कई बार लोगों के दिन की शुरुआत तो अच्छी होती है, लेकिन दिन आते-आते व्यक्ति का शरीर टूटने लगता है या कमजोरी महसूस होने लगती है। कई बार लोग यह बात नहीं समझ पाते हैं कि बिना ज्यादा काम किए शरीर टूटने क्यों लगता है? आइए इस बारे में Dr. Aravinda S N, Lead Consultant - Internal Medicine, Aster RV Hospital, Bengaluru से जानें।
बिना काम किए शरीर थका हुआ क्यों महसूस होता है?
डॉ. अरविंद के अनुसार, बहुत कम शारीरिक रूप से काम करने के बाद दोपहर तक थकान महसूस होना एक आम समस्या है। ऐसा कई कारणों से हो सकता है, जैसे कि ठीक से नींद न आना, खाने-पीने का अनियमित समय, डिहाइड्रेशन (पानी की कमी), स्ट्रेस और कोई छिपी हुई स्वास्थ्य समस्या। कभी-कभार होने वाली थकान चिंता की बात नहीं है, लेकिन लगातार रहने वाली थकान को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
पर्याप्त नींद न लेना
दोपहर के समय थकान महसूस होने का एक सबसे आम कारण है, अपर्याप्त या खराब गुणवत्ता वाली नींद। भले ही कोई व्यक्ति बिस्तर पर काफी समय बिताता हो, लेकिन बार-बार नींद टूटना, सोने का अनियमित समय या नींद से जुड़ी कोई समस्या होने पर व्यक्ति को ताजगी महसूस नहीं होती है।
शरीर की नेचुरल सर्कैडियन रिदम के कारण भी दोपहर के समय अलर्टनेस में थोड़ी कमी आती है, जिससे नींद या सुस्ती महसूस हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: महिलाओं में लगातार थकान क्यों रहती है? जानें इसके पीछे के 7 बड़े कारण
खान-पान की खराब आदतें
खान-पान की आदतें भी एनर्जी के स्तर को प्रभावित कर सकती हैं, जैसे- नाश्ता छोड़ना, दोपहर का खाना देर से खाना या ऐसा खाना खाना जिसमें रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट ज्यादा हों और प्रोटीन व फाइबर कम हों। इन सब से एनर्जी के स्तर में उतार-चढ़ाव आ सकता है और भूख ज्यादा लग सकती है।
ऐसे में साबुत अनाज, सब्जियां, प्रोटीन और हेल्दी फैट्स से भरपूर बैलेंस डाइट लेने से दिनभर एनर्जी बनी रह सकती है।
why your body feels exhausted by afternoon even without doing heavy work main
डिहाइड्रेशन के कारण
डिहाइड्रेशन यानी शरीर में पानी की कमी भी इसका एक कारण हो सकती है। शरीर में पानी की कमी, खासकर गर्म मौसम में, थकान, सिरदर्द और किसी काम में ध्यान लगाने में परेशानी का कारण बन सकती है। इसलिए, दिनभर नियमित रूप से पानी पीते रहना जरूरी है।
बिना काम किए थकान महसूस होने के अन्य कारण
बिना काम किए शरीर में थकान होने के अन्य कारणों में लंबे समय तक एक ही जगह बैठे रहना, फिजिकल एक्टिविटीज की कमी, मानसिक तनाव और बहुत ज्यादा कैफीन (जैसे कॉफी) का सेवन शामिल है, खासकर तब जब इससे नींद में खलल पड़ता हो। इसके अलावा, एनीमिया (खून की कमी), थायराइड की समस्या, डायबिटीज, इंफेक्शन और नींद से जुड़ी कुछ बीमारियां भी लगातार थकान का कारण बन सकती हैं।
क्या कहती है स्टडी?
साल 2005 में Clinics in Sports Medicine में प्रकाशित स्टडी के अनुसार, एंडोजेनस सर्कैडियन पेसमेकर हमारे शरीर की वह इंटरनल सर्कैडियन रिदम है, जो शरीर के तापमान और हार्मोन (मेलाटोनिन) की तरह हमारी मानसिक और शारीरिक कार्यक्षमता को दिनभर नियंत्रित करती है, जबकि नींद की हिस्ट्री यह बताती है कि आप जागने के बाद से कितना समय बिता चुके हैं और आपकी पिछली नींद की अवधि व गुणवत्ता कैसी थी।
इसे भी पढ़ें: दिनभर थकान क्यों रहती है? डेली रूटीन की ये 7 गलतियां हो सकती हैं कारण
थकान को दूर करने के लिए क्या करें?
डॉ. अरविंद का कहना है, दोपहर की थकान को दूर करने के लिए कुछ बातों का ध्यान रखा जा सकता है।
- सोने का एक निश्चित समय रखें
- बैलेंस डाइट लें
- शरीर में पानी की मात्रा बनाए रखें
- लंबे समय तक बैठे रहने के दौरान बीच-बीच में थोड़ा उठकर चलें-फिरें
- कुछ समय के लिए एनर्जी पाने के लिए मीठे स्नैक्स या बार-बार कॉफी पीने पर निर्भर न रहें
डॉक्टर से सलाह कब लें?
अगर थकान अक्सर होती है, कई हफ्तों तक बनी रहती है या आपके डेली रूटीन के कामों में रुकावट डालती है, तो डॉक्टर से सलाह लें। अगर थकान के साथ सीने में दर्द, सांस लेने में तकलीफ, बेहोशी या अचानक कमजोरी महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं, क्योंकि डॉक्टर आपके लक्षणों की जांच कर सकते हैं और आपकी मेडिकल हिस्ट्री के आधार पर जरूरी टेस्ट या जांच की सलाह दे सकते हैं।
निष्कर्ष
बिना काम किए दोपहर में थकान महसूस होने की समस्या पर्याप्त नींद न आने, खान-पान की खराब आदतें, शरीर में पानी की कमी, स्ट्रेस, फिजिकल एक्टिविटी की कमी, सिरदर्द, थकान, मानसिक तनाव, ज्यादा कैफीन, एनीमिया, थायराइड, डायबिटीज, इंफेक्शन और नींद से जुड़ी बीमारियों के कारण हो सकती है।
ऐसे में इस समस्या से बचने के लिए सोने का टाइम फिक्स करें, बैलेंस डाइट लें, पर्याप्त पानी पिएं, लंबे समय तक बैठे रहने से बचें, बीच-बीच में थोड़ा उठकर चलें-फिरें और शॉर्ट टर्म एनर्जी के लिए मीठे स्नैक्स न खाएं, लेकिन ध्यान रहे, थकान की यह स्थिति अगर लंबे समय तक बनी रहती है, तो तुरंत डॉक्टर से सलाह लें।
All Images Credit- Freepik
FAQ
हर समय थकान क्यों महसूस होती है?
हर समय थकान होने की समस्या शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने, थायराइड असंतुलन, एनीमिया, नींद की समस्या, मानसिक स्ट्रेस, डिप्रेशन, ब्लड शुगर, बैलेंस डाइट, फिजिकल एक्टिविटी और दिल से जुड़ी समस्याओं के कारण हो सकती है।नींद की कमी से क्या होता है?
नींद की कमी के कारण व्यक्ति को फोकस करने में परेशानी, मूड में बदलाव, मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर होने, मेटाबॉलिक सिस्टम, इम्यूनिटी कमजोर होने, हार्ट से जुड़ी समस्या और नर्वस सिस्टम से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 28, 2026 17:53 IST
Published By : Priyanka Sharma
Reviewed By : Dr. Aravinda S N
