थ की स्पेशल सीरीज 'मेंटल हेल्थ मैटर्स' में हम कुछ ऐसी ही कहानियां आपके साथ शेयर कर रहे हैं, ताकि आप हर परिस्थिति के लिए मानसिक तौर पर तैयार रहें। इस सीरीज में हम आपके साथ टीवी, सोशल मीडिया और बड़े पर्दे के स्टार द्वारा फेस की गई मेंटल प्रॉब्लम्स और उन्होंने उससे कैसे छुटकारा पाया, इसके बारे में बताएंगे।