सर्दियों का मौसम जितना सुहावना लगता है, उतना ही ठंड से भी परेशान होना पड़ता है। इस मौसम में लोगों को कई तरह की स्वास्थ्य समस्याओं से भी जूझना पड़ता है। सर्दियों में जोड़ों के दर्द की समस्या बढ़ती है। साथ ही, हृदय रोगों का जोखिम भी बढ़ जाता है। सर्दियों में शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर पड़ जाती है। खासकर, इस मौसम में छोटे बच्चों की इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है। इसकी वजह से छोटे बच्चों को सर्दी-खांसी और कफ की समस्या से ज्यादा परेशान होना पड़ता है। फेफड़ों में जमा कफ छोटे बच्चों को परेशान कर सकता है। इसकी वजह से उन्हें खांसी और उल्टी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। ऐसे में गले की खराश परेशान कर सकती है। अगर आपके बच्चे को भी कफ की समस्या हो रही है, तो आप इन घरेलू उपायों को आजमा सकते हैं। आइए, आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा से जानते हैं-
छोटे बच्चों का कफ निकालने के लिए घरेलू उपाय
1. बच्चे को शहद खिलाएं
अगर सर्दियों में आपके बच्चे के फेफड़ों या छाती में बलगम जमा गया है, तो आप उसे शहद चटा सकते हैं। शहद में एंटी-बैक्टीरिया और एंटी इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो इंफेक्शन से बचाते हैं। शहद सर्दी-खांसी और गले की खराश में भी आराम दिलाता है। शहद छाती से कफ को निकालने में मदद करता है। इससे जुकाम में भी आराम मिलता है। कफ होने पर आप बच्चे को 3-4 बार शहद खिला सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- छाती में जमा कफ निकालने में मदद करेंगे ये 5 घरेलू उपाय
2. बच्चे को अदरक का रस पिलाएं
अदरक का रस सेहत के लिए बेहद फायदेमंद होता है। अदरक के रस में मौजूद गुण सर्दी-जुकाम में आराम दिलाता है। सर्दियों में फेफड़ों में जमा कफ निकालने के लिए भी अदरक के रस का इस्तेमाल किया जा सकता है। इसके लिए आप अदरक का टुकड़ा लें। इसका रस निकालें और फिर बच्चे को पिला दें। अदरक का रस पिलाने से बलगम आसानी से निकल जाता है। साथ ही, गले की खराश में भी आराम मिलता है।
3. कालीमिर्च
कालीमिर्च की तासीर बेहद गर्म होती है। कालीमिर्च में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं, जो गले के इंफेक्शन को कम करने में मदद करते हैं। इसके लिए आप कालीमिर्च का पाउडर लें। अब बच्चे को इस पाउडर को शहद में मिलाएं और बच्चे को चटा लें। इससे सर्दी-खांसी और जुकाम में आराम मिलेगा। साथ ही, फेफड़ों और छाती में जमा बलगम भी बाहर निकल जाएगा। दिन में 2-3 बार कालीमिर्च का पाउडर देने से बच्चे को काफी आराम मिलेगा।
इसे भी पढ़ें- गले में जमा कफ बाहर निकालने में मदद करेंगे ये 5 घरेलू उपाय
4. लौंग का पानी
कफ या बलगम को निकालने के लिए आप लौंग के पानी का भी इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए आप एक गिलास पानी में 2-3 लौंग डालें और इसे उबाल लें। अब इस पानी को छानकर बच्चे को पिला लें। 1-2 चम्मच लौंग का पानी पीने से भी बच्चे के कफ को निकालने में काफी मदद मिलेगी।
5. नमक के पानी से गरारे करवाएं
सर्दियों में अगर बच्चे की छाती में कफ जमा हो गया है, तो इसके लिए आप उसे नमक के पानी से गरारे करवा सकते हैं। इससे कफ आसानी से निकल जाता है और खांसी में भी आराम मिलता है। अगर बच्चा ज्यादा छोटा है, तो उसे कुल्ला करवाया जा सकता है।